Hindi News
›
Cricket
›
Cricket News
›
Former chief selector MSK Prasad cautioned against removing Suryakumar Yadav as T20I captain
{"_id":"6a224d15465f0bbddf082086","slug":"former-chief-selector-msk-prasad-cautioned-against-removing-suryakumar-yadav-as-t20i-captain-2026-06-05","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Team India: सूर्यकुमार के समर्थन में उतरे एमएसके प्रसाद, कप्तान बनाए रखने की वकालत की; चयन समिति को किया आगाह","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
Team India: सूर्यकुमार के समर्थन में उतरे एमएसके प्रसाद, कप्तान बनाए रखने की वकालत की; चयन समिति को किया आगाह
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शोभित चतुर्वेदी
Updated Fri, 05 Jun 2026 09:44 AM IST
सार
सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम के कप्तान पद से हटाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। शनिवार को चयन समिति की बैठक है जिसमें बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। इस बीच, पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने सूर्यकुमार का समर्थन किया है और उन्हें कप्तान बनाए रखने की वकालत की है।
भारत के पूर्व विकेटकीपर और मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने पुरुष टी20 टीम की कप्तानी से सूर्यकुमार यादव को हटाने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि इस समय ऐसा कदम उठाना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं को अब से युवा नेताओं को तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। ऐसी अटकलें हैं कि सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम के कप्तानी पद से हटाया जाएगा और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कमान मिल सकती है।
विज्ञापन
सूर्यकुमार का खराब प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस साल की शुरुआत में द्विपक्षीय सीरीज में कुछ अर्धशतक और टी20 विश्व कप के शुरुआती मैच में अमेरिका के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलने के बावजूद सूर्यकुमार निरंतरता बनाए रखने में सफल नहीं रहे।
उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप जीता, लेकिन इसके बाद आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन फीका रहा।
उन्होंने 13 मैचों में केवल 270 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 147.54 रहा और वह सिर्फ दो अर्धशतक ही लगा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : ANI
शनिवार को होगी चयन समिति की बैठक
भारत के चयनकर्ता शनिवार को मुंबई में आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को होने वाले दो मैचों तथा एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में खेले जाने वाले पांच टी20 मैचों के लिए टीम चुनने के लिए बैठक करेंगे। इसके अलावा श्रीलंका ए के खिलाफ दो लाल गेंद मैचों और सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत ए टीम का चयन भी होना है। ऐसे में सूर्यकुमार का टी20 कप्तान के रूप में भविष्य चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
प्रसाद ने कहा, देखिए, सबसे बड़ा सवाल यह है कि आप अपनी पहली टीम भेज रहे हैं या दूसरी श्रेणी की टीम? अगर पहली टीम भेजी जा रही है तो सूर्यकुमार को नजरअंदाज करना सही नहीं होगा, क्योंकि उन्होंने अभी हाल ही में हमें एक और पुरुष टी20 विश्व कप जिताया है। आदर्श रूप से अगले पांच-छह महीनों में या अभी से आपको अपने अगले नेतृत्वकर्ता को तैयार करना होगा। टी20 विश्व कप जीत तक अक्षर पटेल उपकप्तान थे। अगर आप भविष्य की ओर देखते हैं तो युवा लीडरशीप को तैयार करना होगा। अगर ऐसे किसी खिलाड़ी की पहचान कर उसे सूर्यकुमार का डिप्टी बनाया जाए तो अच्छा रहेगा। सूर्यकुमार एक शानदार खिलाड़ी हैं।
विज्ञापन
प्रसाद ने माना- खराब दौर से गुजर रहे हैं सूर्यकुमार
