होल्डर के 'पंजे' से वेस्टइंडीज ने भारत को 11 रन से हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अजिंक्य रहाणे (60) और धोनी (54) की धैर्यपूर्ण पारियों के बावजूद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे वनडे में 11 रन से हार का सामना करना पड़ा। मेजबान टीम की यह सीरीज में पहली जीत है। अंतिम मैच छह जुलाई को खेला जाएगा जिसमें सीरीज का निर्णय होगा।
पहले बल्लेबाजी चुनने वाली वेस्टइंडीज की टीम ने ओपनरों इविन लुइस (35) और काइल होपन (35) की मदद से नौ विकेट पर 189 रन बनाए। भारतीय टीम 49.4 ओवरों में 178 रन पर ढेर हो गई। मेजबान टीम के कप्तान जैसन होल्डर ने 27 रन देकर पांच विकेट लिए।
भारतीय टीम की शुरुआत ही खराब हुई थी जब शिखर धवन (05) विराट कोहली (03) और दिनेश कार्तिक (02) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। धोनी ने रहाणे के साथ चौथे विकेट पर 54 रन जोड़े। रहाणे ने सीरीज में लगातार चौथी बार पचास से ज्यादा का स्कोर किया। इस मैच में उन्होंने अपना अर्द्धशतक 72 गेंदों पर पूरा किया जिसमें सात चौके शामिल थे।
रहाणे का विकेट बिशू के खाते में गया। धोनी एक छोर पर खड़े थे लेकिन केदार जाधव (10) जल्द आउट हो गए। 116 के स्कोर पर आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट चुकी थी। अंतिम आठ ओवरों में भारतीय टीम को 59 रन की दरकार थी। प्रति ओवर रनरेट सात से ज्यादा हो चुकी थी। रोस्टन चेस ने पारी के 44 वें ओवर 16 रन दिए जिसमें हार्दिक (20) ने एक छक्का भी लगाया। हार्दिक 46वें ओवर में आउट हो गए।
धीमी पारी खेलने वाले धोनी ने 108 गेंदों पर अपने पचास रन पूरे किए जिसमें महज एक चौका शामिल था। धोनी 49वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हो गए और उसके साथ ही भारतीय उम्मीदें धराशायी हो गईं थीं।
रहाणे ने की सचिन और सहवाग की बराबरी
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों हार्दिक पांड्या (3/40), उमेश यादव (3/36) और चाइनामैन कुलदीप यादव (2/31) ने शानदार गेंदबाजी कर मेजबान टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया था। मेजबान टीम के ओपनरों इविन लुइस और काइल होप ने पहले विकेट पर 57 रन जोड़े लेकिन हार्दिक पांड्या ने काइल के रूप में ब्रेकथ्रू दिलाकर विंडीज को शुरुआती झटका दिया। अपना तीसरा वनडे खेल रहे चाइनामैन कुलदीप ने विंडीज के बल्लेबाजों पर एक बार फिर कड़ा अंकुश रखा।
लुइस ने कुलदीप की गेंद पर आतिशी शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन मिडविकेट पर विराट कोहली ने उनका कैच लपक लिया। ओपनरों के आउट होने के बाद विंडीज को बड़ी साझेदारी की जरूरत थी लेकिन उनके बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के आगे आत्मविश्वास से नहीं खेल पा रहे थे। कुलदीप ने रोस्टन चेस (24) को अपनी गेंद की स्पिन से हवा में मात देकर बोल्ड कर दिया। विंडीज 31.2 ओवरों में 121 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी।
शुरुआत में मेजबान टीम अच्छी रनरेट से आगे बढ़ रही थी लेकिन दूसरे स्पैल में आए पांड्या ने विकेटकीपर शाई होप (25) को विकेट के पीछे कैच करा दिया और उसके बाद उमेश यादव ने कप्तान जैसन होल्डर (11) के रूप में मैच में अपना पहला विकेट झटका। आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद जैसन मोहम्मद (20) और रोवमैन पावेल पर जिम्मेदारी थी लेकिन पावेल को उमेश ने जडेजा के हाथों कैच करा दिया जबकि पांड्या की गेंद पर जैसन ने भी जडेजा को कैच थमा दी। एश्ले नर्स (04) उमेश का शिकार बने।
297: रन बना चुके हैं सीरीज के चार मैचों में रहाणे
रहाणे ने सीरीज में लगातार चौथी बार 50 से ज्यादा रन की पारी खेली। अजिंक्य ने पहले तीन वनडे मैचों में 62, 103 और 72 रन पारी खेली थी। इस तरह रहाणे ने सचिन तेंदुलकर और सहवाग की बराबरी की। सचिन ने इंग्लैंड में 2007 में नेटवेस्ट सीरीज में चार बार 50 से ज्यादा का स्कोर किया था। सहवाग ने 2008 में घरेलू सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।