कंगारू टीम तैयार थी रवाना होने को, फिर एक घटना ने दौरे पर पानी फेरा!
करीब एक दशक बाद ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम बांग्लादेश के दौरे पर आने वाली थी लेकिन अब उस पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए 27 सितंबर (रविवार) को बांग्लादेश के लिए रवाना होना था लेकिन रवाना होने से तुरंत पहले कंगारू टीम को सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने नहीं दिया गया। ऑस्ट्रेलियाई टीम का दौरा अभी अधर में है और खिलाड़ी सुरक्षा संबंधी नई चेतावनी जारी होने के बाद अपने घरों को लौटने लगे हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने रविवार को अपने विदेश मंत्रालय से मिली इस चेतावनी के बाद दौरे को स्थगित कर दिया कि भारत के इस पड़ोसी देश में आतंकवादी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को निशाना बना सकते हैं। सीए का कहना है कि फिलहाल अभी सि्थति में कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा है। हम अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अगली सूचना आने तक खिलाड़ियों को अपने-अपने राज्यों के ट्रेनिंग कैंपों से जुड़ने के लिए कह दिया गया है।
एक घटना ने बदल दिए हालात, ऑस्ट्रेलियाई टीम का बांग्लादेश दौरा खटाई में
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारी सुरक्षा देने का वायदा किया था। स्थानीय गृह मंत्री का कहना था कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को राष्ट्राध्यक्षों के बराबर वाली भारी सुरक्षा दी जाएगी।
पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार पहला टेस्ट मैच 9 अक्टूबर से खेला जाना है। क्रिकेट टीम के दौरे पर संकट के बादल मंडरा जाने से अब 17 नवंबर को ढाका में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप फुटबॉल के क्वालीफायर मुकाबले पर भी संशय हो गया है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के दौरे संकट में पड़ने के पीछे अहम कारण सोमवार को ढाका के डिप्लोमैटिक क्वार्टर पर एक इटैलियन नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल पर सवार आक्रमणकारियों ने इटैलियन नागरिक पर 3 बार निशाना साधा। इन आक्रमणकारियों को इस्लामिक स्टेट ग्रुप से संबंधित बताया जा रहा है। इस घटना के बाद ढाका में सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
मंगलवार को इंटरनेशनल स्कूल बंद रहे, जबकि पशि्चमी दूतावासों ने अपने डिप्लोमैट्स के कई कार्यक्रम रद्द कर दिए। इंग्लैंड और अमेरिका ने सुरक्षा संबंधी अलर्ट जारी कर दिए हैं। अमेरिका ने अपने डिप्लोमैट्स को इंटरनेशनल होट्लस में ही रहने की हिदायत दी है। एक सूचना यह भी है कि आतंकी बांग्लादेश में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर हमला कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के अधिकारी मंगलवार को बांग्लादेश में सुरक्षा और खुफिया अधिकारियों से बातचीत के बाद अपने देश लौट गए हैं। बांग्लादेश बोर्ड का कहना है कि अगले कुछ दिन में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय उपमहाद्वीप का दौरा करेगी।