फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   ind vs pak asia cup t20 match analysis innings key highlights and turning points news in hindi

IND vs PAK Match Analysis: हार्दिक से हार गया पाकिस्तान, धोनी जैसी रणनीति ने कैसे दिलाई टीम इंडिया को जीत?

Mon, 29 Aug 2022 12:51 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई Published by: शक्तिराज सिंह Updated Mon, 29 Aug 2022 12:51 AM IST
सार

भारतीय गेंदबाजों ने सही मौकों पर छोटी गेंद की और शुरुआती पांच विकेट छोटी गेंद पर लिए। पाकिस्तान को 147 रन पर रोका। इसके बाद बल्लेबाजों ने धोनी वाली रणनीति अपनाई और मैच को अंत तक ले गए। पाकिस्तानी गेंदबाज दबाव में आए और गलतियां की। इसका फायदा उठाकर हार्दिक ने मैच जिता दिया।

विज्ञापन
ind vs pak asia cup t20 match analysis innings key highlights and turning points news in hindi
खेल जगत की रोचक खबर - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

एशिया कप में अपने पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने धोनी वाली रणनीति अपनाई और बल्लेबाज मैच अंत तक ले गए। इसका फायदा भारत को मिला और पाकिस्तान के युवा गेंदबाज दबाव में आ गए। नसीम शाह और हरिस रऊफ की खराब फिटनेस ने भी पाकिस्तान की लुटिया डुबोई। अंत में भारत यह मैच जीत गया। भारत को जीत के लिए आखिरी तीन ओवरों में 32 रन की जरूरत थी और भारतीय बल्लेबाजों ने दो गेंद रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। 
विज्ञापन

ind vs pak asia cup t20 match analysis innings key highlights and turning points news in hindi
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : अमर उजाला
इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारतीय गेंदबाजों ने इसे सही साबित किया। पिच का सही इस्तेमाल करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने सही मौकों पर छोटी गेंद की और शुरुआती पांच विकेट छोटी गेंद पर लिए। आमतौर पर दुबई की पिच को स्पिन गेंदबाजों के मुफीद माना जाता है, लेकिन इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाजों ने कमाल किया। भारत के लिए सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने ही लिए और पाकिस्तान को 147 के स्कोर पर रोका।



हार्दिक के तीन चौकों ने पलटा मैच
हार्दिक पांड्या ने 19वें ओवर में हरीस रऊफ की गेंदों पर तीन चौके लगाए। यहीं से दबाव भारतीय टीम से हट गया और बाकी के रन आसानी से बन गए। भारत को आखिरी 12 गेंदों में जीत के लिए 21 रन की जरूरत थी, लेकिन 19वें ओवर में हार्दिक ने 14 रन बटोर लिए और मैच भारत के पक्ष में कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पाकिस्तान पर भारी पड़ी खराब फिटनेस
पाकिस्तान की टीम पर खराब फिटनेस भारी पड़ गई। टी20 मैच में पाकिस्तान के दो अहम तेज गेंदबाज क्रैम्प से जूझते नजर आए। इसी वजह से रऊफ और नसीम शाह अपने आखिरी ओवर में प्रभावी गेंदबाजी नहीं कर पाए। दोनों ने काफी अतिरिक्त रन दिए और भारत के ऊपर से दबाव कम होता चला गया। इसी वजह से अंत के ओवरों में पाकिस्तान की टीम मैच हार गई।



ऑलराउंडर हार्दिक चमके
पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में गेंदबाजी न कर पाने वाले हार्दिक ने इस मैच में कमाल किया। उन्होंने अपने चार ओवर में 25 रन देकर तीन अहम विकेट लिए। अपने आखिरी ओवर में उन्होंने सेट रिजवान और खुशदिल शाह को आउट कर पाकिस्तानी टीम की कमर तोड़ दी। 15वें ओवर में रिजवान सहित दो विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान के आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने के उम्मीद खत्म हो गई। इसके बाद बल्ले के साथ भी उन्होंने कमाल किया। मुश्किल हालातों में बल्लेबाजी करने आए पांड्या ने 17 गेंद में 33 रन की तूफानी पारी खेली और छक्के के साथ मैच खत्म किया। 
विज्ञापन

पाकिस्तानी गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में की वापसी
भारत ने 7-15 ओवर में तीन विकेट खोकर 59 रन बनाए। इस दौरान विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव सेट होने के बाद आउट हो गए। भारत ने 54 गेंदों में सिर्फ 59 रन बनाकर विराट, रोहित और सूर्यकुमार का विकेट गंवा दिया। पाकिस्तान के लिए सभी गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। शादाब ने चार ओवर में सिर्फ 19 रन दिए। इसके बाद पाकिस्तान की टीम मैच में वापस आ चुकी थी। 



कोहली-रोहित ने रोका नसीम का तूफान
भारत के लिए 148 रन का लक्ष्य बहुत ज्यादा नहीं था, लेकिन नसीम शाह ने दूसरी ही गेंद पर केएल राहुल को आउट कर भारत को बड़ा झटका दे दिया था। इसके बार विराट और रोहित ने भारत की पारी संभाली और पावरप्ले में कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित आउट हुए तब तक भारत का स्कोर 50 रन हो चुका था। रोहित 12 और विराट 35 रन बनाकर आउट हुए। 

