थोड़ी देर में मिल जाएगा IPL 2018 का पहला फाइनलिस्ट, चेन्नई-हैदराबाद के बीच जोरदार जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-11 की दो शीर्ष टीमों सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मंगलवार को यहां फाइनल में पहुंचने की जद्दोजहद होगी। क्वालिफायर-1 के मुकाबले में दो पूर्व चैंपियन टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है। दोनों ही टीमों ने एकसमान 18 अंक हासिल किए, लेकिन नेट रनरेट के अंतर से हैदराबाद पहले स्थान पर रही।
वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में जीतने वाली टीम 27 मई को होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफाई करेगी। जबकि हारने वाली टीम को 25 मई को कोलकाता में होने वाले दूसरे क्वालिफायर के जरिए फाइनल में प्रवेश का एक और मौका होगा।
चेन्नई सुपरकिंग्स का पलड़ा इसलिए भी भारी नजर आ रहा है क्योंकि क्योंकि लीग दौर में उसने न केवल दो बार हैदराबाद को पराजित किया बल्कि जीत की लय भी उसके साथ है। रविवार को उसने अपने दूसरे घरेलू मैदान पुणे में किंग्स इलेवन पंजाब को पराजित किया जबकि हैदराबाद की टीम पिछले तीन मैच हार चुकी है।
उसने दस मई को दिल्ली डेयरडेविल्स को हराकर सबसे पहले प्लेऑफ में प्रवेश सुनिश्चित किया था। उनकी गेंदबाजी लाइनअप काफी मजबूत है, लेकिन पिछले तीन मैचों में यह बेरंग नजर आई है। दरअसल यह चेन्नई ही थी जिसने हैदराबाद के लगातार छह मैचों के विजय अभियान पर रोक लगाई थी। 13 मई को पुणे में उसने हैदराबाद को आठ विकेट से पराजित किया था।
उतार-चढ़ाव से गुजरी सुपरकिंग्स के साथ मजबूत पक्ष यह भी है कि टीम किसी एक बल्लेबाज पर निर्भर नहीं है, बेशक अंबाती रायडू (586) लगातार अच्छा करने में सफल रहे हैं। शेन वाटसन (438 रन, 13 मैच)और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी अच्छी फॉर्म में हैं। पंजाब के खिलाफ रविवार को नाबाद 61 रन बनाने वाले सुरेश रैना का लय में होना भी टीम के लिए उत्साहवर्द्धक है। गेंदबाजी में पेसर शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और ड्वेन ब्रावो पर जिम्मेदारी है।
पंजाब के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज लुंगी नगिदी ने 10 रन पर चार विकेट सबको चौंकाया है। स्पिन विभाग में अनुभवी हरभजन सिंह और रविंद्र जडेजा हैं जिन पर मिडिल ओवरों में रनों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी होगी।
हैदराबाद का दारोमदार कप्तान विलियम्सन पर
सनराइजर्स बल्लेबाजी में पूरी तरह अपने कप्तान केन विलियम्सन पर निर्भर कर रही है जो शानदार फॉर्म में हैं और सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में 661 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा ओपनर शिखर धवन (437) ने अपने प्रदर्शन में कुछ निरंतरता दिखाई है।
हैदराबाद के मध्यक्रम के बल्लेबाज मनीष पांडे को सुपरकिंग्स के खिलाफ ज्यादा जिम्मेदारी संभालने की जरूरत है। गेंदबाजी में सनराइजर्स अपने तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल और संदीप शर्मा और विदेशी स्पिनरों अफगानिस्तान के राशिद खान और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन पर निर्भर कर रही है।
हैदराबाद के गेंदबाजों को चेन्नई के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अंबाती रायडू को रोकने के लिए योजना बनानी होगी क्योंकि पिछली बार जब दोनों टीमें भिड़ी थीं तो रायडू के शतक ने चेन्नई को जीत दिलाई थी। पहले चरण के मैच में भी रायडू ने नाबाद 79 रन बनाए थे।
संभावित टीमें
चेन्नई सुपरकिंग्स: फाफ डू प्लेसी, अंबाती रायुडू, सुरेश रैना, एमएस धोनी (कप्तान), सैम बिलिंग्स, ड्वेन ब्रावो, रविंद्र जडेजा, हरभजन सिंह, शार्दुल ठाकुर, दीपर चाहर, लुंगी एनगिडी।
सनराइजर्स हैदराबाद: शिखर धवन, केन विलियमसन (कप्तान), मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, कार्लोस ब्रैथवेट, यूसुफ पठान, राशिद खान, श्रीवत्स गोस्वामी, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल, संदीप शर्मा।