इंटरव्यू में सचिन ने किया अहम बातों का खुलासा
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को उनके प्रशंसक 'क्रिकेट का भगवान' मानते हैं और कई प्रशंसक तो भगवान की तरह उनकी पूजा भी करते हैं लेकिन खुद सचिन ऐसा नहीं सोचते। सचिन खुद को एक आम इंसान मानते हैं और उनका कहना है कि उन्होंने भी मैदान पर कई गलतियां की हैं।
सचिन ने एक इंटरव्यू में कई बातों का खुलासा करते हुए कहा, "मैं क्रिकेट का भगवान नहीं हूं। मैंने मैदान पर कई गलतियां की हैं। मुझे क्रिकेट खेलना पसंद था लेकिन मैं एक सामान्य सचिन हूं और ऐसा होना भी चाहिए। मैं खुद को भाग्यशाली समझता हूं कि लोग मुझे पसंद करते हैं और मुझे प्यार करते हैं। यह एक विशेष चीज है। मुझे यह ईश्वर का आर्शीवाद है। मैं किसी भी चीज को अनुदान में नहीं चाहता। मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं जो मेरे लिए दयालू हैं और यह बहुत बड़ी बात है।"
'संन्यास के बाद हूं काफी व्यस्त'
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उनकी जिंदगी काफी व्यस्त हो गई है। उन्होंने कहा, "मैं अब जिंदगी के दूसरे हिस्से के बारे में जान रहा हूं। 24 साल तक मैंने क्रिकेट के अलावा किसी और चीज पर ध्यान केंद्रित नहीं किया। मेरा मानना है कि मेरी पहली पारी क्रिकेट खेलने, अपने सपने को पाने और वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा करने में रही। संन्यास के बाद मैं अब अपनी दूसरी पारी में उन लोगों को कुछ देने की कोशिश कर रहा हूं जिन्होंने मेरे लिए प्रार्थना की।"
'टेस्ट क्रिकेट सर्वश्रेष्ठ'
सचिन ने कहा कि क्रिकेट के तीनों फोरमेट में टेस्ट क्रिकेट सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने कहा, "अगर आप 10 क्रिकेटरों से पूछेंगे तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा यदि उनमें से आठ यह कहें कि टेस्ट क्रिकेट सर्वश्रेष्ठ है और उसके बाद ही कुछ और है।"