महिलाओं की टीम इंडिया ने दिखाया दम, न्यूजीलैंड से कब्जाई वनडे सीरीज
लगातार दो मैचों में मिली हार के बाद जोरदार वापसी करते हुए मिताली राज की अगुवाई में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर वनडे सीरीज पर कब्जा जमा लिया है।
पांच मैचों की सीरीज के पांचवें और अंतिम वनडे मैच से पहले भारत और न्यूजीलैंड की महिला टीम ने दो-दो मैच जीतकर सीरीज में बराबरी पर थी और सीरीज पर कब्जा जमाने के लिए अंतिम मैच में जीत हासिल करना जरूरी था।
दोनों टीमों ने इस निर्णायक मैच के लिए पूरी तैयारी कर ली थी। दोनों ही दबाव में थी क्योंकि बतौर मेजबान टीम इंडिया ने सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की थी लेकिन दूसरे और तीसरे मैच में उसे हार का मुंह देखना पड़ा। हालांकि टीम ने चौथे मैच में वापसी की और सीरीज को बराबरी पर ला दिया।
बंगलुरू में खेले गए पांचवें मैच में थिरुष कामिनी के बल्ले से विजयी चौका निकलने के साथ ही भारत ने सीरीज पर 3-2 से कब्जा जमा लिया। हालांकि इस जीत का भारतीय टीम को कोई खास फायदा नहीं हुआ क्योंकि जीत के बावजूद उसे आईसीसी चैंपियनशिप के अंक नहीं मिलेंगे।
28वें ओवर में टीम इंडिया ने जीत लिया वनडे मैच
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला भारतीय गेंदबाजों ने गलत साबित करते हुए कीवी टीम को बड़ा स्कोर खड़ा नहीं करने दिया और 41 ओवर में 118 रन बनाकर आउट हो गई।
टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारत की ओर से झूलन गोस्वामी, राजेश्वरी गायकवाड़ और दिप्ती शर्मा ने 2-2 विकेट झटके।
आसान लक्ष्य के जवाब में भारत को तीसरे ओवर में स्मृति मंदानी (13) के रूप में झटका लगा हालांकि इसके बाद टीम संभल गई। ओपनर थिरुष कामिनी ने एक छोर संभालते हुए नाबाद 62 रनों की पारी खेली और दिप्ती शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 103 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को 27.2 ओवर में ही बेहद आसान जीत दिला दी।
दिप्ती ने इस मैच में आलराउंड प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी में दो सफलता हासिल की फिर इसके बाद उन्होंने नाबाद 44 रन बनाए।