प्रसाद ने माना कि सूर्यकुमार पिछले डेढ़ साल से खराब दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन उन्होंने धैर्य रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, मुझे पता है कि वह पिछले एक से डेढ़ साल में कठिन दौर से गुजरे हैं। निश्चित रूप से हमारे पास रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ी भी हैं, जो उभर रहे हैं और अपनी जगह बनाने के हकदार हैं। लेकिन मेरा मानना है कि इस समय सूर्यकुमार को हटाना सही संदेश नहीं होगा। उन्हें कुछ और सीरीज दीजिए और यदि उनका खराब दौर जारी रहता है तो आपके पास एक उपकप्तान होगा, जिसे कप्तानी सौंपी जा सकती है।
सूर्यकुमार के संभावित उत्तराधिकारियों जैसे वनडे उपकप्तान श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन, ईशान किशन और तिलक वर्मा के बारे में पूछे जाने पर प्रसाद ने कहा, हार्दिक एक मजबूत दावेदार हैं। श्रेयस भी एक संभावित उम्मीदवार हैं। ईशान किशन, तिलक वर्मा और संजू सैमसन भी कतार में हैं। संजू लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर चुके हैं। ईशान ने हाल में कप्तानी की है और उन्होंने अपनी कप्तानी में प्रतिभा की झलक दिखाई है। तिलक वर्मा भी एक संभावनाशील खिलाड़ी हैं। हमें लगता है कि आने वाले वर्षों में भारतीय टी20 क्रिकेट के लिए तिलक ही जवाब हो सकते हैं। इसलिए वह भी बुरा विकल्प नहीं हैं। रजत पाटीदार, जिन्होंने आरसीबी को लगातार दो आईपीएल खिताब दिलाए, वह भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन पर विचार किया जाना चाहिए। मुझे नहीं पता कि कप्तानी के नजरिए से क्या सोचा जाएगा, लेकिन निश्चित रूप से उन पर नजर रखी जानी चाहिए। आपके पास विकल्पों की कमी नहीं है। लेकिन सवाल वही है कि आप पहली टीम भेज रहे हैं या दूसरी टीम?
श्रेयस अय्यर
- फोटो : IANS
कौन-कौन है कप्तानी की दौड़ में शामिल?
सूर्यकुमार की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे श्रेयस अय्यर के पास कप्तानी का मजबूत रिकॉर्ड है।
उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल खिताब दिलाया था और 2020 तथा 2025 में क्रमशः दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था।
ईशान किशन ने आईपीएल 2026 में पैट कमिंस की अनुपस्थिति में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की थी। इससे पहले उन्होंने झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई थी।
वहीं तिलक वर्मा भारत ए की सफेद गेंद वाली टीम के नियमित कप्तान रहे हैं और नौ जून से श्रीलंका में शुरू होने वाली 50 ओवरों की त्रिकोणीय सीरीज में भी वह टीम की कप्तानी करेंगे।
संजू सैमसन पहले राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2022 के फाइनल तक पहुंचा चुके हैं और भारत की टी20 विश्व कप जीत में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे थे।
हार्दिक पांड्या रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में भारत की कप्तानी कर चुके हैं और 2022 में गुजरात टाइटंस को आईपीएल खिताब भी दिला चुके हैं, हालांकि मुंबई इंडियंस के साथ उनका कप्तानी कार्यकाल उतना सफल नहीं रहा।
प्रसाद ने युवा खिलाड़ियों को शामिल करने का सुझाव दिया
प्रसाद ने यह भी सुझाव दिया कि टी20 विश्व कप और आईपीएल दोनों में खेलने वाले खिलाड़ियों को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से आराम दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, अगर आप देखें तो विश्व कप के बाद विश्व कप खेलने वाले सभी खिलाड़ी आईपीएल में थके हुए और मानसिक रूप से भी बोझिल नजर आए। तो क्यों न उन सभी खिलाड़ियों को आराम दिया जाए और आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका दिया जाए? ऐसे में आप कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर या किसी अन्य संभावित भविष्य के लीडर को सौंप सकते हैं। मुझे लगता है कि श्रेयस निश्चित रूप से मजबूत दावेदार हैं। उन्हें आयरलैंड भेजिए, क्योंकि मुझे पूरा भरोसा है कि वह टीम आयरलैंड को हरा सकती है। इस आईपीएल में खिलाड़ियों ने भीषण गर्मी में खेला है। इसलिए उन खिलाड़ियों को आराम दीजिए और युवा तथा अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को अवसर दीजिए। इससे आपको भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।