{"_id":"efaa9a6c-44d6-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"england-won-the-toss-and-elected-to-bat-at-nagpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"पहले दिन रहा भारत का दबदबा","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
पहले दिन रहा भारत का दबदबा
नागपुर/इंटरनेट डेस्क
Updated Fri, 14 Dec 2012 09:01 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक नई रणनीति के साथ मैदान में उतरे जो काफी कामयाब भी रही। सीरीज में 1-2 से पिछड़ रही टीम इंडिया ने चार स्पिनर और सिर्फ एक मीडियम पेसर इशांत शर्मा को अंतिम एकादश में जगह दी। तीन विशेषज्ञ स्पिनर पीयूष चावला, आर अश्विन और प्रज्ञान ओझा के साथ आलराउंडर रविंद्र जडेजा की चौकड़ी ने इंग्लैंड पर इस कदर लगाम कसी कि मेहमान टीम पहले दिन 97 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
हालांकि एक समय भारत ने केविन पीटरसन और जोनाथन ट्रोट की संघर्षपूर्ण पारियों के बावजूद इंग्लैंड के पांच विकेट 139 रन पर चटका दिए थे। लेकिन आखिरी घंटे में मैट प्रायर और अपना आगाज टेस्ट खेल रहे जोए रूट ने छठवें विकेट के लिए नाबाद 60 रन जोड़कर टीम को संभाला। स्टंप तक मैट प्रायर 83 गेंद में तीन चौकों के साथ 34 और जोए रूट 110 गेंदों में एक चौके के साथ 31 रन बनाकर विकेट पर टिके थे। अपना पहला टेस्ट खेल रहे जडेजा का आगाज शानदार रहा और उन्होंने दो विकेट चटकाए। इशांत शर्मा भी कसौटी पर खरे उतरे और उन्होंने भी दो विकेट झटके जबकि पीयूष चावला ने एक बल्लेबाज को पेवेलियन भेजा।
विज्ञापन
भारतीय टीम को शुरुआत में इंग्लैंड के दो विकेट चटकाने का फायदा मिला और इससे पूरे दिन मेहमान बल्लेबाज दबाव में खेलते नजर आए। सीरीज में पहली बार टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को पहला झटका पेसर इशांत शर्मा ने ओपनर निक कॉम्प्टन (03) को आउट करके दिया। जल्द ही इशांत ने सीरीज के सबसे सफल बल्लेबाज कप्तान एलिस्टर कुक को भी पवेलियन भेज दिया। कुक 28 गेंद में एक ही रन बना सके।
विज्ञापन
ऐसे में शानदार फार्म में चल रहे केविन पीटरसन ने जोनाथन ट्रोट के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी निभाकर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन जडेजा ने ट्रोट को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ टेस्ट कैरियर का पहला विकेट हासिल किया। ट्रोट ने 133 गेंद में सात चौकों के साथ 44 रन बनाए। जडेजा ने अपना दूसरा शिकार पीटरसन को बनाया जो 188 गेंद में 10 चौकों के साथ 73 रन बनाकर आउट हुए। इयान बेल का खराब फार्म जारी रहा और वह 28 गेंद में एक रन बनाकर चावला की गेंद पर पवेलियन लौटे। इंग्लैंड ने इस टेस्ट के लिए अंतिम एकादश में दो बदलाव किए। जोए रूट को समित पटेल के स्थान पर और टिम ब्रेसनन को स्टीवन फिन को मौका मिला।