31 गेंदों पर शतक ठोककर बना दिया नया रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच हुए दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका के मिस्टर परफेक्ट एबी डीविलियर्स ने महज 31 गेदों में अपनी सेंचुरी लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। डीविलियर्स की धुंआधार बल्लेबाजी के आगे वेस्टइंडीज के गेंदबाज बेबस नजर आ रहे थे।
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर द. अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का ऑफर दिया। टीम की ओर से कप्तान हाशिम अमला के साथ रिले रोसाउ ने टीम को शानदार शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 247 रन जोड़े।
रोसाउ (128) जेरोम टेलर के शिकार बने। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर एबी डीविलियर्स आए। आते ही डीविलियर्स की तूफानी पारी शुरू हो गई। उन्होंने किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा।
केवल 31 गेदों में लगा दिया शतक
क्रीज पर आते ही एबी डीविलियर्स (149) ने रंग में दिखे। कप्तान हाशिम अमला (153) एक छोर से जमकर खेल रहे थे तो दूसरी ओर डीविलियर्स की तूफानी पारी जारी थी। उन्होंने केवल 31 गेंदों पर शतक ठोक डाला।
डीविलियर्स ने मात्र 59 गेदों पर 149 रनों की विशाल पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 16 छक्कों और 9 चौके लगाए। डीविलियर्स से पहले न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन ने वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 35 गेंदों पर शतक ठोककर पाकिस्तानी बल्लेबाज शाहिद आफरीदी (36 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा था।
डीविलियर्स की पारी की बदौलत द. अफ्रीका ने 50 ओवरों में 439 रन बनाए। यह स्कोर वनडे क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
डीविलियर्स को आंद्रे रुसेल ने आउट किया। वर्ल्ड कप से ठीक पहले डीविलियर्स की इस यादगार पारी के बाद वर्ल्ड कप 2015 का रोमांच काफी बढ़ गया है।