Ind Vs Ban: भारतीय गेंदबाजों ने ढाया कहर, बांग्लादेश को 240 रन से दी मात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपने दूसरे अभ्यास मैच में बांग्लादेश को 240 रन से मात दी है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट 324 रन बनाए। 325 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 23.4 ओवर में महज 84 रन पर ढेर हो गई। भारत के तेज गेंदबाजों ने कहर ढाते हुए 22 रन पर बांग्लादेश के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। अंत में पुछल्ले बल्लेबाजों ने कोशिश कर अपनी टीम को 84 रन तक पहुंचाया। इसके बावजूद बांग्लादेश को 240 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। उमेश ने 16 और भुवी ने 13 रन पर 3-3, बुमराह, शमी, अश्विन, बुमराह और पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किए। बांग्लादेश के केवल तीन बल्लेबाद दो अंकों तक पहुंच सके। मुश्फिकुर ने 13, मेहदी हसन ने सर्वाधिक 24 और सुजामुल इस्लाम ने 18 रन बनाए।
325 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम के लिए इमरुल कायस और सौम्य सरकार की जोड़ी ने 3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 10 रन बनाए। इसके बाद चौथे ओवर में उमेश यादव की विकेट के बाहर जाती एक गेंद को छेड़ने की कोशिश कर रहे सौम्य सरकार विकेट कीपर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे। वह केवल 2 रन बना सके। सरकार के बाद बल्लेबाजी के लिए आए शब्बीर अपना खाता भी नहीं खोल पाए। उमेश की अंदर आती एक गेंद पर वह बोल्ड हो गए। इसके बाद पारी के पांचवें ओवर में भुवी ने बांग्लादेश को तीसरा झटका देकर उनकी कमर तोड़ दी। भुवी की गेंद को पुल करने के प्रयास में कायस उमेश यादव को कैच दे बैठे। कायस ने 7 रन बनाए। सबसे रोचक बात यह रही कि 11 के स्कोर पर ही बांग्लादेश ने अपने पहले तीनों विकेट गंवाए।
इसके बाद पारी के सातवें ओवर में भुवी ने शाकिब अल अहन और महम्मदुल्लाह को पवेलियन वापस भेज दिया। रोहित ने शाकिब को कैच किया उन्होंने 6 रन बनाए।इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मदुल्लाह खाता भी नहीं खोल सके। दिनेश कार्तिक ने विकेट के पीछे उनका शानदार कैच लपक लिया। आठवें ओवर में उमेश ने एक बार फिर हमला किया और मोसद्दिक हुसैन को कार्तिक के हाथों लपकवा दिया। बांग्लादेश को ढहने से बचाने की कोशिश कर रहे मुशफिकुर और मेंहदी हसन ने सातवें विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। 13वें ओवर में शमी ने मुश्फिकुर रहमान को स्लिप पर जडेजा के हाथों कैच करा दिया। मुशफिकुर ने 13 रन बना सके। सुजामुल हुसैन के साथ पारी को संभाल रहे मेहदी ने 24 रन बनाए। कार्तिक ने बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे उनका कैच लपक लिया। सुजामुल हुसैन को अश्विन ने गली में रोहित के हाथों कैच कराया। अंत में बांग्लादेश की पूरी टीम 23.4 ओवर में 84 रन पर ढेर हो गई।
उमेश ने 16 और भुवी ने 13 रन पर 3-3, बुमराह, शमी और अश्विन ने 1-1 विकेट हासिल किए।
भारत और बांग्लादेश के बीच लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए अभ्यास मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी कर अपनी तैयारियों को पुख्ता किया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने शिखर धवन(60), दिनेश कार्तिक(94), हार्दिक पांड्या(80) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 324 रन बनाए।
भारत के लिए पारी की शुरुआत करने रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी उतरी। लेकिन पारी के दूसरे ओवर में वापसी कर रहे रोहित रुबेल हुसैन की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। रोहित केवल 1 रन बना सके। रोहित के बाद बल्लेबाजी के लिए आए रहाणे का बल्ला एकबार फिर नाकाम रहा। रहाणे मुस्तफिजुर की गेंद पर 11 रन बनाकर बोल्ड हो गए। पहले पावर प्ले में टीम इंडिया 10 ओवर में 48 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए धवन और कार्तिक के बीच 100 रन की साझेदारी हुई लेकिन अर्धशतक पूरा करने के बाद धवन सुंजामुल इस्लाम की गेंद पर कैच दे बैठे। धवन ने 67 गेंद में 60 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए केदार जाधव ने खुलकर बल्लेबाजी की लेकिन 31 रन बनाकर संजामुल इस्लाम की गेंद पर बोल्ड हो गए। कार्तिक ने नाबाद 94 रन बनाए। कप्तान विराट ने उन्हें शतक पूरा करने से पहले पवेलियन वापस बुला लिया। अंत में हार्दिक पांड्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 80 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से रुबेल हुसैन ने 3, सुंजामुल इस्लाम ने 2 और मुस्तफिजुर ने 1 विकेट हासिल किया।
टीम इस प्रकार हैं:
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, युवराज सिंह, एम एस धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, दिनेश कार्तिक, अजिंक्य रहाणे।
बांग्लादेश: तमीम इकबाल, इमरूल कायस, सौम्य सरकार, शब्बीर रहमान, महमुदुल्लाह रियाद, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम, मशरफे मुर्तजा, रूबेल हुसैन, मुस्ताफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, मेहदी हसन, मुसादिक हुसैन, संजामुल इस्लाम, शफीउल इस्लाम।