फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   mehdi hassan death anniversary 13 june famous ghazal singer ghazals

मेहंदी हसन पुण्यतिथि विशेष: मोहब्बत करने वाले कम न होंगे, तिरी महफ़िल में लेकिन हम न होंगे..!

Sat, 13 Jun 2020 12:54 PM IST
Ramesh saraf रमेश सर्राफ
Updated Sat, 13 Jun 2020 12:54 PM IST
सार

  • मेहंदी हसन ने सदैव भारत-पाकिस्तान के मध्य एक सांस्कृतिक दूत की भूमिका निभाई।
  • मेहंदी हसन का जन्म 18,जुलाई 1927 को राजस्थान में झुंझुनू जिले के लूणा गांव में अजीम खां मिरासी के घर हुआ था।
  • मेहंदी हसन के पिता अजीम खान भी अच्छे कलाकार थे।

विज्ञापन
mehdi hassan death anniversary 13 june famous ghazal singer ghazals
पाकिस्तानी गजल गायक मेहंदी हसन का भारत से विशेष लगाव रहा था। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेहंदी हसन का नाम सुनते ही जहन में उनकी गाईं गजलें गूंजने लगती है। गजल और मेहंदी हसन एक दूसरे के पर्याय माने जाते रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे मेहंदी हसन तो दुनिया में आए ही गजल गाने के लिए थे। उनके निधन के साथ ही गजल गायकी की दुनिया में भी एक खालीपन सा देखा गया। 

विज्ञापन


मोहब्बत करने वाले कम न होंगे,
तेरी महफिल में लेकिन हम न होंगे।

मेहंदी हसन की गाई यह गजल अब यथार्थ बन गई है। 13 जून 2012 को पाकिस्तान के कराची शहर में पूरी दुनिया में अपने चाहने वालों को बिलखता छोड़ मेहंदी हसन इस दुनिया से दूर जा चुके हैं। अब हमें उनकी गाई सदाबहार गजलें व उनकी यादें ही याद रहेगीं। 
विज्ञापन


पाकिस्तानी गजल गायक मेहंदी हसन का भारत से विशेष लगाव रहा था। उन्हेंं जब भी भारत आने का मौका मिला वे दौड़े चले आते थे। राजस्थान में शेखावाटी की धरती उन्हें अपनी ओर खींचती रही थी। यहां की मिट्टी से उन्हे सैदव एक विशेष प्रकार का लगाव रहा था। इसी कारण पाकिस्तान में आज भी मेहदी हसन के परिवार में सब लोग शेखावाटी की मारवाड़ी भाषा में बातचीत करतें हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मेहंदी हसन ने सदैव भारत-पाकिस्तान के मध्य एक सांस्कृतिक दूत की भूमिका निभाई तथा जब-जब उन्होंंने भारत की यात्रा की तब-तब भारत-पाकिस्तान के मध्य तनाव कम हुआ व सौहार्द का वातावरण बना।

मेहंदी हसन का जन्म 18,जुलाई 1927 को राजस्थान में झुंझुनू जिले के लूणा गांव में अजीम खां मिरासी के घर हुआ था। भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के वक्त पाकिस्तान जाने से पहले उनके बचपन के 20 वर्ष गांव में ही बीते थे। मेहंदी हसन को गायन विरासत में मिला।

उनके दादा इमाम खान बड़े कलाकार थे जो उस वक्त मंडावा व लखनऊ के राज दरबार में गंधार, ध्रुपद गाते थे। मेहंदी हसन के पिता अजीम खान भी अच्छे कलाकार थे। इस कारण उस वक्त भी उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी थी। बचपन में मेहंदी हसन को गायन के साथ पहलवानी का भी शौक था। लूणा गांव में मेहंदी हसन अपने साथी नारायण सिंह व अर्जुन लाल जांगिड़ के साथ कुश्ती में दावपेंच आजमाते थे।

कारों का काफिला जब गांव की ओर बढ़ रहा था तो रास्ते में उन्होंने अपनी गाड़ी रूकवा दी...

mehdi hassan death anniversary 13 june famous ghazal singer ghazals
भारत से पाकिस्तान जाने के बाद मेहंदी हसन पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुके थे। - फोटो : अमर उजाला

मेहदी हसन कहते थे
बुलबुल ने गुल से,
गुल ने बहारों से कह दिया,
एक चौदहवीं के चांद ने तारों से कह दिया,
दुनिया किसी के प्यार में जन्नत से कम नहीं,
एक दिलरूबा है दिल में, तो हूरो से कम नहीं।

उनके गले से निकले यह शब्द हर प्यार करने वाले की आवाज बन जाते हैं।

उनकी गजलों ने जैसे लोगों के अन्दर का खालीपन पहचान कर बड़ी खूबी से उस खालीपन को भर दिया। न किसी की आंख का नूर हूं, न किसी की दिल का करार हूं। जो किसी के काम न आ सके, मैं वो एक मुश्ते-गुबार हूं।

कहते-कहते मेहंदी हसन साहब एक बड़ी बात कह जाते हैं
तन्हा-तन्हा मत सोचाकर,
मर जाएगा, मर जाएगा,
मत सोचा कर..।

उनके जाने के बाद हम कह देते हैं कि लो,अब हम नहीं सोचेंगे। पर आपने तो हमे जिन्दगी भर सोचने का सामान दे दिया।

