22 साल बाद श्रीलंका का किला फतह करने उतरेगी 'विराट सेना'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विराट सेना की निगाहें श्रीलंका के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो तीसरे एवं अंतिम टेस्ट में 22 साल में पहली सीरीज जीत पर लगी हैं। 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर बनी हुई हैं। ऐसे में निर्णायक बन गए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
विराट कोहली की अगुआई में पिछले मैच में टीम इंडिया ने 278 रनों की जीत हासिल की थी। खुद कप्तान कोहली की यह पहली जीत रही अगर भारतीय टीम अंतिम टेस्ट जीतने में सफल रहती है तो बतौर कप्तान विराट पहली सीरीज भी जीतेंगे। हालांकि भारत सीरीज के पहले टेस्ट में जीत के बेहद करीब पहुंचकर मैच हार गया था।
इससे पहले भारतीय टीम ने 1993 में मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुआई में श्रीलंका में 1-0 से सीरीज जीती थी। इस बार टीम इंडिया में ज्यादातर खिलाड़ी युवा हैं और उनसे भरोसे भारत यह सीरीज जीतने की उम्मीद लगाए रखा है।
श्रीलंका टीम इस बात को लेकर बेहद चिंतित होगी कि ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पहले 2 मैचों में जो 17 विकेट लिए हैं उनमें से 12 बाएं हाथ के बल्लेबाज रहे। लगातार चार बार संगकारा उनके शिकार बने। लाहिरू थिरिमाने का विकेट उन्होंने तीन बार लिया। अगर संगकारा की जगह उपल थरंगा को उतारा जाता है तो वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। अमित मिश्रा के 12 में से 7 विकेट निचले क्रम के बल्लेबाजों के हैं। ऐसे में श्रीलंका के शीर्ष 5 बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
काम कर रही है कप्तान कोहली की रणनीति
विराट कोहली की पांच गेंदबाजों की रणनीति भी कारगर रही है। पहले दोनों टेस्ट मैचों में भारतीय टीम ने श्रीलंका के 40 विकेट लिए हैं।
ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे हैं। 9 दिन में खेले गए 2 मैचों में 8 दिन भारतीय टीम का ही दबदबा रहा है। लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने भी 12 विकेट लिए हैं।
अश्विन और अमित को तेज गेंदबाजों में इशांत शर्मा और उमेश यादव (दूसरा टेस्ट) से अच्छा सहयोग मिल रहा है। दूसरे टेस्ट में आए ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी पांचवें गेंदबाज की भूमिका में हैं।
ऐसा लगता है कि तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम वहीं टीम रखेगी जिसने पी सारा ओवल में शानदार जीत हासिल की थी। बल्लेबाजी में नंबर तीन के क्रम पर अजिंक्य रहाणे ने शतक ठोककर कप्तान विराट को राहत दी होगी क्योंकि इस नंबर पर पहले मैच में नहीं चल पाए रोहित शर्मा पांच नंबर पर ठीक कर रहे हैं। ऐसे में जबकि शिखर धवन और मुरली विजय दोनों ही चोटिल होने के कारण नहीं खेलेंगे तब चेतेश्वर पुजारा को ओपनिंग में युवा लोकेश राहुल के साथ मौका मिल सकता है।
मध्यक्रम में तो पुजारा पहले 2 टेस्ट मैचों में जगह नहीं बना सके थे। पुजारा के ओपनिंग करने से विकेटकीपर बल्लेबाज नमन ओझा को पहला टेस्ट खेलने का मौका मिल सकता है। करुण नायर शायद बैंच पर ही बैठेंगे।
कुमार संगकारा के संन्यास के बाद श्रीलंका की टीम में नंबर तीन पर उपल थरंगा को शामिल किया जा सकता है। पहले मैच में विकेट स्पिनरों के अनुकूल था तो दूसरे टेस्ट में विकेट पर थोड़ा उछाल था। इस मैच में ड्रॉ के इरादे से विकेट सपाट बनाया जा सकता है क्योंकि मेजबान टीम लगातार दूसरी सीरीज नहीं हारना चाहेगी। पिछली घरेलू सीरीज में वह पाकिस्तान से 1-2 से हार गई थी।