एशेज में कंगारूओं की मिट्टी पलीद, कप्तान क्लार्क लेंगे संन्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एशेज में वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की बुरी गत हो गई। एशेज सीरीज से पहले यह अटकलें थी कि ऑस्ट्रेलिया मेजबान इंग्लैंड को एक भी मैच जीतने का मौका नहीं देगा। पर मामला कुछ और ही हो गया। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को चौथा मुकाबला एक पारी और 78 रन से हराया।
लगातार तीन मैचों में जीत के साथ इंग्लैंड 5 मैचों की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना चुकी है। एशेज सीरीज अपने नाम करने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक और तगड़ा झटका लगा है। कंगारू कप्तान माइकल क्लार्क ने सीरीज के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
माइकल क्लार्क वर्ल्ड कप 2015 के बाद वनडे क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके है। उन्होंने 113 टेस्ट मैचों की 195 पारियों में 28 शतक और 27 अर्धशतक लगाए है। उनका टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 329 रन नाबाद है। वह अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच एशेज के पांचवें और सीरीज के अंतिम मैच में खेलेंगे। यह मैच 20 अगस्त को ओवल के मैदान में खेला जाएगा।
क्लार्क के साथ पूरी कंगारू टीम का एशेज में खराब प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में क्लार्क के संन्यास ले लेने की बात सामने आई थी। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों रिकी पोटिंग समेत कई दिग्गजों ने यहां तक कहा था कि टीम से कई क्रिकेटरों को बाहर कर देना चाहिए।
जानिए कैसे हुई ऑस्ट्रेलिया की बुरी गत
एशेज का चौथा मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बुरे सपने से भी भयावह रहा। टीम पहली पारी में 18.3 ओवर में मात्र 60 रनों में सिमट गई। ताज्जुब इस बात की रही कि टीम में क्रिकेटरों से ज्यादा स्कोर एक्ट्रा रन (14 रन) था।
पहली पारी में टीम के स्टार बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ, डेविड वॉर्नर, क्रिस रोजर्स, कप्तान माइकल क्लार्क सभी फ्लॉप रहे। सबसे ज्यादा रन पुछल्ले बल्लेबाज मिचेल जॉनसन (13) ने बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 60 रन पर समेटने के बाद मेजबान इंग्लैंड ने 391 रन पर पहली पारी घोषित की। जोए रुट ने सर्वाधिक 130 रन बनाए। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया को 60 रन पर समेटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्टुअर्ट ब्रॉड 8 विकेट के अलावा 24 रन पर नाबाद रहे।
हालांकि दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया थोड़ा बेहतर रही पर यह प्रयास नाकाफी रहा। टीम के कप्तान क्लार्क पहली पारी में 10 रन और दूसरी पारी में महज 13 रनों का ही योगदान दे पाए। वहीं, टेस्ट में नंबर वन रैंक वाले स्टीवन स्मिथ ने पहली पारी में 6 रन और दूसरी पारी में 5 रन बनाए। पूरी टीम 253 रनों पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में इंग्लिश गेंदबाज बेन स्टोक्स ने सर्वाधिक 6 विकेट झटके।