भारतीय गेंदबाजों ने छोटी गेंद पर किया कमाल
इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती चार विकेट छोटी गेंद पर लिए। पिच रिपोर्ट में कहा गया था कि गेंदबाजों को स्विंग मिलेगी, लेकिन इस पिच पर स्विंग की बजाय बाउंस और रफ्तार बेहतर थी। भारतीय गेंदबाजों ने इसे भांप लिया और दूसरे ओवर में ही भुवनेश्वर ने छोटी गेंद पर बाबर आजम को आउट किया। इसके बाद अगले चार विकेट भी छोटी गेंद पर ही मिले। खासकर हार्दिक पांड्या ने छोटी गेंद पर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। बाबर के बाद फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान और खुशदिल शाह भी छोटी गेंद पर आउट हुए। 



बुमराह-हर्षल के बिना चमकी तेज गेंदबाजी
इस मैच में भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं थे। हर्षल पटेल भी चोटिल होकर बाहर हो चुके थे। ऐसे में भुवनेश्वर एकमात्र अनुभवी गेंदबाज थे, लेकिन मैच में युवा अर्शदीप और आवेश के अलावा हार्दिक ने कमाल की गेंदबाजी की और चारों ने मिलकर सभी 10 विकेट लिए। इन 10 में से पांच विकेट छोटी गेंद पर आए। पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 19.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। सबसे ज्यादा चार विकेट भुवनेश्वर, तीन विकेट हार्दिक, दो विकेट अर्शदीप सिंह और एक विकेट आवेश खान ने लिया।



पावरप्ले में ही पस्त हुआ पाकिस्तान
टॉस हारने के बाद पाकिस्तान के लिए बड़ा स्कोर बनाना जरूरी था। इसके लिए पावरप्ले में अच्छी शुरुआती की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाकर रखा। पहले भुवनेश्वर ने कप्तान बाबर को 10 रन के स्कोर पर आउट किया फिर आवेश खान ने 10 रन के स्कोर पर ही फखर जमान को भी आउट कर दिया। पावरप्ले में पाकिस्तान ने 43 रन जरूर बनाए, लेकिन दो अहम विकेट खो दिए। पावरप्ले की 36 में से 18 गेंदों में पाकिस्तानी खिलाड़ी कोई रन नहीं बना सके।

शुरुआती 24 में से 14 गेंदों में नहीं बना रन
भारत के गेंदबाजों ने इस मैच में शुरुआत से ही दबाव बना रखा था। शुरुआती 15 गेंदों में सिर्फ 15 रन दिए और 16वीं गेंद पर कप्तान बाबर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हो गए। शुरुआती 24 में से 14 गेंदों में पाकिस्तान के खिलाड़ी कोई रन नहीं बना पाए। यहीं से पाकिस्तान के बड़े स्कोर तक पहुंचने की राह मुश्किल हो गई थी।



भारत की खराब फील्डिंग चिंता का विषय
इस मैच में भारत की गेंदबाजी बेहतर रही, लेकिन फील्डिंग में सुधार की जरूरत है। चहल ने इफ्तिखार का आसान कैच छोड़ा फिर रोहित ने भी कैच टपकाया। रवींद्र जडेजा ने रिजवान को रन आउट करने का मौका गंवाया। सूर्यकुमार यादव भी सटीक थ्रो नहीं लगा सके। इसके अलावा भी कई मौकों पर भारतीय खिलाड़ी स्टंप पर निशाना नहीं लगा सके और चौके रोकने में भी नाकाम रहे। 

हार्दिक ने सुधारी चहल की गलती
युजवेन्द्र चहल ने 27 रन के स्कोर पर इफ्तिखार अहमद को जीवनदान दिया। मोहम्मद रिजवान के साथ इफ्तिकार 45 रन की साझेदारी कर चुके थे और यह जोड़ी भारत के लिए खतरनाक दिख रही थी, लेकिन अगले ही ओवर में हार्दिक ने छोटी गेंद पर इफ्तिखार को आउट कर पाकिस्तान को फिर से बैकफुट में ढकेल दिया। 



पहले ओवर में ही दो रिव्यू, दोनों भारत के खिलाफ
मैच के पहले ओवर में ही अंपायर को दो फैसलों को खिलाड़ियों ने चुनौती दी और दोनों भारत के खिलाफ गए। पहले भुवनेश्वर की गेंद पर अंपायर ने मोहम्मद रिजवान को आउट करार दिया था। रिजवान ने रिव्यू लिया और गेंद स्टंप के ऊपर से जा रही थी। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और रिजवान आउट नहीं हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर भारतीय टीम ने कैच आउट की अपील की। अंपायर ने आउट नहीं दिया तो भारत ने रिव्यू लिया। गेंद और बल्ले का कोई संपर्क नहीं हुआ था और भारत ने पहला रिव्यू गंवा दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed