जूनियर टीम इंडिया का कमाल, वनडे का मैच टी-20 अंदाज में जीता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिर्फ धोनी की टीम इंडिया ही नहीं जीत की पताका नहीं लहरा रही है बल्कि राहुल द्रविड़ की जूनियर टीम भी विदेशी धरती पर लाजवाब खेल दिखा रही है। सीनियर टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में जीत की हैट्रिक बनाते हुए लगातार 4 जीत का रिकॉर्ड बनाया। टी-20 में हैट्रिक जीत ने टीम को क्लीन स्वीप कराया तो पिछले 140 साल में अपनी धरती पर ऑस्ट्रेलिया को पहली बार क्लीन स्वीप का शिकार होना पड़ा। इससे पहले इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्लीन स्वीप किया था।
अब जूनियर टीम इंडिया भी धमाल मचाने में लगी हुई है। बांग्लादेश में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के ग्रुप चरण में भारत ने लगातार तीसरी जीत का स्वाद चख लिया है। लगातार 3 जीत के साथ वह अगले दौर में आराम से पहुंच भी गई, साथ ही अपने ग्रुप में शीर्ष पर अपना स्थान कायम रखा।
अपने तीसरे मुकाबले में भारत की जूनियर टीम ने नेपाल से मिले 170 रनों के लक्ष्य को महज 18.1 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। उनके खेल को देखकर यही कहा जा सकता है कि इस टीम ने वनडे मैच को टी-20 अंदाज में खेलते हुए जीत लिया। इस जीत से भारत और नेपाल अगले दौर में पहुंच गए लेकिन न्यूजीलैंड और आयरलैंड टीम को बाहर होना पड़ गया है।
महज 18 गेंदों में ठोंकी फिफ्टी, बनाया रिकॉर्ड
भारत ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसे 48-48 ओवर के मैच में टीम को 170 से पहले ही रोक दिया। नेपाल 8 विकेट खोकर 169 रन बना सका। भारत की ओर से अवीश खान ने 34 रन देकर 3 विकेट झटके जबकि 2 गेंदबाजों को 2-2 विकेट मिले। नेपाल के लिए संदीप सुनार ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने तूफानी पारी खेली। ओपनर रिषभ पंत ने गजब की बल्लेबाजी की और 18 गेंदों में अर्धशतक ठोंक दिया। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बन गया। वह जिस अंदाज में खेल रहे थे उससे वह सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की ओर भी जा रहे थे लेकिन 78 रन पर वह आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 24 गेंदों में 78 रन बनाए जिसमें 9 चौके और 5 छक्के भी शामिल हैं।
आउट होने से पहले पंत ने कप्तान और ओपनर इशान किशन के साथ सिर्फ 9.1 ओवर में 124 रनों की साझेदारी की। पहले 2 मैचों में नाकाम रहे इशान ने इस मैच में फिफ्टी ठोंक दी और 40 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के से 52 रन बना दिए।
पिछले 2 मैचों में 74-74 रनों की पारी खेलने वाले सरफराज खान ने छक्का मारकर टीम को जीत दिलाने तक 23 गेंदों में 21 रनों की नाबाद पारी खेली।