हैपी बर्थडे सर डॉन ब्रेडमैन: डेब्यू पर ऑस्ट्रेलिया को मिली थी सबसे बड़ी हार, 93 साल से दर्ज है कंगारू टीम के नाम यह शर्मनाक रिकॉर्ड
विश्व क्रिकेट के महान बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के सर डॉन ब्रेडमैन के डेब्यू टेस्ट में कंगारू टीम को सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। 93 साल से यह शर्मनाक रिकॉर्ड आज भी कंगारू टीम के नाम दर्ज है।
विस्तार
टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड आज भी ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है। 93 साल पहले ब्रिस्बेन में खेले गए दोनों टीमों के बीच मुकाबले में इंग्लैंड ने मेजबान कंगारूर टीम को 675 रनों के विशाल अंतर से हराया था। ऑस्ट्रेलिया के नाम यह शर्मनाक रिकॉर्ड आज भी मौजूद है। खास बात यह है कि क्रिकेट की दुनिया के महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रेडमैन के डेब्यू मैच में ऑस्ट्रेलिया को यह करारी हार मिली थी। उनका जन्म 27 अगस्त 1908 को न्यूसाउथ वेल्स के कूटामुंड्रा में हुआ था।
नवंबर 1928 में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्बेन में खेले गए अपने डेब्यू टेस्ट में डॉन ब्रेडमैन सातवें पर नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और 18 रनों की पारी खेली। जबकि दूसरी इनिंग्स में ब्रैडमैन को छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और 1 रन बनाकर आउट हुए। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहली पारी में 521 और दूसरी इनिंग्स में 8 विकेट पर 342 रन बनाकर पारी घोषित की थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 122 और दूसरी इनिंग्स में सिर्फ 66 रन ही बना सकी। इस तरह इंग्लैंड ने कंगारू टीम को 675 रनों से शिकस्त दी।
29 centuries in 52 Test matches, at an average of 99.94.
— ICC (@ICC) August 27, 2021
Sir Donald Bradman, forever unrivalled, born on this day in 1908. pic.twitter.com/Vk0U2pQPnX
टेस्ट में 100 के औसत से चूक गए ब्रेडमैन
साल 1948 में डॉन ब्रेडमैन अपना आखिरी टेस्ट मैच लंदन के ओवल में खेल रहे थे। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 100 का औसत पूरा करने के लिए सिर्फ चार रनों की दरकार थी। लेकिन ब्रेडमैन उस मुकाबले में बगैर खाता खोले आउट हो गए। उन्हें इंग्लिश गेंदबाज एरिक होलीज ने अपना शिकार बनाया। इसके अलावा वह टेस्ट क्रिकेट में 7 हजार रन बनाने से भी चूक गए थे। ब्रेडमैन ने अपने करियर में 52 टेस्ट मैच खेले जिनमें उन्होंने 99.94 के औसत से 6996 रन बनाए जिनमें उनके 29 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी डॉन ब्रेडमैन का बल्ला खूब चला। उन्होंने अपने करियर में 234 फर्स्ट क्लास मैचों में 28067 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 117 शतक और 69 अर्धशतक जड़े। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ब्रेडमैन का सर्वोच्च स्कोर 452 रन नाबाद रहा। क्रिकेट के बेताज बादशाह कहे जाने वाले ब्रेडमैन ने 25 फऱवरी 2001 को 92 साल और 182 दिन की उम्र में इस फानी दुनिया को अलविदा कह दिया।