स्मिथ-वॉर्नर के समर्थन में उतरा यह पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज, कहा- IPL में होगा नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के पूर्व टेस्ट ओपनर आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में शामिल होने पर उनके क्रिकेट खेलने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के एक साल के प्रतिबंध के फैसले को बेहद कड़ा बताया है। उन्होंने 'अमर उजाला' से गुरुवार को कहा, 'स्मिथ और वॉर्नर पर आईसीसी ने अपने नियमों के आधार पर प्रतिबंध लगाया। वहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) का देश में क्रिकेट प्रेमियों में इन दोनों के प्रति गुस्से को देखते हुए जमीर की आवाज पर एक नजीर कायम करने के लिए नैतिक आधार पर क्रिकेट खेलने पर एक साल का प्रतिबंध लगाने का फैसला बेहद कड़ा है। जब फैसला जमीर की आवाज पर लिया जाता तो फिर इसकी कोई सीमा नहीं होती। मैं यह कहूंगा कि गेंद से छेड़छाड़ में केवल ये तीनों बल्लेबाज -स्मिथ, वॉर्नर और केमरन बेनक्रॉफ्ट ही शामिल थे और किसी गेंदबाज को इसकी जानकारी तक ही नहीं थी यह तो मेरी राय में दिन को रात कहना होगा। टीम की इस तरह की योजना में केवल तीन नहीं अनेक लोग शामिल थे।'
आकाश चोपड़ा ने कहा, 'मेरा निजी तौर पर मानना है कि सनराइजर्स हैदराबाद को 2018 आईपीएल 11 में डेविड वॉर्नर की कमी बेहद अखरेगी। वॉर्नर के खासतौर पर बतौर कप्तान टीम को जिताने का जज्बा बेमिसाल रहा है प्रतिबंध के कारण राजस्थान रॉयल्स के स्टीव स्मिथ से ज्यादा सनराइजर्स को वॉर्नर का 2018 आईपीएल में न खेल पाना ज्यादा अखरेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि हैदराबाद के लिए राजस्थान के स्मिथ के मुकाबले वॉर्नर कहीं बड़े तुरुप के इक्के थे। इन दोनों के 2018 आईपीएल से बाहर होने आईपीएल की चमक कतई फीकी नहीं होगी। कहते हैं कुछ भी हो जिंदगी अपनी रफ्तार चलती रहती है। इन दोनों का प्रतिबंध के चलते 2018 आईपीएल में नहीं खेल पाना दो अन्य बेहतरीन क्रिकेटरों के इसमें खेलने की राह खोलेगा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे पहले हीवॉर्नर की जगह विलियमसन को सनराइजर्स हैदराबाद का कप्तान नियुक्त किए जाने की उम्मीद थी। वह पिछले सीजन में सनराइजर्स के 'लीडरशिप ग्रुप' में थे। इस बार विलियमसन को सनराइजर्स द्वारा बरकरार रखने का बड़ा कारण उनकी बेहतरीन बल्लेबाज होने के साथ उनकी नेतृत्व क्षमता भी था। मेरा मानना है कि केन 2018 में वॉर्नर का बतौर कप्तान बेहतरीन विकल्प साबित होंगे। विलियमसन को कप्तानी सौंपी जाने से सनराइजर्स को वॉर्नर की कमी कप्तान के रूप में भले न अखरे लेकिन बल्लेबाज के रूप में उनकी उनकी कमी शिद्दत से महसूस होगी। सीए अब स्मिथ और वॉर्नर के ऑस्ट्रेलिया में राज्य क्रिकेट में खेलने पर प्रतिबंध लगा चुका है। अब यदि इन दोनों को 2018 आईपीएल में खेलने दिया जाता तो बड़ा गलत संदेश जाता। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) किसी भी क्रिकेटर के किसी भी तरह के गलत काम करने पर उसके खिलाफ कतई ढील नहीं बरतने की नीति अपनाई है। हमने अभी तक अपने किसी भी दागी क्रिकेटर को फिर वापस आकर खेलने की इजाजत नहीं दी है। आईपीएल की संचालन समिति के पास स्मिथ और वॉर्नर पर प्रतिबंध लगाने के अलावा कोई विकल्प ही नहीं था।'
उन्होंने कहा, 'मेरी राय में 2018 आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस की अंतिम एकादश सबसे मजबूत है। दिल्ली डेयरडेविल्स की बेंच स्ट्रेंग्थ भी बहुत मजबूत है। चेन्नै सुपर किंग्स की टीम महेंद्र सिंह की धोनी की अगुवाई में खासी मजबूत है और रंग में चल रहे दिनेश कार्तिक की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स खासी संतुलित है। फिर भी टी-20 का मिजाज ऐसा है कि इसमें एक ओवर में मैच तस्वीर बदल जाती है। कहने का मतलब यह कि क्रिकेट का यह सबसे छोटे फॉर्मेट ऐसा है कि इसमें कुछ भी उलटफेर मुमकिन है।'