फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   world cinema history, William Bradley Pitt American actor and film producer

विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: ब्रैड पिट- 'सेक्सिएस्ट मैन अलाइव

Fri, 09 Dec 2022 04:43 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Fri, 09 Dec 2022 04:43 PM IST
सार

ब्रैड पिट ने पिछली सदी के अंतिम दशक में कई भव्य फ़िल्मों में काम किया, (‘इंटरव्यू विथ द वैम्पायर: द वैम्पायर क्रोनिकल्स’, ‘लेजेंड्स ऑफ़ फ़ॉल’ में रोमांटिक भूमिकाएं कीं। हॉरर-थ्रिलर ‘Se7en’ में डिडेक्टिव बना और 1995 में साइंस फ़िक्शन फ़िल्म ‘12 मंकीज’ के लिए सर्वोत्तम सहायक अभिनेता ग्लोब पुरस्कार उसे मिला।

विज्ञापन
world cinema history, William Bradley Pitt American actor and film producer
ब्रैड पिट की फिल्में और इतिहास - फोटो : Twitter

विस्तार

स्कूल कौंसलर जेन तथा ट्रक कंपनी मैनेजर के घर 18 दिसम्बर 1963 को विलियम ब्रैडली पिट का जन्म हुआ। तब किसी ने सोचा भी न होगा कि यह लड़का एक दिन ‘सैक्सिएस्ट मेन’, ‘पॉवर 50’, ‘हॉटेस्ट हॉटीज’, ‘ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ़ ऑल टाइम’ की सूची में शामिल किया जाएगा। दो बार ‘सैक्सिएस्ट मैन अलाइव’ चुना जाएगा। धड़ल्ले से फ्रेंच बोलेगा और पत्नी को चकित करने के लिए ग्रीक भाषा सीखेगा क्योंकि पत्नी के पूर्वज ग्रीक थे। एक साथ प्रोड्यूसर, एक्टर, एक्जिक्यूटिव के रूप में प्रसिद्ध होगा।

विज्ञापन


ओक्लाहोमा में जन्म लेकर ब्रैड पिट ने स्कूल में स्पोर्ट, वाद-विवाद, म्यूजिक में नाम कमाया। यूनिवर्सिटी ऑफ़ मिसौरी से जर्नलिज्म-एडवरटाइजिंग का कोर्स किया। युवा ब्रैड पिट ने विज्ञापन की पढ़ाई की है और विज्ञापन में काम भी किया है। जापान में वह एडविन जीन्स कमर्शियल में रहा है तथा जापान की डिब्बाबंद कॉफ़ी ‘रूट्स’ के विज्ञापन में भी कुछ समय रहा।
विज्ञापन


एक्टिंग से पहले स्ट्रिपर्स को लिमोसिन में घुमाया और कई काम किए। फ़िल्मों में आने से पहले टेलीविजन (‘एनदर वर्ल्ड’, ‘डलास’, आदि) में काम किया। ब्रैड पिट पर दर्शकों का ध्यान गया जब 1991 में उसने ‘थेल्मा एंड लुइस’ में सैक्सी अपराधी की छोटी-सी भूमिका की। फ़िर कुछ और भूमिकाएं की पर किसी का ध्यान ब्रैड के काम पर नहीं गया।

विज्ञापन
विज्ञापन


‘ए रिवर रन्स थ्रू इट’

असल प्रसिद्धि आई 1992 में फ़िल्म ‘ए रिवर रन्स थ्रू इट’ के साथ। इसमें उसके साथ उसके दोस्त बक सिमन्ड्स ने भी काम किया। इस फ़िल्म के लिए उसे फ़िशिंग प्रतियोगिता ‘फ़्लाई-कास्ट’ सीखनी पड़ी, इस दौरान इसमें महारत हासिल करने के लिए उसने हॉलीवुड में इमारतों के ऊपर अभ्यास किया। फ़िल्म की सेटिंग बीसवीं सदी के पहले दशक की है, फ़िल्म में ब्रैड पिट बार में नेटिव अमेरिकन को अल्कोहल परोसे जाने के अधिकार की रक्षा केलिए आवाज उठाता है। यही काम वह फ़िल्म ‘लेजेंद्स ऑफ़ फ़ॉल’ में भी करता है।


‘ए रिवर रन्स थ्रू इट’ में फ़्लाई-फिशिंग जिंदगी का प्रतीक है, अगर आप इसे ठीक से करना सीख लेते हैं, नदी, मछली और खुद को पढ़ना सीख लेते हैं, तो आप गरिमामय जीवन व्यतीत कर सकते हैं। फ़िल्म को सर्वोत्तम सिनेमाटोग्राफ़ी का ऑस्कर पुरस्कार प्राप्त हुआ। फ़िल्म में मोन्टाना के प्राकृतिक दृश्यों का खूबसूरत फ़िल्मांकन है। 
 

ब्रैड पिट ने पिछली सदी के अंतिम दशक में कई भव्य फ़िल्मों में काम किया, (‘इंटरव्यू विथ द वैम्पायर: द वैम्पायर क्रोनिकल्स’, ‘लेजेंड्स ऑफ़ फ़ॉल’ में रोमांटिक भूमिकाएं कीं। हॉरर-थ्रिलर ‘Se7en’ में डिडेक्टिव बना और 1995 में साइंस फ़िक्शन फ़िल्म ‘12 मंकीज’ के लिए सर्वोत्तम सहायक अभिनेता ग्लोब पुरस्कार उसे मिला। सर्वोत्तम अभिनेता का पुरस्कार ब्रूस विलीस की झोली में गया। इसी नाम से टीवी सिरीज और टीवी फिल्म भी बनी है।


कुल 83 और तीन ऑस्कार से नवाजी गई, उल्टी दिशा में बढ़ती उम्र के लाजवाब अभिनय को कौन भूल सकता है। इस फ़िल्म में डेजी (कैट बिलंचेट) ब्रैड पिट की सह-नायिका है। आपने फिल्म के नाम का अनुमान लगा लिया होगा। आप सही हैं, इसका नाम है, ‘द क्यूरिअस केस ऑफ़ बेंजामिन बटन’। 2008 की इस फ़िल्म में बेंजामिन बटन (ब्रैड पिट) एक विरल व्याधि से ग्रसित है, जिसमें समय बढ़ने के साथ उम्र घटती जाती है। इस फ़ंतासी-ड्रामा फ़िल्म का निर्देशन डेविड फ़िंचर ने किया है।

फ़िल्म की कहानी प्रसिद्ध अमेरिकी उपन्यासकार एफ़. स्कॉट फ़िट्जेराल्ड की कहानी से उठाई गई है। ब्रैड पिट ने डेविड फ़िंचर के निर्देशन में ‘Se7en’ तथा ‘फ़ाइट क्लब’ भी की, दोनों अच्छे दोस्त हैं। इस मिश्रित रक्त (स्कॉट-आइरिश, जर्मन, वेल्स, स्वीडिश, डच, फ़्रेंच, चेरिकी) के अभिनेता की जॉर्ज क्लूनी, जुलिया रॉबर्ट, मैट डैमोन, एडवर्ड नॉर्टन से भी खूब अच्छी दोस्ती है।

world cinema history, William Bradley Pitt American actor and film producer
ब्रैड पिट की कालजयी फिल्मों का इतिहास - फोटो : Pixabay

2004 में बड़े बजट की पीरियड फ़िल्म ‘ट्रॉय’ आई जिसमें ब्रैड पिट ने एचिलिस की भूमिका की और शूटिंग के दौरान अपनी एड़ी की (एचिलस हील) मोच से परेशान रहे। होमर के काव्य ‘इलियड’ पर आधारित है, इस कहानी को खूब परिवर्तित किया गया है। कंप्यूटर की सहायता से दृश्य फ़िल्माए गए हैं। यह फ़िल्म ब्रैड पिट को एक्शन हीरो के रूप में स्थापित करती है।

एंजेलीना जोली से रहा है संबंध

ठीक इसके अगले साल आई ‘मिस्टर एंड मिसेज स्मिथ’ और इसी फ़िल्म की शूटिंग के दौरान पिट का खूबसूरत एंजेलीना जोली से रोमांस शुरू हुआ मगर दोनों ने लंबे समय के बाद 2014 में शादी की। इसके पहले जेनिफर एनिस्टन उनकी पत्नी थी जिससे साल 2000 में ऐसी धूमधाम से शादी की थी, जिसके चर्चे आज भी होते हैं। 

2005 में उनका हुआ तलाक भी दोनों की शोहरत का बायस बना। अब एंजेलीना जोली से भी 2019 में तलाक हो गया है। ब्रैड पिट का मानना है कि बच्चे (होने पर) दुनिया के प्रति आपका नजरिया बदल देते हैं। पिट का कहना है कि उन्होंने जो सबसे बड़ा और सबसे स्मार्ट काम किया है, वह है- एंजेलीना के रूप में अपने बच्चों को उनकी मां देना। वह एक महान मां है और उसको लेकर पिट बहुत खुश हैं। पिट ने तीन बच्चे गोद लिए हैं और तीन उनके और एंजेलीना जोली के हैं। ब्रैड पिट सामाजिक रूप से खूब सक्रिय हैं। खूब बड़ी-बड़ी रकम दान में देते हैं। 

इस नीली आंखों वाले अभिनेता का ‘सेवन ईयर्स इन तिब्बत’ में अभिनय करने के कारण चीन ने अपने देश में प्रवेश प्रतिबंधित किया था। ब्रैड पिट की कई अन्य फ़िल्मों की भांति ‘इनग्लोरियस बास्टर्ड’ भी खूब सफ़ल रही। इस प्रतिकार/फ़ंतासी फ़िल्म में कई नामी-गिरामी अभिनेता जैसे क्रिस्टोफ़ वाल्ट्ज़, मैलेनी लौरेंट, माइकेल फ़ासबेंडर, डाइने क्रुगर आदि ने काम किया है।

प्रसिद्ध निर्देशक क्वेंटीन टैरनटीनो की ढाई घंटे से ऊपर अवधि की यह फ़िल्म नाजी अधिकृत फ़्रांस में चलती है, जहां यहूदियों का एक समूह और एक थियेटर मालिक का उद्देश्य एक ही है। 2009 की इस फ़िल्म को एक ऑस्कर और 133 अन्य पुरस्कार मिले। 

टेरेंस मलिक की 2011 की फ़िल्म ‘द ट्री ऑफ़ लाइफ़’ की भी खूब चर्चा रही। इस फिल्म की तुलना 2022 की ‘साइट एंड साउंड’ सूची में शामिल कुब्रिक की ‘2001: ए स्पेस ओडिसी’ से की जाती है। ‘कमिंग ऑफ़ एज’ कथानक पर आधारित इस फ़िल्म में परिवार का बड़ा लड़का अपने माता-पिता की विरोधाभासी शिक्षा को लेकर संघर्षरत रहता है और एक भयंकर कदम उठाता है।

फ़िल्म का पिता बच्चों पर कठोर अनुशासन करता है, जबकि मां माफ़ करने पर बल देती है। बच्चे जीवन का रहस्य, बड़ों के रहस्य से भी परिचित होते हैं। फ़िल्म के चाक्षुष दृश्य चकित करते हैं। जीवन को बहुत सूक्ष्मता से दिखाती है, यह फ़िल्म। 

तीन ऑस्कर के लिए नामांकित हुई इस फ़िल्म में निर्देशक मलिक ने अपने बचपन के टेक्सस को साकार किया है। बुक ऑफ़ जॉब की टिप्पणी से प्रारंभ होने वाली इस फ़िल्म में ब्रैड पिट को मिस्टर ओ’ब्राएन के रूप में देखना यादगार अनुभव है। ‘मनीबॉल’ तथा ‘फ़्यूरी’ उनकी कुछ और फ़िल्में हैं जिन्हें देखा जाना चाहिए।


डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed