उन्मुक्त की भारतीय टीम फ्लॉप, ऑस्ट्रेलिया ने 119 रनों से रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चेन्नई में त्रिकोणीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई ए ने भारत ए को 119 रनों से रौंद दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम के 335 रनों के जवाब में भारतीय टीम 42.3 ओवर में 215 रनों पर सिमट गई। भारतीय टीम की ओर से कप्तान उन्मुक्त चंद (52) और केदार जाधव (50) ने फिफ्टी लगाई। लेकिन वह नाकाफी रही। टीम के बाकी बल्लेबाज ताश के पत्ते की तरह बिखर गए।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती तीन झटके मयंक अग्रवाल (10), मनीष पांडे (11) और करुण नायर (6) के रुप में 67 रन पर गंवा दिए। इसके बाद उन्मुक्त फिफ्टी लगाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम का चौथा शिकार हुए। टीम को पांचवा और छठा झटका संजू सैमसन (11) और अक्षर पटेल (16) के रुप में लगा। केदार जाधव ने फिफ्टी लगाई और आउट हो गए। इस वक्त टीम का स्कोर महज 168 रन था। आखिर के तीन विकेट परवेज रसूल (10), करन शर्मा (20) और धवल कुलकर्णी (19) के रुप में गंवाए।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शानदार शुरुआत की। पहले विकेट के लिए कप्तान उस्मान ख्वाजा (100) और जोए बर्न्स (154) ने पहले विकेट के लिए 239 रन जोड़े। भारतीय टीम को दो सफलताएं लगातार दो ओवर में 239 रन पर ही मिली। गेंदबाजी में धवल कुलकर्णी, संदीप शर्मा, अक्षर पटेल और करुण नायर सभी को एक-एक सफलता मिली।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ऐसे ढाया कहर
एक तरफ भारतीय टीम विराट कोहली की अगुआई में गेंदबाजी के मोर्चे में श्रीलंकाई एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन कर रही है, दूसरी तरफ गैर आधिकारिक टेस्ट के बाद एकदिवसीय मुकाबले में भी भारत ए पर ऑस्ट्रेलिया ए भारी ही दिख रहा है।
इससे पहले चेतेश्वर पुजारा की कप्तानी में भारत ए गैर आधिकारिक तीन मैचों की सीरीज 1-0 से हार गई थी। इस बार भारत ए की कप्तानी उन्मुक्त चंद के जिम्मे सौंपी गई। पर यहां भी गेंदबाजी में भारतीय टीम धार नहीं दिखा सकी।
भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के बेबस नजर आए। करन शर्मा ने 5 ओवर में 58 रन लुटाए तो परवेज रसूल ने अपने 7 ओवर में 57 रन गंवाए। हालांकि संदीप शर्मा ज्यादा महंगे साबित नहीं हुए पर उनके हाथ भी सिर्फ एक ही सफलता लगी।