फटकार: अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान ने टिम पेन को लताड़ा, बोले- बिना जाने ना दें आक्रामक बयान
असगर अफगान ने पेन से कहा कि आईसीसी के नियमों के अनुसार, देश की टीम को न सिर्फ आगामी टी-20 विश्व कप बल्कि आईसीसी के अन्य टूर्नामेंटों में खेलने का भी अधिकार है। इसलिए आपको आक्रामक बयान देने से बचना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान टिम पेन को फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को बगैर जाने उन्हें आक्रामक बयान नहीं देना चाहिए। दरअसल, पेन ने कहा था कि इस युद्धग्रस्त देश का आगामी टी-20 विश्व कप में खेलना असंभव है। इसी टिप्पणी को लेकर असगर ने पेन को लताड़ा है। पेन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अफगानिस्तान के खिलाफ 27 नवंबर से शुरू होने वाले टेस्ट मैच को रद्द करने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा था कि तालिबान ने महिलाओं को क्रिकेट खेलने से रोक दिया है और ऐसे में अफगानिस्तान जैसी टीम के लिए आईसीसी से मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल होगा।
अफगानिस्तान को आईसीसी के अन्य टूर्नामेंटों में खेलने का भी अधिकार है
अफगान ने पेन को लिखे पत्र में कहा कि आईसीसी के नियमों के अनुसार, देश की टीम को न सिर्फ आगामी टी-20 विश्व कप बल्कि आईसीसी के अन्य टूर्नामेंटों में खेलने का भी अधिकार है। अफगान ने कहा, 'क्रिकेट में इस स्तर पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत और समर्पण की जरूरत होती है। अफगानिस्तान क्रिकेट में कम सुविधाओं वाला देश है, उसके पास आधारभूत ढांचा नहीं है, इसके बावजूद अभी हम जहां हैं और शीर्ष 10 देशों से कंधे से कंधा मिलाकर खेल रहे हैं, उसके लिए दृढ़ संकल्प, जुनून और प्रतिभा की जरूरत पड़ती है।'
आपको आक्रामक बयान देने से बचना चाहिए
उन्होंने आगे कहा, 'इसलिए आपको आक्रामक बयान देने से बचना चाहिए, जिसके परिणामस्वरूप अफगान क्रिकेट अलग थलग पड़ सकता है।' पूर्व कप्तान ने कहा कि अफगानिस्तान में अब क्रिकेट नंबर एक खेल है और लगभग तीन करोड़ अफगानिस्तानी उसका अनुसरण करते हैं। अफगान ने लिखा, 'इससे पता चलता है कि या तो आप परिस्थितियों से अनजान हैं या विरोधाभास में ऐसा बयान दे रहे हैं। कुछ भी हो आप अफगान क्रिकेट और पिछले एक दशक में कड़ी मेहनत से जो कुछ हासिल किया उसे नुकसान पहुंचा रहे हैं।'
टी-20 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान की टीम
राशिद खान, रहमनउल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), हजरतउल्लाह जाजाई, उस्मान गनी, असगर अफगान, मोहम्मद नबी (कप्तान), नजीबुल्लाह जादरान, हसमतउल्लाह शाहिदी, मुहम्मद शहजाद, मुजीब उर रहमान, करीम जनत, गुलबदीन नायब, नवीन उल हक, हमीद हसन, शराफुद्दीन अशरफ, दौलत जादरान, शापूर जादरान और कैस अहमद।
रिजर्व: अफसर जजई और फरीद अहमद मलिक