IPL: दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब को बड़ा झटका, मोटी रकम लेकर खिलाड़ियों ने खड़े किए हाथ
7 अप्रैल से शुरू होने जा रहे आईपीएल सीजन-11 के शुरू होने से पहले ही दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब को तगड़ा झटका लगा है। किंग्स इलेवन पंजाब के एरॉन फिंच और दिल्ली डेयरडेविल्स के ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
दरअसल ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स को लगा था कि मैच 15 फरवरी से शुरू होंगे, लेकिन शेड्यूल जारी होने के बाद इन खिलाड़ियों ने अपनी गैर-मौजूदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया। बता दें कि आईपीएल में इन दोनों टीमों के कोच भी ऑस्ट्रेलिया से ही हैं। इस सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स के कोच रिकी पोंटिंग है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच को किंग्स इलेवन पंजाब ने 6.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि ग्लेन मैक्सवेल को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 9 करोड़ रुपये देकर अपने दल में शामिल किया था। किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच पहला मुकाबला फिरोजशाह कोटला के मैदान पर 8 अप्रैल को होगा।
इससे पहले बीसीसीआई ने बुधवार को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) सीजन-11 का शेड्यूल जारी किया। आईपीएल सीजन-11 में पहला मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में 7 अप्रैल को मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा।
51 दिनों तक चलने वाला यह टूर्नामेंट नौ जगहों पर खेला जाएंगा। आईपीएल के इस सीजन में 56 लीग मैच के साथ कुल 60 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसका फाइनल मैच 27 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।