CSK ने लगाया जीत का चौका: पिछले साल फिसड्डी रही चेन्नई बनी चैंपियन, धोनी के नाम चौथा आईपीएल खिताब
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 192 रन बनाए। फाफ डुप्लेसिस ने सबसे ज्यादा 86 रन की पारी खेली। जवाब में कोलकाता 165 रन ही बना सकी।
विस्तार
पिछले साल फिसड्डी रहने वाली सीएसके टीम ने इस बार कायापलट करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। पिछले सीजन चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी थी। वहीं, इस बार चेन्नई प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम, फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम और चैंपियनशिप जीतने वाली टीम बन गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 192 रन बनाए। फाफ डुप्लेसिस ने सबसे ज्यादा 86 रन की पारी खेली। इसके जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन ही बना सकी। केकेआर की टीम अच्छी शुरुआत को जीत में नहीं बदल सकी। शुभमन गिल ने 51 रन और वेंकटेश अय्यर ने 50 रन की पारी खेली थी।
आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई
चेन्नई की टीम इस जीत के साथ आईपीएल की दूसरे सबसे सफल टीम बन गई है। सीएसके के अलावा मुंबई ने सबसे ज्यादा पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। वहीं, कोलकाता की टीम दो बार खिताब जीत सकी है।
चेन्नई के टॉप-4 बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत बढ़िया रही। पहले विकेट के लिए ऋतुराज और डुप्लेसिस ने आठ ओवर में 61 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को सुनील नरेन ने ऋतुराज (32) को आउट कर तोड़ा। नरेन ने इसके बाद रॉबिन उथप्पा (31) को आउट किया। डुप्लेसिस ने 59 गेंद पर 86 रन बनाए। वह चेन्नई की पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। 20 ओवर में सीएसके टीम ने तीन विकेट गंवाकर 192 रन बनाए।
- पावरप्ले तक चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन था।
- पहले विकेट के लिए ऋतुराज और डुप्लेसिस के बीच 61 रन की साझेदारी हुई।
- ऋतुराज 32 रन बनाकर नरेन की गेंद पर आउट हुए।
- डुप्लेसिस (ने इस सीजन का छठा और ओवरऑल 22वां अर्धशतक लगाया।
- डुप्लेसिस अपना 100वां IPL मैच खेल रहे थे।
- दूसरे विकेट के लिए उथप्पा और डुप्लेसिस ने 33 गेंदों पर 63 रन जोड़े।
- उथप्पा ने 15 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 31 रनों की पारी खेली।
- तीसरे विकेट के लिए डुप्लेसिस और मोईन अली ने 39 गेंदों पर 68 रन जोड़े।
- मोईन अली ने 20 गेंदों पर 37 रनों की नाबाद पारी खेली।
- कोलकाता की ओर से नरेन ने दो विकेट और शिवम ने एक विकेट लिया।
चेन्नई के युवा ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा जमाया। गायकवाड़ सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने यह रिकॉर्ड 24 साल आठ महीने की उम्र में हासिल किया। उनसे पहले ये रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के पूर्व सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श (25 साल) के नाम पर दर्ज था।
डुप्लेसिस ऑरेंज कैप से चूके
डुप्लेसिस ने 100वें मैच में उन्होंने टीम के लिए स्पेशल पारी खेली। 86 रन की पारी खेलने के साथ ही डुप्लेसिस के इस सीजन में 16 मैच में 633 रन हो गए। वे ऋतुराज के इस सीजन में सबसे ज्यादा 635 रन से दो रन पीछे रह गए और ऑरेंज कैप से चूक गए। इस सीजन 600 से ज्यादा रन बनाने वाले वह सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं। ऋतुराज के अलावा केएल राहुल ने 626 रन बनाए हैं।
लॉर्ड शार्दुल ने कराई चेन्नई की वापसी
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए वेंकटेश अय्यर और शुभमन गिल ने 91 रन जोड़े। इस साझेदारी को तोड़ने का काम शार्दुल ठाकुर ने अय्यर (50) को आउट कर किया। इसी ओवर में उन्होंने नितीश राणा (0) की विकेट चटकाई। कोलकाता अभी इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि अगले ही ओवर में हेजलवुड ने सुनील नरेन (2) को पवेलियन भेज दिया।
एक समय कोलकाता ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 88 रन बना लिए थे। ऐसा लग रहा था टीम जीत जाएगी। तभी लॉर्ड शार्दुल ने मैच पलट कर रख दिया। 30 मिनट के अंदर कोलकाता ने सात विकेट गंवा दिए और मैच पूरी तरह से चेन्नई की पकड़ में आ गया। कोलकाता के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
- शुभमन गिल (51) ने आईपीएल करियर का 11वां और इस सीजन का तीसरा अर्धशतक लगाया।
- नीतीश राणा आईपीएल में छठी बार शून्य पर आउट हुए। उन्हें शार्दुल ने आउट किया।
- वेंकटेश ने आईपीएल करियर की चौथी फिफ्टी लगाई। वह 50 रन बनाकर आउट हुए।
- नीतीश (0), नरेन (2), मॉर्गन (4), कार्तिक (9), शाकिब (0), राहुल त्रिपाठी (2) कुछ खास नहीं कर सके।
- फर्ग्यूसन ने 18 रन और शिवम ने 20 रन की पारी खेली। मावी को ब्रावो ने आउट किया। वहीं, वरुण शून्य पर नाबाद रहे।
- चेन्नई की ओर से शार्दुल ने तीन और जडेजा-हेजलवुड ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, दीपक और ब्रावो को एक-एक विकेट मिला।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डुप्लेसिस, मोईन अली, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जोश हेजलवुड।
कोलकाता नाइट राइडर्स: वेंकटेश अय्यर, शुभमन गिल, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, इयोन मॉर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शाकिब अल हसन, सुनील नरेन, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती, लॉकी फ़र्ग्यूसन।