फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats

Records: रोहित शर्मा ने डिविलियर्स का आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, मॉर्गन-मैकुलम को भी इस मामले में पीछे छोड़ा

Sun, 12 Nov 2023 03:10 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sun, 12 Nov 2023 03:10 PM IST
सार

रोहित-शुभमन के बीच इस साल वनडे में पांचवीं बार शतकीय साझेदारी हुई। यह जोड़ी इस साल वनडे में सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई है।

विज्ञापन
IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats
भारत बनाम नीदरलैंड - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विश्व कप 2023 का आखिरी लीग मैच भारत और नीदरलैंड के बीच बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े।
विज्ञापन


शुभमन गिल 32 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोहित ने 44 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। वह 54 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बास डी लीडे ने बरेसी के हाथों कैच कराया। इस पारी के दौरान पहला छक्का लगाने के साथ ही रोहित ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। 
विज्ञापन

IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित ने बनाया रिकॉर्ड
रोहित एक कैलेंडर ईयर में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ा। डिविलियर्स ने साल 2015 में वनडे में 58 छक्के लगाए थे। वहीं, रोहित अब तक 60 छक्के लगा चुके हैं। वहीं, रोहित ने एक विश्व कप में किसी कप्तान द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। रोहित इस विश्व कप में अब तक 24 छक्के लगा चुके हैं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ऑयन मॉर्गन को पीछे छोड़ दिया। मॉर्गन ने 2019  विश्व कप में 22 छक्के लगाए थे। 

एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक वनडे छक्के
  • 60 छक्के - रोहित शर्मा (2023)
  • 58 छक्के - एबी डिविलियर्स (2015)
  • 56 छक्के - क्रिस गेल (2019)
  • 48 छक्के - शाहिद अफरीदी (2002)

एक विश्व कप में किसी कप्तान द्वारा सर्वाधिक छक्के
  • 24 छक्के - रोहित शर्मा (2023)
  • 22 छक्के - इयोन मोर्गन (2019)
  • 21 छक्के - एबी डिविलियर्स (2015)
  • 18 छक्के - एरोन फिंच (2019)
  • 17 छक्के - ब्रैंडन मैकुलम (2015)

IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats
शुभमन गिल और रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित-शुभमन ने बनाया रिकॉर्ड
भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 91 रन बनाए। 91 रन इस विश्व कप में नीदरलैंड द्वारा पहले पावरप्ले (एक से 10 ओवर) में दिया गया सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, भारत की ओर से इस विश्व कप में पावरप्ले में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा स्कोर है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी भारत ने कोलकाता में एक विकेट गंवाकर 91 रन बनाए थे। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने शुरुआती 10 ओवर में 94 रन बनाए थे। इस विश्व कप में पावरप्ले में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ धर्मशाला में बिना विकेट गंवाए 118 रन बनाए थे।

रोहित-शुभमन के बीच इस साल वनडे में पांचवीं बार शतकीय साझेदारी हुई। यह जोड़ी इस साल वनडे में सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई है। उन्होंने इस मामले में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और रहमनुल्लाह गुरबाज की जोड़ी को पीछे छोड़ा। इब्राहिम और गुरबाज ने इस साल चार शतकीय साझेदारियां की हैं। 

इस विश्व कप में पहले पावरप्ले में सर्वाधिक स्कोर
  • 118/0 - ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड, धर्मशाला
  • 94/0 - भारत बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली
  • 94/2 - श्रीलंका बनाम दक्षिण अफ्रीका, दिल्ली
  • 91/1 - भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता
  • 91/0 - भारत बनाम नीदरलैंड, बंगलूरू

इस साल वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां
  • 5 - रोहित शर्मा और शुभमन गिल
  • 4 - इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज
  • 3 - दिमुथ करुणारत्ने और पथुम निसांका
  • 3 - कुसल मेंडिस और एस समरविक्रमा
विज्ञापन

IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित किसी एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान
रोहित ने वनडे विश्व कप में 13वीं बार 50+ का स्कोर बनाया। किसी एक विश्व कप में सबसे ज्यादा बार 50+ का स्कोर बनाने के मामले में रोहित तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने 44 पारी में 21 बार 50+ के स्कोर बनाए थे। वहीं, विराट कोहली 35 विश्व कप पारी में 14 बार 50+ के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। रोहित ने 13 बार ऐसा किया है और इसके लिए 26 पारियां खेली हैं।

रोहित किसी एक विश्व कप में भारतीय कप्तान द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके फिलहाल 503 रन हैं और इस मामले में रोहित ने 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 20 साल पहले यानी 2003 विश्व कप में सौरव गांगुली ने 465 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 2019 विश्व कप 443 रन बनाए थे।

