World Cup 2019: दक्षिण अफ्रीका की लगातार दूसरी हार, बांग्लादेश ने हराकर किया बड़ा उलटफेर
मुश्फिकुर रहीम (78) और शाकिब अल हसन (75) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने रविवार को विश्व कप के पांचवें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 21 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 330 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम निर्धारित 50 ओवर में 309 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
वहीं, बांग्लादेश की तरफ से मुस्ताफिजुर रहमान ने तीन, मोहम्मद सैफुद्दीन ने दो, जबकि मेहदी हसन मिर्जा और शाकिब अल हसन ने एक-एक विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए अनुभवी खिलाड़ी शाकिब अल हसन को मैन ऑफ मैच चुना गया है।
इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने विश्व कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है, जबकि इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले गुरूवार को इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 104 रन के बड़े अंतर से हराया था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत शानदार हुई, लेकिन 9.4 ओवर में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (23) रनआउट हो गए। पहले विकेट के लिए मार्करम और डिकॉक के बीच 49 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी शाकिब असल हसन ने 19.4 ओवर में एडेन मार्करम के रूप में दूसरा झटका दिया। मार्करम ने 56 गेंदों में 4 चौके की मदद से 45 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए डु प्लेसिस और मार्करम के बीच 53 रन की शानदार अर्धशतकीय साझेदारी हुई। मार्करम का विकेट लेते ही शाकिब ने वन-डे क्रिकेट में अपना 250 विकेट पूरे किए।
26.4 ओवर में दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका लगा। मेहदी हसन मिर्जा ने कप्तान फाफ डु प्लेसिस को क्लीन बोल्ड किया। वह 53 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 62 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद डेविड मिलर (38) के रूप में टीम का चौथा विकेट गिरा। मुस्तफिजुर रहमान ने उन्हें 35.1 ओवर में मेहदी हसन के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। मिलर और डूसन के बीच चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी हुई।
वहीं, 39.1 ओवर में मोहम्मद सैफुद्दीन ने रासी वैन डेर डूसन को बोल्ड किया। डूसन ने 38 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। इसके बाद टीम के एक के बाद एक विकेट गिरते गए। एंडिले फेहलुकवायो (8) के रूप में छठा, जबकि क्रिस मॉरिस (10) के रूप में सातवां झटका लगा। इसके बाद जेपी डुमिनी को मुस्ताफिजुर ने अपना शिकार बनाया। वह 37 गेदों में 4 चौके की मदद से 45 रन बनाए।
इससे पहले मुश्फिकुर रहीम (78) और शाकिब अल हसन (75) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 331 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 330 रन बनाए, जो कि वनडे क्रिकेट में उसका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस मैच में मुश्फिकुर और शाकिब के बीच तीसरे विकेट के 142 रन की बड़ी साझेदारी हुई। इसके अलावा महमूदुल्लाह ने 46 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की तरफ से इमरान ताहिर, एंडिले फेहलुकवायो और क्रिस मॉरिस ने दो-दो विकेट हासिल किए।
मुश्फिकुर-शाकिब की शानदार पारी
इसके बाद बारहवें ओवर की चौथी गेंद पर क्रिस मॉरिस की तीखी गेंद पर सौम्या सरकार विकेट के पीछे डिकॉक को कैच थमा बैठे और चलते बने। सरकार ने 30 गेंदों में 9 चौके की मदद से 42 रन बनाए। यहां से शाकिब और मुश्फिकुर ने पारी को संभाला और स्कोर 200 के पार पहुंचाया। मगर 35.1 ओवर में शाकिब ताहिर की फिरकी के शिकार हो गए। शाकिब ने 84 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 75 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए शाकिब और मुश्फिकुर के बीच 142 रन की विराट साझेदारी हुई।
39.4 में बांग्लादेश को मोहम्मद मिथुन के रूप में चौथा झटका लगा। फिरकी गेंदबाज ताहिर ने उन्हें बोल्ड किया। इसके कुछ ही देर बाद प्रोटियाज टीम को बड़ी सफलता मिली। 42.1 ओवर में एंडिले फेहलुकवायो ने मुश्फिकुर रहीम को डूसन के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। मुश्फिकुर ने 80 गेंदों में 8 चौके की मदद से 78 रन की शानदार पारी खेली।
इसके बाद 48.6 ओवर में मोसद्देक हुसैन को मॉरिस ने फेहलुकवायो के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वह 26 रन बनाकर आउट हो गए। छठे विकेट के लिए हुसैन और महमूदुल्लाह के बीच 66 रन की साझेदारी हुई।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने बांग्लादेश के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आज के इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम में दो बदलाव किया गया है। कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने चोटिल हाशिम अमला की जगह डेविड मिलर को टीम में शामिल किया है। वहीं, टीम ने क्रिस मॉरिस को भी प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है।
दोनों टीम इस प्रकार हैंः
बांग्लादेश: तमीम इकबाल, सौम्या सरकार, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), मोहम्मद मिथुन, महमूदुल्लाह, मोसद्देक हुसैन, मोहम्मद सैफुद्दीन, मेहदी हसन, मशरफे मुर्तजा (कप्तान), मुस्तफिजुर रहमान।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), रासी वैन डेर डूसन, डेविड मिलर, जेपी डुमिनी, एंडिले फेहलुकवायो, क्रिस मॉरिस, कागिसो रबाडा, लुंगी एन्गिडी, इमरान ताहिर।