विश्वकप 2019 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। जैसे-जैसे क्रिकेट के इस महाकुंभ के शुरू होने की तारीख नजदीक आती जा रही है, ठीक वैसे-वैसे अटकलों का बाजार भी गर्म हो रहा है। अभी गुरुवार को ही आईसीसी के सीईओ डेविड रिचर्डसन ने भारत को इस खिताब का प्रबल दावेदार बताया था।
विश्वकप से ठीक पहले टीम इंडिया की होगी अग्निपरीक्षा, पता लगेगा कितने तैयार हैं हम?
कब होंगे मैच
30 मई से इंग्लैंड में शुरू होने वाले विश्वकप में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को दो-दो वॉर्मअप मैच खेलने हैं। ये मैच 24 से 28 मई के बीच होंगे। आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा 'ये मैच 24 से 28 मई के बीच खेले जाएंगे जो ब्रिस्टल, कार्डिफ, हैंपशर बाउल और द ओवल के मैदान पर आयोजित होंगे।'
नहीं मिलेगा वन-डे का दर्जा
24 से 28 मई के दौरान पांच दिनों तक ये अभ्यास मैच खेले जाएंगे। अभ्यास मैच 50 ओवर्स का होगा लेकिन इसे वन-डे का आधिकारिक दर्जा नहीं मिलेगा। मैच के दौरान टीमें अपने सभी 15 खिलाड़ियों को क्षेत्ररक्षण के लिए मैदान में उतार सकती है।
न्यूजीलैंड-बांग्लादेश से इस दिन होगी भिडंत
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 25 मई को ओवल में और बांग्लादेश के खिलाफ 28 मई को कार्डिफ में अभ्यास मैच खेलेगी। भारतीय टीम विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को साउथैम्पटन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी।
अभ्यास मैच के शिकार
अभ्यास मैच के तय कार्यक्रम के अनुसार, 24 मई को ब्रिस्टल में पाकिस्तान का सामना अफगानिस्तान से और वेल्स में श्रीलंका का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। 25 मई को हैम्पशायर में इंग्लैंड के सामने ऑस्ट्रेलिया और ओवल में भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती होगी।
26 मई को ब्रिस्टल में दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज से और वेल्स में पाकिस्तान बांग्लादेश से भिड़ेगा। 27 मई को हैम्पशायर में ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत श्रीलंका से और ओवल में इंग्लैंड का सामना अफगानिस्तान से होगा। अंतिम दिन 28 मई को ब्रिस्टल में वेस्टइंडीज न्यूजीलैंड से और वेल्स में भारत बांग्लादेश से अभ्यास मैच खेलेगा।