IND vs BAN: टी20 में पहला अर्धशतक जड़ने वाले चौथे युवा भारतीय बने नीतीश, स्पिनरों के खिलाफ बनाए इतने रन
नीतीश और रिंकू ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी हुई। नीतीश हालांकि, 34 गेंदों पर चार चौकों और सात छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए।
विस्तार
Maiden T20I Half-Century for Nitish Kumar Reddy 🔥🔥
— BCCI (@BCCI) October 9, 2024
Watch him hit two consecutive sixes off Rishad Hossain's bowling!
Live - https://t.co/Otw9CpO67y…… #INDvBAN@IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/jmq5Yt711n
नीतीश इसके साथ ही रोहित शर्मा और ऋषभ पंत जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। नीतीश ने 21 साल 136 दिन की उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक जड़ा और वह भारत के लिए खेल के सबसे छोटे प्रारूप में मेडन पचासा जड़ने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। भारत के लिए टी20 में सबसे कम उम्र में पहला अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है जिन्होंने 2007 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 साल 143 दिन की उम्र में पचासा जड़ा था। इस सूची में तिलक वर्मा दूसरे स्थान पर हैं जिन्होंने पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 साल 271 दिन की उम्र में अपना पहला अर्धशतक जड़ा था। वहीं, ऋषभ पंत ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 साल 38 दिन की उम्र में भारत के लिए टी20 का अपना पहला पचासा जड़ा था।
नीतीश ने 74 रनों की अपनी पारी में 53 रन सिर्फ स्पिनरों के खिलाफ बनाए। वह टी20 में एक पारी में स्पिनरों के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने। खेल के सबसे छोटे प्रारूप में स्पिनरों के खिलाफ किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है जिन्होंने इसी साल जिम्बाब्वे के खिलाफ स्पिनरों के विरुद्ध 65 रन बनाए थे।
भारतीय टीम ने बांग्लादेश के सामने 222 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह ने शानदार अर्धशतक जड़े जिसकी मदद से टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 221 रन बनाए। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही भारत को तीन झटके देकर टीम को मुश्किल में डाल दिया था।