फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Ramdhari Singh Dinkar purpose of men and women life same the key is to realize completeness

रामधारी सिंह दिनकर: नर और नारी, दोनों के जीवन के उद्देश्य एक हैं; सूत्र है पूर्णता का आभास करना

Tue, 18 Mar 2025 08:01 AM IST
ज्योति भास्कर रामधारी सिंह दिनकर, कवि और पूर्व राज्यसभा सदस्य
रामधारी सिंह दिनकर, कवि और पूर्व राज्यसभा सदस्य Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 18 Mar 2025 08:01 AM IST
सार

नारी केवल नर को रिझाने अथवा उसे प्रेरणा देने के लिए नहीं बनी है, बल्कि जीवन यज्ञ में उसका भी अपना हिस्सा है और वह हिस्सा घर तक ही सीमित नहीं, बल्कि बाहर भी है। 

विज्ञापन
Ramdhari Singh Dinkar purpose of men and women life same the key is to realize completeness
नर और नारी, दोनों के जीवन के उद्देश्य एक हैं - फोटो : अमर उजाला / एजेंसी

विस्तार

अर्धनारीश्वर शंकर और पार्वती का कल्पित रूप है, जिसका आधा अंग पुरुष का और आधा अंग नारी का होता है। स्पष्ट ही, यह कल्पना शिव और शक्ति के बीच पूर्ण समन्वय दिखाने को निकाली गई होगी, किंतु इसकी सारी व्याप्तियां वहीं तक नहीं रुकतीं। अर्धनारीश्वर की कल्पना में कुछ इस बात का भी संकेत है कि नर-नारी पूर्ण रूप से समान हैं एवं उनमें से एक के गुण दूसरे के दोष नहीं हो सकते। अर्थात नरों में नारियों के गुण आएं, तो इससे उनकी मर्यादा हीन नहीं होती, बल्कि उनकी पूर्णता में वृद्धि होती ही होती है। किंतु पुरुष और स्त्री में अर्धनारीश्वर का यह रूप आज कहीं भी देखने में नहीं आता।

विज्ञापन


संसार में सर्वत्र पुरुष पुरुष है और स्त्री स्त्री। नारी समझती है कि पुरुष के गुण सीखने से उसके नारीत्व में बट्टा लगेगा। इसी प्रकार पुरुष भी स्त्रियोचित गुणों को अपनाकर समाज में स्त्रैण कहलाने से घबराता है। स्त्री और पुरुष के गुणों के बीच एक प्रकार का विभाजन हो गया है तथा विभाजन की रेखा को लांघने में नर और नारी, दोनों को भय लगता है। किंतु लगता है कि गुणों का बंटवारा करते समय पुरुष ने नारी से उसकी राय नहीं पूछी, अपने मन से उसने जहां चाहा, नारी को बिठा दिया। स्वयं तो वह वृक्ष बन बैठा और नारी को लता बना दिया। स्वयं तो वह वृंत बन गया और नारी को उसने कली मान लिया। 
विज्ञापन


यदि आदिमानव और आदिमानवी आज मौजूद होते, तो ऐसी कल्पना से सबसे अधिक आश्चर्य उन्हें ही होता। हम तो साथ-साथ जन्मे थे तथा धूप और चांदनी में, वर्षा और आतप में साथ ही घूमते भी थे; बल्कि आहार-संचय को भी हम साथ ही निकलते थे और अगर कोई जानवर हम पर टूट पड़ता, तो हम एक साथ उसका सामना भी करते थे। नारी की पराधीनता तब आरंभ हुई, जब मानव जाति ने कृषि का आविष्कार किया, जिसके चलते नारी घर में और पुरुष बाहर रहने लगा। यहां से जिंदगी दो टुकड़ों में बंट गई। नर और मादा पशुओं में भी थे और पक्षियों में भी। किंतु पशुओं और पक्षियों ने अपनी मादाओं पर आर्थिक परवशता नहीं लादी। लेकिन मनुष्य की मादा पर यह पराधीनता आप से आप लद गई। और इस पराधीनता ने नर-नारी से वह सहज दृष्टि भी छीन ली, जिससे नर पक्षी अपनी मादा को या मादा अपने नर को देखती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


नारी और नर एक ही द्रव्य की ढली दो प्रतिमाएं हैं। आरंभ में दोनों बहुत कुछ समान थे। आज भी प्रत्येक नारी में कहीं न कहीं कोई एक प्रच्छन्न नर और प्रत्येक नर में कहीं न कहीं एक क्षीण नारी छिपी हुई है। किंतु सदियों से नारी अपने भीतर के नर को और नर अपने भीतर की नारी को बेतरह दबाता आ रहा है। परिणाम यह है कि आज सारा जमाना ही मर्दाना मर्द और औरताना औरत का हो उठा है। नर-नारी के प्रचलित संबंधों का मनोवैज्ञानिक प्रभाव संसार के इतिहास पर पड़ रहा है और जब तक यह संबंध नहीं सुधरते, शांति के मार्ग की सारी बाधाएं दूर नहीं होंगी। नारी केवल नर को रिझाने अथवा उसे प्रेरणा देने के लिए नहीं बनी है, बल्कि जीवन यज्ञ में उसका भी अपना हिस्सा है और वह हिस्सा घर तक ही सीमित नहीं, बाहर भी है। जिसे भी पुरुष अपना कर्मक्षेत्र मानता है, वह नारी का भी कर्मक्षेत्र है। नर और नारी, दोनों के जीवनोद्देश्य एक हैं।


सूत्र- पूर्णता का आभास करें
गांधी जी ने अपने जीवन के अंतिम दिनों में नारीत्व की भी साधना की थी। अर्धनारीश्वर केवल इसी बात का प्रतीक नहीं है कि नारी और नर जब तक अलग हैं, तब तक दोनों अधूरे हैं, बल्कि इस बात का भी कि पुरुष में नारीत्व की ज्योति जगे और प्रत्येक नारी में भी पौरुष का स्पष्ट आभास हो। प्रत्येक नर को एक हद तक नारी व प्रत्येक नारी को एक हद तक नर बनाना भी जरूरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed