ECB: जेम्स एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का किया एलान, इस टीम के खिलाफ खेलेंगे आखिरी टेस्ट
एंडरसन को इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने बताया है कि वे ऑस्ट्रेलिया में 2025-26 एशेज सीरीज पर नजर रखते हुए भविष्य की ओर देख रहे हैं, जिसका मतलब साफ था कि 41 साल के खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय करियर पूरा होने वाला है।
विस्तार
ऐसी खबरें सामने आई थी कि एंडरसन को इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने बताया है कि वे ऑस्ट्रेलिया में 2025-26 एशेज सीरीज पर नजर रखते हुए भविष्य की ओर देख रहे हैं, जिसका मतलब साफ था कि 41 साल के खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय करियर पूरा होने वाला है। हालांकि, एंडरसन ने अब तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए स्वयं संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
एंडरसन ने अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा, मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि इस साल जुलाई में लॉर्ड्स पर होना वाला टेस्ट मेरा इस प्रारूप का अंतिम मैच होगा। अपने देश के लिए 20 वर्षों तक खेलना मेरे लिए शानदार सफर रहा है। जब मैं बच्चा था तब से यह खेल खेलना चाहता था। मैं इंग्लैंड के लिए मैदान पर उतरना मिस करूंगा। लेकिन मुझे पता है कि यह आगे बढ़ने का यह सही समय है और अन्य लोगों को उनके सपने पूरे करने देना है क्योंकि इससे अच्छा अहसास कुछ नहीं होता।
एंडरसन ने मई 2003 में शुरू हुए अपने करियर में इंग्लैंड के लिए 194 वनडे और 19 टी20 के साथ 187 टेस्ट खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट के साथ सर्वकालिक सर्वाधिक विकेट लेने वालों की सूची में वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वार्न (708) और श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800) के बाद तीसरे स्थान पर हैं। एंडरसन टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने तेज गेंदबाज हैं। एंडरसन ने इस साल की शुरुआत में भारत में खेले गए पांच मैचों की सीरीज में हिस्सा लिया था।