बॉल टेंपरिंग मामले में बुरे फंसे स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया सरकार ने कहा- कप्तानी से हटाओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन बॉल टेंपरिंग (गेंद से छेड़छाड़) की बात स्वीकार की और अब वह इस मामले में बुरी तरह फंस चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को स्मिथ को कप्तानी से हटाने का आदेश दिया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मालकॉम टर्नबुल ने इस घटना को शर्मनाक करार दिया है।
टर्नबुल ने कहा, 'मैंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के चेयरमैन डेविड पियर्स से इस मामले पर बात की है। मैंने उन्हें बता दिया कि इस घटना से मुझे बहुत निराशा हुई है।' ऑस्ट्रेलियाई स्पोर्ट कमीशन चेयरमैन जॉन वाइली ने कहा, 'जो कुछ भी मैदान पर घटा, उसके खिलाफ हम स्मिथ और पूरी टीम पर जल्द ही एक्शन लेंगे। ऑस्ट्रेलिया की सरकार हमें इस मामले पर जल्द ही फैसला लेने के लिए कह रही है।'
बेनक्रॉफ्ट को अपनी पैंट के अंदर कुछ पीले रंग की चीज रखते टीवी कैमरा में कैद किया गया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया। यह वीडियो दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी के 43वें ओवर का है, जिसमें बेनक्रॉफ्ट पीले रंग की कोई चीज हाथ में लिए दिखाई दिए। इसके बाद अंपायर नाइजल लोंग और रिचर्ड इलिंगवर्थ ने उनसे बात भी की।
#SAvsAUS see for yourself. Is that not cheating??? pic.twitter.com/DPC8pkdYg5
— Nishen (@ndaya001) March 24, 2018
स्मिथ और बेनक्रॉफ्ट ने इस तरह स्वीकार की अपनी गलती
जब अंपायर उनसे बात करने के लिये पहुंचे तो उन्होंने पैंट की जेब में हाथ डालकर दिखाया, जिसमें वह पीली चीज गायब थी। वह धूप के चश्मे को साफ करने के लिये मुलायम कपड़े जैसा लग रहा था।
इससे पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ जेम्स सदरलैंड ने कहा था कि इस पूरे मामले की क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया खुद जांच करेगा। उन्होंने साथ ही कहा था कि जब तक यह जांच चलेगी, तब तक स्मिथ टीम के कप्तान बने रहेंगे। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्रिकेट जगत के ज्यादातर दिग्गज कह रहे हैं कि उन्हें कप्तानी छोड़ देनी चाहिए या उन्हें हटा देना चाहिए।
बेनक्रॉफ्ट ने तीसरे दिन स्टंप्स के बाद कहा, 'मैंने मैच अधिकारियों से चर्चा की। मैं गलत समय पर गलत जगह खड़ा था। मैं प्रेस कांफ्रेंस में इसलिए आना चाहता था ताकि अपनी गलती का जवाब दे सकूं। हमने ब्रेक में टीम से चर्चा की और मुझे कुछ टेप इस्तेमाल करने का मौका मिला। हालांकि यह कारगर साबित नहीं हुआ और अंपायर्स ने गेंद नहीं बदली।'
वहीं कप्तान स्मिथ ने कहा, 'नेतृत्व समूह इसके बारे में जानता था। हमें अपनी गलती पर खेद है। जो कुछ हुआ, उसके लिए बेहद खेद है। यह खेल भावना के विपरीत है। मैं आपसे वादा करता हूं कि ऐसा फिर कभी नहीं होगा।' कप्तान स्मिथ ने साथ ही कहा कि वह इस गलती के चलते कप्तानी पद से इस्तीफा नहीं देंगे।