अफगानिस्तान ने जड़े 26 चौके 9 छक्के, 226 रन से जीत लिया मैच
अंडर 19 वर्ल्ड कप अब अपने पूरे शबाब पर है। टूर्नामेट के एक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने फिजी टीम के खिलाफ निर्धारित 50 ओवर में 340 बना डाले। इसमें टीम के ओपनर करीम जनत ने 156 रनों की शतकीय तूफानी पारी खेली। करीम ने 6 छक्के और 12 चौके लगाए। जबकि पूरी टीम की ओर से 26 चौके और 9 छक्के भी लगे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद अफगानिस्तान की शुरुआत थोड़ा खराब रही। 50 से पहले ही तीन अहम विकेट गंवाने के बाद टीम को ओपनर करीम ने संभाला। उनका साथ परवेज मलाकजई (74 रन, 2 छक्के 6 चौके) ने बखूबी दिया। उसके बाद टीम के पुछल्ले बल्लेबाजों ने भी रनों के अंबार में थोड़ा-थोड़ा सहयोग दिया।
अफगान बल्लेबाजों ने किसी गेंदबाज को नहीं छोड़ा
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान टीम ने फिजी के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। खासकर करीम जनत की बल्लेबाजी अद्भुत थी। फिजी टीम के हर गेंदबाज ने 6 से ज्यादा इकोनॉमी रेट से रन लुटाए।
जवाब में फिजी टीम की हालत बेहद खराब रही। पूरी टीम 31.2 ओवर में मात्र 114 रन पर ढ़ेर हो गई। अफगान टीम ने 226 रनों की शानदार जीत दर्ज की ली। इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गया है।
वहीं क्वार्टर फाइनल के दो अन्य मुकाबलों में से एक में बांग्लादेश ने नेपाल को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। नेपाल के 9 विकेट पर 211 के जवाब में बांग्लादेश ने 4 विकेट पर 49वें ओवर में 215 रन बना लिए।
क्वार्टर फाइनल के तीसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने कनाडा को 6 विकेट करारी शिकस्त दी। कनाडा के 50 ओवर में 8 विकेट पर 186 के स्कोर को जिम्बाब्वे ने 110 गेंद और 6 विकेट रहते ही हासिल कर लिया। सेमीफाइनल की चौथी टीम के लिए शनिवार को भारतीय टीम नामिबिया से भिड़ेगी।