Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   M. John Harrison Wins 2026 Booker Prize: A Literary Perspective on Age and Science Fiction

विश्व साहित्य का आकाश: बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते

Wed, 11 Nov 2026 04:50 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Wed, 11 Nov 2026 04:50 PM IST
सार

Science Fiction Literature Award: 81 वर्षीय एम. जॉन हैरिसन को उनके साइंस फिक्शन उपन्यास 'दि एंड ऑफ एवेरीथिंग' के लिए 2026 का बुकर पुरस्कार मिला है। लेखिका ने नोबेल और बुकर समितियों के फैसलों की तुलना करते हुए इसे एक अनूठी और सराहनीय उपलब्धि बताया है।

विज्ञापन
M. John Harrison Wins 2026 Booker Prize: A Literary Perspective on Age and Science Fiction
एम. जॉन हैरिसन बुकर पुरस्कार 2026 - फोटो : AI

विस्तार

The End of Everything Novel: 2026 का बुकर पुरस्कार एम. जॉन हैरिसन को प्राप्त हुआ है। यह उन्हें उनकी 13वीं किताब ‘दि एंड ऑफ एवेरीथिंग’ केलिए मिला है। उनके पांच कहानी-संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं। ये सूचना आज अखबार की सुर्खी है। इस बार के बुकर के साथ जो खबर प्रकाशित है, वह ध्यानाकर्षित करती है। असल में खबर दो कारण से चर्चा का विषय है। एक जॉन हैरिसन की उम्र 81 साल है, लिखा है, वे यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले सबसे बुजुर्ग व्यक्ति हैं। इसके पहले कैनेडा की मार्ग्ररेट एटवुड को 79 साल की उम्र में 2019 में बुकर पुरस्कार मिला था। दूसरी बात, जो रेखांकित की जा रही है, वह है, बुकर समिति ने पहली बार साइंस फिक्शन के लेखक को यह पुरस्कार दिया है।
विज्ञापन


नोबेल पुरस्कार और उम्र का इतिहास
मैं कई दशकों से नोबेल पुरस्कृत साहित्यकारों पर काम कर रही हूं, मुझे इसमें चौंकाने वाला कुछ न लगा। चौंकाने वाले काम नोबेल समिति कई बार बहुत पहले कर चुकी है। वो 80 और 80 पार के सात रचनाकारों को अब तक पुरस्कृत कर चुकी है। अगर उम्र का पैमाना 70 वर्ष माने तो अब तक 46  लेखकों को नोबेल समिति नोबेल के पदक से नवाज चुकी है। 2026 की नोबेल पुरस्कृत एन कारसन को 74 साल की उम्र में नोबेल मिला है, वे काफी समय से पार्किंसन बीमारी से जूझ रही हैं।
विज्ञापन


रही बात नए जॉनर को पुरस्कृत करने की तो वह भी नोबेल समिति पहले कर चुकी है, कई बार। आज से दस साल पहले 2016 में बॉब डिलन को नोबेल मिला था। उनके संदर्भ में ये दोनों बातें हुई थीं, जो आज एम. जॉन हैरिसन के साथ हुई हैं। बॉब डिलन 75 साल के थे और उन्हें यह गीत लिखने के लिए दिया गया था। प्रशंसा में समिति ने कहा, ‘महान अमेरिकी गीत परम्परा में नई काव्यात्मक अभिव्यक्तियों को संभव करने के लिए दिया जाता है।’ कुछ लोग उन्हें गीतकार न मानते हुए कवि सिद्ध करने पर आमदा हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाषण और गणित को साहित्य का दर्जा
बहुत पहले विंस्टन चर्चिल को 1953 में उनके भाषणों केलिए नोबेल मिला था। उनकी उम्र उस समय 78 साल थी, उन्हें यह ‘ऐतिहासिक और जीवनी संबंधी वर्णन में उनकी निपुणता के साथ-साथ उदात्त मानवीय मूल्यों की रक्षा करने में उनकी प्रभावशाली भाषण कला के लिए’ दिया गया। सो भाषण कला को समिति ने साहित्य की श्रेणी में घसीट लिया। इसके कुछ साल 1950 में गणितज्ञ, राजनेता बर्ट्रेंड आर्थर विलियम रसेल को ‘उनके विविध और महत्वपूर्ण लेखन के सम्मान में, जिसमें वे मानवीय आदर्शों और विचार की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं।’ केलिए साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया। उस समय उनकी उम्र 78 साल थी।