वनडे विश्व कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर
  • 21 - सचिन तेंदुलकर (44 पारी)
  • 14 - विराट कोहली (35 पारी)
  • 13 - रोहित शर्मा (26 पारी)*
  • 13 - शाकिब अल हसन (36 पारी)
  • 12 - कुमार संगकारा (35 पारी)

किसी एक विश्व कप में भारतीय कप्तान द्वारा सर्वाधिक रन
  • 503 - रोहित शर्मा (2023)
  • 465 - सौरव गांगुली (2003)
  • 443 - विराट कोहली (2019)
  • 332 - एम अजहरुद्दीन (1992)
  • 303 - कपिल देव (1983)

IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित लगातार दो विश्व कप में 500+ का स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी
रोहित अब तक वनडे विश्व कप के दो संस्करणों में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी की। सचिन ने 1996 और 2003 विश्व कप में दो बार 500 से ज्यादा रन बनाए थे। वहीं, रोहित इस विश्व कप से पहले 2019 में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वहीं, रोहित लगातार विश्व कप संस्करणों में 500+ रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा बार 500+ रन बनाने वाले खिलाड़ी
  • 2 बार - सचिन तेंदुलकर (1996 और 2003)
  • 2 बार - रोहित शर्मा (2019 और 2023)

IND vs NED World Cup Records Rohit Sharma Sixes Eoin Morgan AB De Villiers, Shubman Gill, Virat Kohli Stats
टिम डी लीडे और बास डी लीडे - फोटो : सोशल मीडिया
नीदरलैंड के बास डी लीडे ने अपने पिता का रिकॉर्ड तोड़ा
नीदरलैंड के स्टार ऑलराउंडर बास डी लीडे ने रोहित का विकेट लिया। यह उनका इस विश्व कप में 15वां विकेट रहा। वह विश्व कप में नीदरलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अपने पिता टिम डी लीडे को पीछे छोड़ा। टिम ने वनडे विश्व कप में 14 विकेट झटके हैं।

विश्व कप में नीदरलैंड के लिए सर्वाधिक विकेट
  • 15 - बास डी लीडे*
  • 14 - टिम डी लीडे
  • 12 - लोगन वान बीक
  • 12 - पॉल वान मीकेरन

भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने 50+ का स्कोर बनाया

भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने नीदरलैंड के खिलाफ 50+ का स्कोर बनाया।  इससे पहले वनडे में ऐसा सिर्फ दो बार ही हुआ है कि किसी टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने पचास से ज्यादा रन बनाए हों। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 2013 में जयपुर वनडे में ऐसा किया था। तब ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने भारत के खिलाफ पचास से ज्यादा रन बनाए थे। वहीं, दूसरी बार भी ऑस्ट्रेलिया ने ही ऐसा किया था और वह भी भारत के ही खिलाफ। 2020 में सिडनी वनडे में ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने 50+ के स्कोर बनाए थे। 

किसी एक वनडे पारी में एक टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों द्वारा 50+ का स्कोर
  • ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, जयपुर, 2013
  • ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, सिडनी, 2020
  • भारत बनाम नीदरलैंड, बंगलूरू, 2023

दो 100+ रन की साझेदारी

भारत के लिए इस मैच में दो बार 100+ रन की साझेदारी हुई। यह पांचवीं बार है जब भारतीय टीम से किसी एक विश्व कप मैच में दो 100+ रन की साझेदारी हुई है। शुभमन गिल और रोहित शर्मा के बीच 100 रन और इसके बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल के बीच 208 रन की साझेदारी हुई।

विश्व कप की एक पारी में भारत के लिए दो 100+ रन की साझेदारी
खिलाफ जगह साल
बरमूडा पोर्ट ऑफ स्पेन 2007
दक्षिण अफ्रीका नागपुर 2011
पाकिस्तान एडिलेड 2015
दक्षिण अफ्रीका मेलबर्न 2015
नीदरलैंड बंगलूरू 2023*

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने चार विकेट खोकर 410 रन बनाए। सबसे ज्यादा नाबाद 128 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए। लोकेश राहुल ने 102 रन की पारी खेली। कप्तान रोहित ने 61 और गिल-कोहली ने 51 रन का योगदान दिया। इस मैच में भारत के शुरुआती पांच बल्लेबाजों ने 50 रन से ज्यादा का स्कोर बनाया। लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 208 रन की साझेदारी की। विश्व कप में यह भारत का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2007 में बरमूडा के खिलाफ 413 रन बनाए थे। लोकेश राहुल ने 62 गेंद में अपना शतक पूरा किया और यह विश्व कप में देश के लिए सबसे तेज शतक था। नीदरलैंड के लिए बस डे लिडे ने दो विकेट लिए। मीकरेन और मर्व को एक-एक विकेट मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed