इस अफगान खिलाड़ी का सपना होगा पूरा, बचपन के नायक युवराज के साथ खेलेगा क्रिकेट
अफगानिस्तान के 18 वर्षीय स्पिनर राशिद खान आईपीएल खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के इस खिलाड़ी के उत्साह की वजह बचपन के नायक युवराज सिंह के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलना है।
लेग स्पिनर राशिद के लिए पिछले तीन महीने किसी सपने जैसे रहे। इस बीच वह और उनके साथी मोहम्मद नबी पिछले महीने आईपीएल नीलामी में आईपीएल से जुड़ने वाले पहले अफगानी क्रिकेटर बने। आईपीएल पांच अप्रैल से शुरू होना है।
आयरलैंड के खिलाफ ग्रेटर नोएडा में श्रंखला खेलने में व्यस्त राशिद ने कहा, पिछले तीन महीनों में काफी कुछ हुआ है। मैंने इसका भरपूर आनंद लिया। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो पा रहा है कि वह युवराज, डेविड वार्नर, केन विलियमसन और शिखर धवन जैसे खिलाड़ियों के साथ एक ड्रेसिंग रूम में रहेंगे।
बचपन से ही हूं युवराज का बड़ा प्रशंसक
राशिद ने आगे कहा, आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी लीग है। यह एसोसिएट क्रिकेट से काफी बड़ी है। आईपीएल नीलामी के बाद मैंने और कड़ी मेहनत की है। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मैं उन खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करूंगा जिन्हें टेलीविजन पर देखकर बड़ा हुआ हूं। युवराज को लेकर राशिद ने कहा, मैं बचपन से ही उनका बड़ा प्रशंसक हूं। मुझे वास्तव में उनकी आक्रामक शैली पसंद है।
उम्मीद है कि मुझे उनके साथ समय बिताने और उनसे कुछ सीखने का मौका मिलेगा। टाम मूडी, वीवीएस लक्ष्मण और मुथैया मुरलीधरन जैसे सहयोगी स्टाफ में शामिल पूर्व खिलाड़ियों का साथ भी खास होगा। नीलामी के बाद मैंने मूडी सर से बात की और उन्होंने टीम में मेरा स्वागत किया।