{"_id":"640c2f0ee60a3c2c1609a650","slug":"imr-vs-aln-shahid-afridi-asks-gautam-gambhir-condition-after-ball-hit-helmet-asia-lions-beat-india-maharaja-2023-03-11","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IMR vs ALN: हेल्मेट पर लगी गेंद तो अफरीदी ने पूछा गंभीर का हाल, एशिया लायंस ने इंडिया महाराजा को 9 रन से हराया","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IMR vs ALN: हेल्मेट पर लगी गेंद तो अफरीदी ने पूछा गंभीर का हाल, एशिया लायंस ने इंडिया महाराजा को 9 रन से हराया
Sat, 11 Mar 2023 01:04 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Sat, 11 Mar 2023 01:04 PM IST
सार
इंडिया महाराजा में भारत के पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं। इस मैच में एशिया की कप्तानी शाहिद अफरीदी और इंडिया की कप्तानी गंभीर कर रहे थे।
विज्ञापन
शाहिद अफरीदी और गौतम गंभीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
क्रिकेट के मैदान पर दो खिलाड़ियों के बीच सबसे बड़े विवाद की बात जब सामने आती है, तब भारत के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी की भिड़ंत की याद आ जाती है। दोनों जब एकदूसरे के खिलाफ मैदान में उतरते थे तो टक्कर देखने लायक होती थी। गंभीर और अफरीदी के बीच लड़ाई का किस्सा आज भी सभी को याद है। इसी याद को दोनों ने शुक्रवार को एकबार फिर ताजा किया।
विज्ञापन
गंभीर-अफरीदी में टक्कर
लीजेंड्स लीग क्रिकेट में शुक्रवार को दोहा में एशिया लायंस और इंडिया महाराजा की टीम आमने-सामने आई। एशिया लायंस में भारत के अलावा बाकी सभी एशियाई देशों के रिटायर्ड खिलाड़ी हैं। वहीं, इंडिया महाराजा में भारत के पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं। इस मैच में एशिया की कप्तानी शाहिद अफरीदी और इंडिया की कप्तानी गंभीर कर रहे थे। पहले तो दोनों टॉस के समय आमने-सामने आए, लेकिन गंभीर ने अफरीदी को तब नजरअंदाज कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
मैच के दौरान क्या हुआ?
इसके बाद मैच के दौरान दोनों खिलाड़ी फिर से आमने-सामने आए। भारतीय पारी के दौरान 12वें ओवर में अब्दुल रज्जाक की गेंद जाकर गंभीर के हेल्मेट पर लगी। हालांकि, बॉल में स्पीड नहीं थी और गंभीर को कोई चोट नहीं आई, लेकिन अफरीदी उनके पास पहुंचे और पूछा कि सबकुछ ठीक है? इस पर गंभीर ने सबकुछ ठीक होने का इशारा किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मैच के दौरान कमेंटेटर्स भी दोनों के टक्कर की बातें कर रहे थे।
'Big-hearted' Shahid Afridi inquires if Gautam Gambhir is ok after that blow ❤️#Cricket pic.twitter.com/EqEodDs52f
— Cricket Pakistan (@cricketpakcompk) March 10, 2023
2007 में भिड़े थे दोनों
दरअसल, इससे पहले 2007 में कानपुर वनडे के दौरान गौतम गंभीर और शाहिद अफरीदी एक दूसरे से बीच मैदान पर भिड़ गए थे। इसकी तस्वीर आज भी लोगों के जहन में है। दरअसल हुआ यूं कि गंभीर ने अफरीदी की एक गेंद पर चौका लगाया और अगली ही गेंद पर सिंगल लेने के लिए दौड़ पड़े।
जब गंभीर रन लेने के लिए दौड़ रहे थे, तब अफरीदी उनके रास्ते में आ गए और दोनों के बीच टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर नोंक-झोंक हुई। फील्ड अंपायर ने किसी तरह इस मामले को सुलझाया। मैच के बाद रेफरी रोशन महानामा ने अफरीदी पर मैच फीसदी का 95 और गंभीर पर 65 फीसदी जुर्माना लगाया था।
LLC मैच में क्या हुआ?
एशिया लायंस और इंडिया महाराजा के बीच मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एशिया ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। उपुल थरंगा ने 40 रन की पारी खेली। इसके अलावा तिलकरत्ने दिलशान पांच रन, असगर अफगान एक रन, कप्तान अफरीदी 12 रन और अब्दुल रज्जाक छह रन बनाकर आउट हुए। मिस्बाह उल हक ने 50 गेंदों में दो चौके और चार छक्के की मदद से 73 रन की बेहतरीन पारी खेली। थिसारा परेरा पांच रन और खड़का तीन रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से परविंदर अवाना और स्टुअर्ट बिन्नी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, इरफान पठान और अशोक डिंडा को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में इंडिया महाराज की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन ही बना सकी और नौ रन से मैच हार गई। इंडिया की ओर से रॉबिन उथप्पा खाता नहीं खोल सके। इसके बाद गंभीर ने मुरली विजय के साथ 50 रन की साझेदारी निभाई। विजय 19 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। इनमें तीन चौके और एक छक्का शामिल है। सुरेश रैना तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। गंभीर ने एक छोर संभाले रखा और 39 गेंदों में सात चौके की मदद से 54 रन बनाए। हालांकि, उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। यूसुफ पठान 14 रन, स्टुअर्ट बिन्नी आठ रन और इरफान पठान 19 रन बनाकर आउट हुए। हरभजन पांच रन और परविंदर अवाना एक रन बनाकर नाबाद रहे। एशिया की ओर से सोहेल तनवीर ने तीन विकेट लिए। वहीं, इसुरु उदाना, दिलशान, परेरा और रज्जाक को एक-एक विकेट मिला।