वो 3 कारण जिसने मुकाबले को अंतिम गेंद तक खींच डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टी-20 क्रिकेट का बेस्ट रोमांच इसी में है कि मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हो और इस गेंद के डाले जाने से पहले किसी को कोई आइडिया न हो कि मैच किसके पक्ष में जा रहा है। होली से पिछली वाली रात बंगलुरू में भारत और बांग्लादेश के बीच कुछ इसी तरह का मैच हुआ।
अंतिम गेंद पर जीत के लिए जहां बांग्लादेश को 2 रन बनाने थे तो टीम इंडिया को जीतने के लिए इस गेंद पर एक भी रन नहीं बनने देना था। यही कारण है कि जब 20वें ओवर की अंतिम गेंद बल्ले पर नहीं आई और गेंद विकेटकीपर धोनी के पास जा रही थी तो बांग्लादेशी बल्लेबाज तेजी से बाई के रूप में एक रन लेकर मैच को टाई कराना चाहते थे, लेकिन चतुर धोनी ने गेंद को लपकने के बाद सीधे थ्रो करने के बजाए विकेट के करीब आकर सटीक निशाना बनाते हुए विकेट पर गेंद को मारा और भारत यह मैच एक रन से जीत गया।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा नौंवीं बार हुआ जब किसी मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ और एक टीम महज एक रन से हार गई। अंतिम 3 गेंदों पर विकेट गंवाने वाले बांग्लादेश को पहली बार इस तरह से हार का सामना करना पड़ा है, वहीं टीम इंडिया ने दूसरी बार एक रन से जीत हासिल की है। लेकिन जानते हैं वो 3 कौन से खास कारण रहे जिन्होंने मैच को इतना रोमांचक बना दिया और मैच का निर्णय अंतिम गेंद पर जाकर निकला।
3 कारण जिसने मैच को अंतिम गेंद तक खींचा
भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना था। मैच में ये रहे 3 कारण।
पहला, मैच में भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत शानदार रही और मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने जिस तरह से बड़े शॉट लगाए उससे लगा कि टीम इंडिया बड़े स्कोर की ओर जा रही है, लेकिन स्लॉग ओवर्स में बल्लेबाज कुछ ज्यादा नहीं कर सके। भारत के 100 रन 14 ओवर में बन गए थे। उसे अंतिम 6 ओवर में 60-70 रन और बनाने थे लेकिन टीम सिर्फ 46 रन ही जोड़ सकी और वह भी उस मैदान पर जहां क्रिस गेल ढेरों बड़ी और विस्फोटक पारियां खेल चुके हैं।
दूसरा, भारतीय टीम ने 147 रनों का लक्ष्य दिया था और इस स्कोर का बचाव करने के लिए गेंदबाज अपना पूरा दमखम लगा रहे थे लेकिन क्षेत्ररक्षकों ने कई कैच छोड़े। भारत की ओर से कम से कम 3 आसान कैच टपकाए गए जिसका फायदा बांग्ला टीम को मिला और मैच इस कदर रोमांचक बन गया।
तीसरा, भारत ने जहां कई आसान कैच टपकाए लेकिन एक कैच ऐसा भी रहा जिसने मैच को भारत की जद में ला दिया। हार्दिक पांड्या 20 ओवर डाल रहे थे और चौथी गेंद पर उन्होंने शिखर धवन के हाथों मुशफिकर रहीम के हाथों कैच आउट करा दिया। पांचवीं गेंद पांड्या ने शॉर्ट बॉल डाली जिसे बल्लेबाज महमुदुल्लाह ने पुल करते हुए कवर की दिशा में खेल दिया जो काफी देर तक हवा में रही। इस बीच रविंद्र जडेजा उसे लपकने के लिए काफी दूर से दौड़ते हुए आए और अपने दाईं ओर डाइव लगाते हुए कैच को बेहद शानदार अंदाज में लपक लिया। यह कैच काफी कठिन था और इसे लपकने के साथ ही भारत ने इस गेंद पर भी एक रन नहीं दिया जिससे अंतिम ओवर में एक गेंद पर 2 रन बनाने का लक्ष्य मिला। इस गेंद से पहले भी पांड्या ने एक और सफलता हासिल की थी, जबकि तीसरी गेंद पर उन्होंने 4 रन भी दे दिए थे। इस लिहाज से अगले 2 विकेट रन रोकने के मामले में काफी निर्णायक साबित हुए।