फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India Women vs England Women Test Live Cricket Score, Commentary; IND W vs ENG W Live Updates Scorecard Hindi

IND W vs ENG W: इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने पहले दिन बनाए 410 रन, चार बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक

Thu, 14 Dec 2023 07:18 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नवी मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नवी मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 14 Dec 2023 07:18 PM IST
सार

India Women vs England Women: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच की शुरुआत गुरुवार (14 दिसंबर) को हुई। टी20 सीरीज 2-1 से गंवाने के बाद हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम इंडिया टेस्ट में इंग्लैंड को हराने उतरी है।

विज्ञापन
India Women vs England Women Test Live Cricket Score, Commentary; IND W vs ENG W Live Updates Scorecard Hindi
शुभा और जेमिमा - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

तकरीबन दो साल बाद टेस्ट मैच खेलने उतरीं बेटियों ने इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले ही दिन रनों का अंबार लगा दिया। चार अर्धशतक और दो शतकीय साझेदारियों की बदौलत भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 410 रन बना डाले। यह महिला टेस्ट इतिहास का किसी एक टीम की ओर से एक दिन में बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। एक दिन में सबसे बड़ा स्कोर 88 साल पहले इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 431 रन बनाया था। यही नहीं यह भारतीय धरती पर बनाया गया किसी भी टीम का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 1984 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 525 रन बनाए थे। सतीश शुभा और जेमिमा रोड्रिग्स ने महिला टेस्ट में पदार्पण किया और दोनों ने ही अर्धशतक लगाए।
विज्ञापन

शुभा ने दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया
हरमनप्रीत कौर ने डीवाई पाटिल पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। 47 के स्कोर तक स्मृति मंधाना (17) और शैफाली वर्मा (19) के विकेट गिर गए। यहां से शुभा और जेमिमा ने 142 गेंद में 115 रन की साझेदारी की। शुभा ने तो 49 गेंद में अर्धशतक भी पूरा कर लिया। यह किसी भी भारतीय महिला टेस्ट क्रिकेटर का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। भारत की संगीता डाबिर के नाम के 40 गेंद में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड है। शुभा ने 76 गेंद में 13 चौकों की मदद से 69 रन बनाए। इसके बाद जेमिमा 99 गेंद में 11 चौकों की मदद से 68 रन बनाकर बेल की गेंद पर बोल्ड हुईं।

विज्ञापन


हरमनप्रीत-यस्तिका ने 116 रन की साझेदारी की
190 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और यस्तिका भाटिया ने 116 रन की साझेदारी कर डाली। हरमनप्रीत 49 रन पर थीं, लेकिन अपनी लापरवाही के चलते वह रनआउट हुईं। वह चहलकदमी कर रही थीं और उन्होंने क्रीज में बल्ला नहीं रखा था। वायट की थ्रो स्टंप पर लगी, जिसमें उनका बल्ला लाइन से बाहर निकला। इसके बाद यस्तिका भाटिया भी 88 गेंद में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुईं। यह उनका महिला टेस्ट में पहला अर्धशतक रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन
दीप्ति नेे टेस्ट में लगाता तीसरा अर्धशतक
भारत के छह विकेट 313 रन पर गिर गए थे। लग रहा था कि इंग्लैंड पारी को जल्द समेट देगा, लेकिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को स्नेह राणा का साथ मिल गया। इस जोड़ी ने इंग्लैंड की गेंदबाजों को जमकर छकाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की। खेल समाप्त होने से कुछ देर पहले नेट शिवर ब्रंट ने स्नेह को 30 के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। इससे पहले दीप्ति ने तीसरे टेस्ट में अपना तीसरा अर्धशतक पूूरा किया। वह खेल समाप्ति पर 95 गेंद में 60 रन बनाकर खेल रही थीं, जिसमें उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया था। उनके साथ पूजा वस्त्रकार 4 रन पर नाबाद थीं। इंग्लैंड ने दिन के निर्धारित 100 ओवर में से 94 ओवर फेंके।

संक्षिप्त स्कोर
भारत : सात विकेट पर 410 रन 94 ओवर। (शुभा 69, जेमिमा 68, यस्तिका 66, दीप्ति 60*, हरमनप्रीत 49, स्नेह राणा 30), बेल 2/64, नताली सीवर 1/25।

भारत में सर्वाधिक स्कोर

ऑस्ट्रेलिया 525 विरुद्ध भारत, 1984

भारत 410/7 विरुद्ध इंग्लैंड, 2023

भारत 400/6 विरुद्ध दक्षिण अफ्रीका, 2014

महिला टेस्ट में एक दिन में सर्वाधिक स्कोर

इंग्लैंड विरुद्ध न्यूजीलैंड 431/4, 1935

भारत विरुद्ध  इंग्लैंड 410/7, 2023

न्यूजीलैंड विरुद्ध इंग्लैंड 362/5 1996

भारत और इंग्लैंड के बीच 1986 से अब तक खेले गए 14 टेस्ट में से भारत ने सिर्फ एक गंवाया है। दोनों टीमों के बीच यह 15वां टेस्ट मैच है। पहली बार टेस्ट में भारत की कप्तानी कर रही हरमनप्रीत इस रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी। इंग्लैंड का यह सौवां टेस्ट है और भारत के खिलाफ एकमात्र जीत उसे 1995 में जमशेदपुर में मिली थी जब उसने दो रन से टेस्ट जीता था। 

टॉस में क्या हुआ?
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। भारत के लिए तीन खिलाड़ी टेस्ट में डेब्यू कर रही हैं। कर्नाटक की 24 वर्षीय बैटिंग ऑलराउंडर शुभा सतीश, जेमिमा रॉड्रिग्स और रेणुका ठाकुर टीम इंडिया के लिए टेस्ट में डेब्यू करने वाली तीन खिलाड़ी हैं। वहीं, इंग्लैंड के लिए कोई डेब्यू नहीं कर रहा। व्हाइट बॉल क्रिकेट में इंग्लिश महिला टीम के लिए ओपनिंग करने वाली सोफिया डंकले को एम्मा लैम्ब की अनुपस्थिति में टेस्ट में भी जिम्मेदारी दी गई है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा, शुभा सतीश, पूजा वस्त्राकर, रेणुका ठाकुर सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़।

इंग्लैंड: टैमी ब्यूमोंट, सोफिया डंकले, हीथर नाइट (कप्तान), नेट साइवर-ब्रंट, डेनिएल व्याट, एमी जोन्स (विकेटकीपर), सोफी एक्लेस्टोन, चार्लोट डीन, केट क्रॉस, लॉरेन फाइलर, लॉरेन बेल।

इंग्लैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ टेस्ट

भारतीय टीम को दस दिन के अंदर दो टेस्ट खेलने हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मैच के बाद 21 से 24 दिसंबर के बीच भारतीय टीम वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने आखिरी टेस्ट सितंबर 2021 में खेला था जो ड्रॉ रहा था। मंधाना ने उस मैच में 127 और 31 रन बनाए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed