फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India Women vs South Africa Women, 2nd ODI Live Score, Smriti Mandhana scored 7th century, equals Mithali Raj

IND vs SA: स्मृति मंधाना ने लगातार दूसरा शतक जड़ा, ऐसा करने वाली पहली भारतीय, मिताली की इस मामले में की बराबरी

Wed, 19 Jun 2024 08:50 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 19 Jun 2024 08:50 PM IST
सार

मंधाना का यह वनडे करियर का सातवां शतक रहा। उन्होंने दिग्गज मिताली राज के वनडे में सात शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की। वह अब मिताली के साथ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली भारतीय खिलाड़ी के मामले में शीर्ष पर हैं।

विज्ञापन
India Women vs South Africa Women, 2nd ODI Live Score, Smriti Mandhana scored 7th century, equals Mithali Raj
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : BCCI

विस्तार

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। इस मैच में स्मृति मंधाना ने शतक जड़ा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले वनडे में भी उन्होंने 117 रन की पारी खेली थी। अब लगातार दूसरा शतक जड़कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। मंधाना ने 120 गेंद में 18 चौके और दो छक्के की मदद से 136 रन की पारी खेली। वहीं, उपकप्तान के अलावा कप्तान हरनप्रीत कौर ने भी शतक लगाया। वह 88 गेंद में नौ चौके और तीन छक्के की मदद से 103 रन बनाकर नाबाद रहीं। इन दो शतक की बदौलत भारत ने 50 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 325 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 50 ओवर में छह विकेट पर 321 रन बना सकी। भारत ने चार रन से मुकाबला जीत कर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहला वनडे भारत ने 123 रन से अपने नाम किया था।
विज्ञापन


दक्षिण अफ्रीका की पारी
326 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरुआत खराब रही थी। ताजमिन ब्रिट्स पांच रन, एनेक बोश 18 रन और सुने लूस 12 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान एल वोल्वार्ड्ट और मारिजाने कैप ने शतक जड़े। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 184 रन की साझेदारी निभाई। कैप 94 गेंद में 11 चौके और तीन छक्के की मदद से 114 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, नडिन डी क्लर्क 28 रन और नोनदुमिसो खाता खोले बिना पवेलियन लौटीं। वोल्वार्ड्ट 135 गेंद में 135 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए। भारत की ओर से पूजा वस्त्राकर और दीप्ति शर्मा को दो-दो विकेट मिले। वहीं, अरुंधति रेड्डी और मंधाना को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन

मंधाना ने बनाया खास रिकॉर्ड
इससे पहले मंधाना वनडे में लगातार दो शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी और ओवरऑल 10वीं महिला खिलाड़ी बनी थीं। इन 10 खिलाड़ियों ने मिलकर 11 बार ऐसा किया है। मंधाना से पहले एमी सैथटरवेट, जिल केन्नारे, डेबोरा हॉकी, केएल रॉन्टन, मेग लैनिंग, टैमी ब्यूमोंट, एलिसा हीली, नेट शीवर ब्रंट और एल वोल्वार्ड्ट ऐसा कर चुकी हैं।
विज्ञापन

मंधाना ने इस मामले में की मिताली की बराबरी
मंधाना का यह वनडे करियर का सातवां शतक रहा। उन्होंने दिग्गज मिताली राज के वनडे में सात शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की। वह अब मिताली के साथ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली भारतीय खिलाड़ी के मामले में शीर्ष पर हैं। यह भी गौर करने वाली बात है कि मंधाना ने ये सात शतक 84 वनडे पारियों में लगाए हैं। वहीं, मिताली को इसके लिए 211 वनडे पारियां खेलनी पड़ी थीं। मंधाना के सातों शतक ओपनिंग करते हुए आए हैं। इससे पहले भारत की किसी भी ओपनर ने दो से ज्यादा शतक नहीं लगाए थे। मंधाना की 136 रन की पारी वनडे में किसी भारतीय महिला खिलाड़ी द्वारा भारतीय सरजमीं पर उच्चतम स्कोर है।

वनडे में सबसे ज्यादा शतक (भारतीय महिला खिलाड़ी)
खिलाड़ी शतक
स्मृति मंधाना 7
मिताली राज 7
हरमनप्रीत कौर 6
पूनम राउत 3
विज्ञापन

हरमनप्रीत का छठा वनडे शतक
मंधाना के अलावा कप्तान हरमनप्रीत ने वनडे करियर का छठा शतक जड़ा। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम को 38 के स्कोर पर पहला झटका लगा था। शेफाली वर्मा 38 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुई थीं। वहीं, हेमलता ने 24 रन की पारी खेली। इसके बाद मंधाना ने हरमनप्रीत के साथ मिलकर 171 रन की साझेदारी निभाई। मंधाना को मलाबा ने पवेलियन भेजा। इसके बाद हरमनप्रीत ने ऋचा घोष के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। ऋचा 13 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद रहीं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मलाबा ने दो विकेट लिए, जबकि क्लास को एक विकेट मिला।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

दक्षिण अफ्रीका: एल वोल्वार्ड्ट (कप्तान), तजमिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, सुने लूस, मारिजाने कैप, नादिन डी क्लर्क, नोंडुमिसो शंगासे, मेइक डी रिडर (विकेटकीपर), मसाबाता क्लास, नॉनकुलुलेको मलाबा, अयाबोंगा खाका।

भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, दयालन हेमलता, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, आशा शोभना।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed