Ashes 2019: 'सैंड पेपर' चिल्लाते हुए चिढ़ा रहे थे दर्शक, वॉर्नर ने खाली जेब दिखाकर दिया जवाब
बॉल टेंपरिंग के कारण नौ महीने का प्रतिबंध झेलने के बाद मैदान पर लौटे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ को वर्ल्ड कप के दौरान अंग्रेज प्रशंसकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा था। ऑस्ट्रेलिया टीम एशेज सीरीज (Ashes 2019) के चलते एक बार फिर इंग्लैंड में हैं और टीम के इन खिलाड़ियों को एजबेस्टन मैदान पर अंग्रेज प्रशंसकों की एक बार फिर हूटिंग का सामना करना पड़ा रहा है।
मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर बल्ले से कुछ कमाल तो नहीं दिखा सके, लेकिन फील्डिंग के दौरान उन्होंने अपने व्यवहार से सबको खुश कर दिया। मैच के तीसरे दिन जब इंग्लिश टीम का स्कोर 9 विकेट पर 365 रन था, उस वक्त डेविड वॉर्नर बाउंड्री पर खड़े होकर फील्डिंग कर रहे थे।
इसी दौरान स्टेडियम में बैठे दर्शक उन्हें 'सैंड पेपर' चिल्लाते हुए उनकी हूटिंग करने लगे। वॉर्नर को देखकर दर्शक कह रहे थे 'उसके हाथों में सैंड पेपर है'। दर्शकों की हूटिंग देख वॉर्नर परेशान नहीं हुए, बल्कि वे उनकी ओर मुड़े और अपनी जेब में हाथ डालकर अपनी दोनों खाली पॉकेट दिखा दीं। वे दर्शकों से ये कहना चाहते थे कि उनके पास सैंड पेपर नहीं है। उनके इतना करते ही स्टेडियम में बैठे दर्शक हंसते हुए ताली बजाने लगे। इस दौरान वॉर्नर भी हंस रहे थे।
A post shared by Aussie Aussie Aussie 🇦🇺🇦🇺 (@63notout.forever) on
बॉल टेंपरिंग विवाद में दोषी पाए जाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बेनक्राफ्ट पर बैन लग गया था। बैन खत्म होने के बाद ये तीनों खिलाड़ी अपनी पहली एशेज सीरीज खेल रहे हैं। ऐसे में दर्शक इनकी जमकर हूटिंग कर रहे हैं।
वापसी के बाद स्टीव स्मिथ को छोड़कर दोनों प्लेयर्स अबतक कुछ खास नहीं कर सके हैं। पहली पारी में स्मिथ ने 144 रन बनाए थे, वहीं बेनक्राफ्ट सिर्फ 8 रन और वॉर्नर 2 रन ही बना सके थे। वहीं दूसरी इनिंग में बेनक्राफ्ट 7 और वॉर्नर 8 रन बनाकर आउट हो गए। जबकि स्मिथ 46* रन पर खेल रहे हैं।