क्यों नहीं गणित एवं भाषण साहित्य का दर्जा पा सकते हैं, जब लिखित आलोचना न कर मौखिक आलोचना कर आलोचक बना जा सकता है, तो भाषण देकर साहित्यकार क्यों नहीं कहलाया जा सकता है? 67 साल की पत्रकार स्वेतलाना एलेक्सीविच को मौखिक इतिहास के लिए साहित्य का नोबेल पुरस्कार 2015 में दिया गया है। सारी दुनिया बदल रही है। परिवर्तन प्रकृति का नियम है, जो समय के साथ बदलता नहीं है, वह पिछड़ जाता है। मुझे लगता है, एम. जॉन हैरिसन को बुकर पुरस्कार बहुत पहले मिल जाना चाहिए था, क्योंकि वे एक प्रसिद्ध साइंस फिक्शन लेखक रहे हैं, उनकी 13 किताबें प्रकाशित हैं। उन्हें सर्वाधिक प्रभावशाली साइंस फिक्शन लेखक के रूप में सम्मान प्राप्त है। स्वयं बुकर प्राइज के चेयरपर्सन गैबी वुड ने कहा है, ‘वे वास्तव में मौलिक चिंतक हैं, लेखक जिसने अपने जॉनर को स्वरूप दिया है और जो विचारों को गंभीरता से लेता है।’


साइंस फिक्शन और हैरिसन का मौलिक चिंतन
हैरिसन का मात्र 130 पन्नों का उपन्यास ‘दि एंड ऑफ एवेरीथिंग’ निकट भविष्य की एक विनाशोत्तर दुनिया में घटित व्यंग्यात्मक डिस्टोपियन रचना है। जहां एक अस्पष्ट कारण से आपदा आती है और उसके कारण पूरी सामाजिक व्यवस्था चरमरा जाती है, साथ ही रहस्यमय, रूप बदलने वाले बाहरी जीवों का आगमन होता है। लेकिन सकारात्मक बात है, किसी तरह मानवता बची हुई है।


इसे पढ़ते हुए तमाम और डिस्टोपियन रचनाएं याद हो आती हैं। पिछले साल के नोबेल पुरस्कृत लैस्लो क्रासनाहोरकाई हताशा एवं सर्वनाश, सिस्टम के भहराने को चित्रित करने में माहिर हैं, मगर उनके यहां कोई बाहरी जीव यह आपदा नहीं लाता है। होसे सारामागो का ‘ब्लाइंडनेस’ सिस्टम के भहराने से प्रारंभ होता है, वहां भी आपदा का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन एक विचित्र बीमारी है। डोरिस लेसिंग ने साइंस फिक्शन लिखा है, मगर उनकी डिस्टोपियन रचना ‘द मेमोयर्स ऑफ ए सर्वाइवर’ में सिस्टम चरमराने का कारण मानवीय है, किसी अन्य ग्रह से आया कोई जीव नहीं है।


अन्य प्रमुख डिस्टोपियन रचनाओं से तुलना
हैरिसन को 81 में बुकर मिला है। नोबेल समिति ने 82 साल की एनी अर्नो (2022) तथा एलिस मुनरो (2013) को नोबेल दिया। 1984 में जैरोस्लाव सेफेर्त को 83 साल की उम्र मे यह मिला। 1902 में थेओडोर मोम्सेन को तो 84 साल के होने पर यह दिया गया था। और सबसे उम्र दराज नोबेल पाने वाली रचनाकार तो डोरिस लेसिंग रही हैं। उन्हें जब 2007 में यह मिला वे 87 साल की हो चुकी थीं। छ: साल बाद 2013 में वे गुजर गईं। फिलिफ रॉथ 85 साल तक इंतजार करते रहे, मगर नोबेल समिति को उनकी सुध न आई। 77 साल के हारुकी मुराकामी केलिए उनके पाठकों को अभी भी उम्मीद है, शायद उनके गुजरने से पहले नोबेल समिति उन पर कृपा करे।

कोत्जी का मार्मिक संस्मरण और मां की याद
63 साल के कोट्जी को जब यह मिला, वे प्रीति भोज के अवसर पर कहते हैं, भला मांओं केलिए नहीं, तो हम किसके लिए यह करते हैं, जो हमें नोबेल तक पहुंचाता है? पर अगर उनकी मां अब तक जीवित होती भी तो वे साढ़े 99 साल की होतीं। शायद वृद्धावस्था की स्मृतिभ्रम में होतीं। उनके आस-पास क्या चल रहा है, उन्हें कुछ पता न होता। मां की परेशानियों की भरपाई करने के लिए हमारे पुरस्कार लेकर दौड़ते हुए घर आने से पहले क्यों हमारी मांएं निन्यानवे की हों, बहुत पहले कब्र में जा चुकी हों?

बड़ी देर कर देते हैं, समिति वाले। क्या करें, एक अनार सौ बीमार की स्थिति होती है, उनके सामने। हैरिसन ने अपना कैरियर न्यू वर्ल्ड पत्रिका से प्रारंभ किया। उनकी ‘द कोर्स ऑफ द हार्ट’, ‘नोवा स्विंग’ और लाइट प्रसिद्ध हैं। माइकेल जॉन हैरिसन को बुकर पुरस्कार की बधाई!


--------

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed