ICC करेगी अपने आचार संहिता नियमों की समीक्षा, CEO ने दिए कई फेरबदल के संकेत
बॉल टेंपरिंग विवाद के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डेविड रिचर्डसन का कहना है कि वह खिलाड़ियों की आचार संहिता संबंधित सजा की समीक्षा कर उसमें जल्द ही साकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करेंगे। जिसमें बॉल टेंपरिंग और स्लेजिंग संबंधित जैसी सजा शामिल है। इस सजा से जुड़े प्रावधानों को लेकर उन्होंने फिर से आकलन करने का फैसला किया है। इस समीक्षा में खेल से संबंधित कई सारे लोग शामिल होंगे।
गौरतलब है कि केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में तत्कालिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर को एक साल के लिए बैन कर दिया गया। साथ ही दोनों खिलाड़ियों को अपने पदों से भी हटा दिया गया। वहीं, सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए बैन किया गया है। इतना ही नहीं स्मिथ-वॉर्नर को आईपीएल से बाहर कर दिया गया।
रिचर्डसन ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों में जो हुआ वह काफी शर्मनाक था, लेकिन हमें उससे आगे सोचना होगा। इस उम्मीद से नहीं कि लोग इसे भूल जाएंगे बल्कि इससे सकारात्मक नजरियों से देखते हुए आगे निकलना होगा और दुनिया भर के प्रशंसकों को विश्वास दिलाना होगा कि वे क्रिकेट पर विश्वास कर सकते हैं। हमें यह भी आकलन करना होगा कि इस जेनरेशन का खेल कैसा होना चाहिेए।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस मसले को लेकर दो चीजों पर हमारा ध्यान होगा। पहला, आचार संहिता पर। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके स्तर की समीक्षा करना और साफ तरह से संहिता को परिभाषित करना जिसमें हर गतल काम शामिल हो तथा उस पर दी जाने वाली सजा की समीक्षा भी की जा सके। दूसरा, हम स्प्रिट ऑफ क्रिकेट कोड बनाएंगे जिसमें साफ तौर से बताया जाएगा कि खेल को खेलने का सही मतलब क्या है।'
उन्होंने कहा, 'हां, मुझे पूरा भरोसा है कि काफी कम समय में हम अपनी आचार संहिता में संशोधन कर सकते हैं, जिसे लागू करना आसान होगा।' बता दें कि इस विवाद के बाद पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इस तरह की घटना इससे पहले भी कई बार हो चुकी। क्रिकेट जगत के कई सारे खिलाड़ियों पर बॉल टेंपरिंग के आरोप लगे, लेकिन स्मिथ-वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट की इस घटना ने एक नया रूप दिया और पूरे दुनिया में कोहराम मचा दी।