भारत से पाकिस्तान जाने के बाद मेहंदी हसन पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुके थे। 1978 में मेहदी हसन जब अपनी भारत यात्रा पर आए तो उस समय  गजलों के एक कार्यक्रम के लिए वे राजकीय मेहमान बन कर जयपुर आए थे। तब उनकी इच्छा पर प्रशासन द्वारा उन्हें उनके पैतृक गांव झुंझुनू जिले के लूणा ले जाया गया था।

कारों का काफिला जब गांव की ओर बढ़ रहा था तो रास्ते में उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा दी। गांव में सड़़क किनारे एक टीले पर छोटा-सा मंदिर बना था, जहां वे रेत में लोटपोट होने लगे। उस समय जन्म भूमि से ऐसे मिलन का नजारा देखने वाले भी भाव विभोर हो उठे थे। ऐसा लग रहा था जैसे वे मां की गोद में लिपटकर रो रहे हों।

उन्होंने लोगों को बताया कि बचपन में यहां बैठ कर वे भजन गाया करते थे। जिन लोगों ने मेहदी हसन को नहीं देखा, वे भी उन्हें प्यार और सम्मान करते है। शायद ऐसे ही वक्त के लिए मेहदी हसन ने यह गजल गाई है-मौहब्बत करने वाले कम न होंगे, तेरी महफिल में लेकिन हम न होंगे।

मेहंदी हसन की झुंझुनू यात्राओं के दौरान उनसे जुड़े रहे नरहड़ दरगाह के पूर्व सदर मास्टर सिराजुल हसन फारूकी बताते थे कि...

mehdi hassan death anniversary 13 june famous ghazal singer ghazals
मेहदी हसन को गजल का राजा माना जाता है। - फोटो : social media

शायर अहमद फराज की गजल- रंजिश ही सही दिल ही दुखाने के लिये आ- से मेहंदी हसन को पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। उसके बाद उन्होंंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस गजल को मेहंदी हसन ने शास्त्रीय पुट देकर गाया था।

मेहदी हसन ध्रुपद,ख्याल,ठुमरी व दादरा बड़ी खूबी के साथ गाते थे। इसी कारण लता मंगेशकर कहा करती हैं कि मेहंदी हसन के गले में तो सरस्वती बसती हैं।

पत्ता-पत्ता बूटा-बूटा हाल हमारा जाने हैंं। जैसी मध्यम सुरों में ठहर-ठहर कर धीमे-धीमे गजल गाने वाले मेहंदी हसन केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश जैसी राजस्थान की प्रसिद्ध मांड को भी उतनी ही शिद्दत के साथ गाया है। उनकी राजस्थानी जुबान पर भी उर्दू जुबान जैसी पकड़ थी।

मेहदी हसन को गजल का राजा माना जाता है। उन्हें खो साहब के नाम से भी जाना जाता है। वैसे तो गजल के इस सरताज पर पाकिस्तान गर्व करता है, मगर भारत में भी उनके मुरीद कुछ कम नहीं हैं। मेहदी हसन को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

जनरल अयूब खान ने उन्हें तमगा-ए इम्तियाज, जनरल जिया उल हक ने प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस और जनरल परवेज मुशर्रफ ने हिलाल-ए- इम्तियाज पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके अलावा भारत ने 1979 में सहगल अवॉर्ड से सम्मानित किया।

मेहंदी हसन की झुंझुनू यात्राओं के दौरान उनसे जुड़े रहे नरहड़ दरगाह के पूर्व सदर मास्टर सिराजुल हसन फारूकी बताते थे कि मेहंदी हसन साहब की झुंझुनूू जिले के नरहड़ स्थित हाजिब शक्करबार शाह की दरगाह में गहरी आस्था थी।

वो जब भी भारत आए तो नरहड़ आकर जरूर जियारत करते रहें हैं। मशहूर कब्बाल दिलावर बाबू का कहना है कि यह हमारे लिए बड़े फक्र की बात है कि उन्होंंने झुंझुनू का नाम पूरी दुनिया में अमर किया। उन्होंंने गजल को पुनर्जन्म दिया। 

दुनिया में ऐसे हजारों लोग है जो उनकी वजह से गजल गायक बने। उन्होंंने गजल गायकी को एक नया मुकाम दिया। अन्तर्राष्ट्रीय गजल गायक राजकुमार रिजवी उनकी पत्नी इंद्रानी रिजवी व उनकी पुत्री मेहदी हसन साहब की विरासत को आगे बढ़ा रहें हैं। राजकुमार रिजवी मेहदी हसन के परिवार से हैं तथा दुनियाभर में अपनी कला को प्रदर्षित करते रहते हैं। 

वक्त के साथ उनके सभी साथी इस दुनिया को छोडकर जा चुके हैं। लेकिन गांव के दरख्तों, कुओं की मुंडेरों और खेतों में उनकी महक आज भी महसूस की जा सकती है। लूणा गांव की हवा में आज भी मेहदी हसन की खुशबू तैरती है मगर उसे महसूस करने वाले लोग अब नहीं रहें है।

मेहंदी हसन की मृत्यु होने की खबर सुनकर लूणा सहित पूरे देष में शोक की लहर दौड़ गई थी। मेहंदी हसन को चाहने वाले खुदा से दुआ करते रहतें हैं कि हसन साहब को जन्नत नसीब हो।


डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed