पाक के बाद टीम इंडिया का शिकार कर पाएगा बांग्लादेश!
इस बात में शुरुआत से ही कोई संदेह नहीं था कि टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश पर टीम इंडिया का पलड़ा हर तरह से भारी रहेगा और ऐसा हुआ भी। मगर अब वनडे क्रिकेट की चुनौती है और सभी जानते हैं कि इस प्रारूप में बांग्लादेश की टीम बड़े शिकार करती रही है।
18 जून से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को इस प्रतिद्वंद्वी से हर हाल में सतर्क रहना होगा। विशेषकर यह देखते हुए कि हाल ही में उसने पाकिस्तान का वनडे और टी-20 सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया था।
हालांकि टेस्ट की ही तरह भारत ने वनडे सीरीज के लिए भी अपनी मजबूत टीम चुनी है और वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में खिलाड़ी पूरे जोश और जुनून से मैदान पर उतरने के लिए तैयार होंगे।
लेकिन इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि अगर बांग्लादेश के पास टीम इंडिया को हराकर उलटफेर करने का कोई मौका है तो वह इसी प्रारूप में है।
पढ़ें, कुल 29 बार भिड़े भारत-बांग्लादेश मैच के नतीजे
जहां तक बात दोनों देशों के बीच आपसी भिड़ंत की है तो दोनों टीमों का कुल 29 बार आमना-सामना हुआ है, जिसमें से भारत ने 25 मुकाबलों में जीत हासिल की, जबकि बांग्लादेश ने 3 में बाजी मारी। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका।
दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में हुई थी जहां भारत ने 109 रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
हालांकि उस मैच में अंपायरों के निर्णय को लेकर बांग्लादेश ने विरोध जताया था, जिसके बाद दोनों देशों के बोर्डों के बीच कुछ खटास भी पैदा हो गई थी।
अगर धोनी एंड कंपनी को किसी उलटफेर से बचना है तो उसे यह सुनिश्चित करना होगा कि भारतीय बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा करें। ऐसा नहीं हुआ तो फिर बांग्लादेश के खिलाड़ी 260 से 280 रन तक के लक्ष्य का पीछा करने में सक्षम है। जो भी हो, इतना तो तय है कि वनडे सीरीज टेस्ट मैच की तरह एकतरफा तो बिल्कुल नहीं होगी।
नौसिखिया क्रिकेटर हैं मोहित शर्मा
भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा भले ही वर्ल्ड कप में अपनी प्रतिभा की झलक दिखा चुके हैं, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को अब भी नौसिखिया ही मानते हैं।
2013 में पदार्पण के बाद से देश के लिए 20 वनडे और 4 टी-20 मुकाबले खेल चुके मोहित ने सोमवार को यहां कहा कि वह खुद को अब भी नौसिखिया ही मानते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वह अभी भी क्रिकेट भी बारिकीयां सीख रहे है। बकौल मोहित, बांग्लादेश के खिलाफ वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई धरती में खेलना और उन्हीं की ध्ररती में खेलना दोनों अलग-अलग बात है।
भारत और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे मैचों का शेड्यूलतय हो चुका है। तीनों वनडे मैच 18, 21 और 24 जून को मीरपुर में ही खेले जाएंगे।
पढ़ें, दोनों के अपने-अपने पिछले पांच वनडे मैचों का हाल
टीम इंडिया पिछले पांच मैचों में:
26 मार्च 2015 :
सिडनी में हुए विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने 95 रन से हराया।
19 मार्च 2015 :
मेलबर्न में आयोजित विश्व कप क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश को 109 रन से दी मात।
14 मार्च 2015 :
ऑकलैंड में खेले गए विश्व कप मैच में जिम्बाब्वे को 6 विकेट से शिकस्त दी।
10 मार्च 2015 :
हैमिल्टन में हुए विश्व कप मुकाबले में आयरलैंड को 8 विकेट से हराया।
06 मार्च 2015 :
पर्थ में खेले गए विश्व कप मैच में वेस्टइंडीज को 4 विकेट से पराजित किया।
बांग्लादेश पिछले पांच वनडे मैचों में:
22 अप्रैल 2015:
मीरपुर में खेले मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।
19 अप्रैल 2015:
मीरपुर में हुए मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी।
17 अप्रैल 2015:
मीरपुर में हुए वनडे मैच में पाकिस्तान को 79 रनों से रौंदा।
19 मार्च 2015:
मेलबर्न में हुए वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारत के हाथो 109 रनों से हारा।
13 मार्च 2015:
हेमिल्टन में हुए वर्ल्ड कप के लीग मैच में न्यूजीलैंड के हाथों 3 विकेट से हार।