भारत की निगाह क्लीन स्वीप पर, इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा वन-डे कल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले ही सीरीज पर कब्जा कर चुकी मिताली एंड कंपनी बृहस्पतिवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम वनडे जीतकर क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी। मिताली राज की अगुआई वाली भारतीय टीम ने पहले वनडे में विश्व चैंपियन इंग्लैंड को 66 रन और दूसरे मैच में सात विकेट से धोकर 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है।
इससे भी अहम यह है कि भारत ने आईसीसी महिला चैंपियनशिप में चार अहम अंक हासिल किए हैं, जिससे 2021 विश्व कप में सीधे क्वालिफाई करने की उसकी उम्मीदों को फायदा मिल सकता है। भारत के पास दो और अंक हासिल करने का मौका है। उम्मीद है कि भारत अंतिम एकादश में किसी तरह का प्रयोग नहीं करना चाहेगा। नए कोच डब्ल्यूवी रमन के मार्गदर्शन में भारत ने विजयी लय हासिल कर ली है।
रंग में हैं मंधाना और मिताली
सलामी बल्लेबाज और आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं। दूसरे मैच में उन्होंने 63 रन की पारी खेली। वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली अनुभवी मिताली ने पिछले दो मैचों में 44 और 47 रन की प्रभावी पारियां खेली। मंधाना और कप्तान मिताली अपनी इस फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगी।
पूनम ने दी मध्यक्रम को मजबूती
अनुभवी पूनम राउत को हरलीन देओल पर तरजीह देते हुए टीम में वापसी का मौका दिया गया और उन्होंने 32 रन की उपयोगी पारी खेलकर अपने चयन को सही साबित किया। पूनम की मौजूदगी से मध्यक्रम की समस्या कुछ हल हुई है। लेकिन उन्हें और ओपनर जेमिमा रोड्रिग्स को अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने की जरूरत है। दीप्ति शर्मा, मोना मेशराम और विकेटकीपर तानिया भाटिया को भी शीर्ष क्रम के विफल रहने पर उपयोगी पारियां खेलने की जरूरत है।
गेंदबाजों ने भी छोड़ा प्रभाव
भारतीय गेंदबाजों ने भी प्रभावित किया है। अनुभवी झूलन गोस्वामी और शिखा पांडे क्रमश: पांच और छह विकेट झटककर विरोधी टीम को परेशान करने में सफल रही हैं। इंग्लैंड को दीप्ति, पूनम और एकता की स्पिन तिकड़ी का सामना करने में भी दिक्कत हो रही है। एकता ने पहले मैच में चार विकेट चटकाए थे।
इंग्लैंड को उस समय बड़ा झटका लगा जब आलराउंडर सोफी एकलेस्टोन हाथ में फ्रैंक्चर के कारण तीसरे वनडे और बाकी दौरे से बाहर हो गईं। मेहमान टीम प्रतिष्ठा बचाने और आईसीसी चैंपियनशिप में महत्वपूर्ण दो अंक हासिल करने की कोशिश करेगी। इसके बाद गुवाहाटी में अगले महीने तीन टी-20 मैचों की सीरीज भी होनी है। आलराउंडर नताली स्किवर और कप्तान हीथर नाइट के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
टीमें
भारत: मिताली राज (कप्तान), झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया, आर कल्पना, मोनिका मेशराम, एकता बिष्ट, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव, शिखा पांडे, मानसी जोशी, पूनम राउत, हरलीन देओल।
इंग्लैंड: हीथर नाइट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, कैथरीन ब्रंट, केट क्रास, सोफिया डंकले, सोफी एकलेस्टोन, जार्जिया एल्विस, एलेक्स हार्टले, एमी जोंस, लारा मार्श, नताली स्किवर, आन्या श्रुबसोल, सारा टेलर, लारेन विनफील्ड और डैनी वाट।
समय : सुबह नौ बजे से