पहले दिन चली टीम इंडिया की फिरकी, झटक लिए 8 विकेट
वेस्टइंडीज में टेस्ट सीरीज से पहले खेले जा रहे अंतिम अभ्यास मैच के पहले दिन के खेल की खास बात यह रही कि टीम इंडिया के फिरकी गेंदबाजों ने कमाल दिखाते हुए मेजबान टीम को सस्ते में समेट दिया।
हालांकि भारतीय गेंदबाजों के शानदार खेल के बाद बल्लेबाज उस लय को बनाए नहीं रख सके और दिन का खेल खत्म होने तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। खेल खत्म होने के समय तक भारत ने 3 विकेट पर 93 रन बना लिए थे, जबकि क्रीज पर लोकेश राहुल (30) और कप्तान विराट कोहली (0) खेल रहे थे।
आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज रहे मुरली विजय (23), शिखर धवन (9) और चेतेश्वर पुजारा (28)। पुजारा दिन की अंतिम गेंद पर आउट हुए। पुजारा के आउट होने के बाद खेल को खत्म कर दिया गया। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने नई गेंद का फायदा उठाते हुए भारत के 3 विकेट जल्दी-जल्दी झटक लिए।
इससे पहले वेस्टइंडीज बोर्ड प्रेसिडेंट एकादश की टीम 63 ओवर के अंदर 180 रन पर आउट हो गई थी।
मोहम्मद शमी ने डाले सिर्फ 5 ओवर, फिटनेस पर संशय बरकरार
3 दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन के खेल की खास बात यह रही कि भारतीय फिरकी गेंदबाजों ने जमकर गेंदबाजी की जिसमें रविंद्र जडेजा काफी किफायती गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 13 ओवर में महज 16 रन दिए और 3 विकेट भी झटक लिए। हालांकि टीम के नंबर वन गेंदबाज अश्विन थोड़े महंगे साबित हुए क्योंकि अपने 19.5 ओवर में 62 रन दिए।
मैच में भारतीय फिरकी गेंदबाजों की तिकड़ी रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा और अमित मिश्रा ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए वेस्टइंडीज बोर्ड प्रेसिडेंट एकादश के बल्लेबाजों की नहीं चलने दी और उनको उनके ही घर में महज 62.5 ओवर में 180 रनों पर समेट दिया।
टेस्ट सीरीज से पहले के अंतिम अभ्यास मैच में भारत की नजर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की फिटनेस चेक करने पर थी और दिन की सुबह वह गेंदबाजी करने उतरे लेकिन सिर्फ 5 ओवर ही डाले और इसके बाद फिर गेंदबाजी नहीं की।
अश्विन और जडेजा के खाते में 3-3 विकेट गए तो मिश्रा ने 2 विकेट हासिल किए। शर्दूल ठाकुर और स्टुअर्ट बिन्नी को 1-1 विकेट मिला।