Asia Cup IND-PAK Controversy: सियासी बयान के लिए सूर्यकुमार पर जुर्माना, ICC के फैसले के खिलाफ BCCI ने की अपील
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया। उन पर यह कार्रवाई पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा की गई शिकायत पर सुनवाई के बाद की गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खेल की वैश्विक संस्था के इस फैसले के खिलाफ अपील की है।
विस्तार
पीसीबी ने 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद निर्धारित सात दिन की अवधि के भीतर शिकायत दर्ज की थी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था और भारतीय टीम की जीत को ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की थी।
टूर्नामेंट सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर समाचार एजेंसी पीटीआई से गुरुवार को कहा, 'सूर्यकुमार आज आईसीसी की सुनवाई में शामिल हुए। उनके साथ बीसीसीआई के सीओओ और क्रिकेट संचालन प्रबंधक थे। रिचर्डसन ने उन्हें समझाया कि उन्हें किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए जिसे राजनीतिक प्रकृति का माना जा सके। प्रतिबंध का अभी पता नहीं चल पाया है। चूंकि यह लेवल 1 के तहत आता है, इसलिए यह या तो चेतावनी हो सकती है या मैच फीस में 15 प्रतिशत कटौती का वित्तीय जुर्माना।' हालांकि, अब खबर आई है कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जु्र्माना लगाया गया है।
सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, 'मैं कुछ कहना चाहता हूं और यह मौका भी सही है। हम पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवार के साथ हैं और इनके साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। मैं यह जीत (पाकिस्तान के खिलाफ) हमारे सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करता हूं जिन्होंने काफी बहादुरी दिखाई है। उम्मीद है कि वे आगे भी हमें प्रेरित करते रहेंगे और जब भी हमें उन्हें खुशी देने का मौका मिलेगा, हम उनके चेहरे पर हंसी लाते रहेंगे।'
रऊफ को सजा, फरहान को सख्त चेतावनी
इससे पहले, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की शिकायत पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को सुनवाई की। यह शिकायत पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को लेकर की गई थी। समाचार एजेंसी पीटीआई ने टूर्नामेंट से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि आईसीसी ने हारिस रऊफ को भारत के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच के दौरान अभद्र भाषा और आक्रामक इशारे करने का दोषी पाया और उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। वहीं, साहिबजादा फरहान को उनके 'गनफायर सेलिब्रेशन' के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 'मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने शुक्रवार दोपहर टीम होटल में सुनवाई पूरी की। सुनवाई के बाद रऊफ पर जुर्माना लगाया गया, जबकि फरहान को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।'