राजस्थान: सत्ता के दावों से अलग जमीन पर बदलती राजनीतिक हवा
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद हार की जिम्मेदारी संगठन पर डालने की प्रवृत्ति राजनीति में नई नहीं है। कमजोर प्रत्याशी, बूथ प्रबंधन में कमी, कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता और स्थानीय समीकरणों का गलत आकलन हार के कारण हो सकते हैं, लेकिन सवाल इससे आगे का है।
विस्तार
राजस्थान में भजनलाल शर्मा सरकार की तीसरी वर्षगांठ से ठीक पहले पंचायतीराज चुनावों में भाजपा का कमजोर प्रदर्शन पार्टी के लिए असहज करने वाला राजनीतिक संकेत है। इसे केवल स्थानीय चुनावों की हार मानकर नजरअंदाज करना आसान है, लेकिन ऐसा करना शायद आने वाले विधानसभा चुनावों के लिहाज से बड़ी भूल होगी। नगर निकाय चुनावों में भी भाजपा अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। कांग्रेस के साथ वोटों का अंतर बेहद कम रहा और कई जगह मुकाबला बराबरी का दिखाई दिया। तब सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं के प्रति जनता के समर्थन की व्याख्या अपने तरीके से की गई, लेकिन पंचायत चुनावों के नतीजों ने एक बार फिर पार्टी के दावों और जमीन पर उसकी वास्तविक राजनीतिक स्थिति के बीच अंतर को उजागर किया है।
लगातार दो स्थानीय चुनावों के संकेतों को एक साथ रखकर देखें तो तस्वीर कुछ ऐसी बनती है, जिसे भाजपा नेतृत्व सहजता से नजरअंदाज नहीं कर सकता। सत्ता में होने के बावजूद पार्टी का चुनावी प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। आखिर ऐसा क्यों? क्या सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का लाभ जनता तक उस रूप में नहीं पहुंच रहा, जैसा पार्टी मान रही है? क्या संगठन और सरकार के बीच तालमेल कमजोर हुआ है? या फिर सत्ता में आने के बाद भाजपा का स्थानीय कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से संवाद पहले जैसा नहीं रहा? इन सवालों के जवाब तलाशने का समय अब आ गया है।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद हार की जिम्मेदारी संगठन पर डालने की प्रवृत्ति राजनीति में नई नहीं है। कमजोर प्रत्याशी, बूथ प्रबंधन में कमी, कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता और स्थानीय समीकरणों का गलत आकलन हार के कारण हो सकते हैं, लेकिन सवाल इससे आगे का है। संगठन कमजोर क्यों पड़ा? कार्यकर्ताओं में वह उत्साह क्यों नहीं दिखा, जो चुनाव के समय भाजपा की ताकत हुआ करता था? जनता की नाराजगी समय रहते नेतृत्व तक क्यों नहीं पहुंची? संगठन और सरकार एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। सरकार के कामकाज का असर संगठन पर पड़ता है और संगठन की सक्रियता सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाती है। यदि कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं करा पा रहे, यदि स्थानीय नेताओं की सुनवाई नहीं हो रही और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति नाराजगी बढ़ रही है तो उसका असर चुनाव में दिखाई देना स्वाभाविक है। ऐसी स्थिति में केवल संगठन को जिम्मेदार ठहराना समस्या से बचने जैसा होगा।
सत्ता में आने के बाद राजनीतिक दलों का जनता से संवाद अक्सर कमजोर पड़ने लगता है। चुनाव के समय घर-घर पहुंचने वाले कार्यकर्ता धीरे-धीरे सरकारी कार्यक्रमों और औपचारिक गतिविधियों तक सीमित हो जाते हैं। स्थानीय समस्याओं को लेकर उनकी आवाज पहले जैसी प्रभावी नहीं रहती। कई बार कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं और जनता के बीच उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है। भाजपा की चुनावी कमजोरी के पीछे यदि ऐसी परिस्थितियां हैं तो उसे स्वीकार करने में संकोच नहीं होना चाहिए।
भजनलाल शर्मा सरकार विकास, निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर अपनी उपलब्धियां गिनाती रही है। सरकार के पास अपने काम का प्रचार करने के लिए पर्याप्त मंच और संसाधन हैं। इसके बावजूद यदि चुनावों में अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा तो यह केवल प्रचार की कमी का मामला नहीं हो सकता। कहीं न कहीं सरकार के दावों और आम लोगों के अनुभव के बीच दूरी पैदा हुई है।
राजस्थान के गांवों में मतदाता बड़े भाषणों से अधिक रोजमर्रा की समस्याओं को महत्व देता है। पेयजल, सड़क, चिकित्सा, बिजली, किसानों की परेशानियां, रोजगार, सरकारी कार्यालयों में सुनवाई और स्थानीय प्रशासन का व्यवहार उसके राजनीतिक निर्णय को प्रभावित करते हैं। प्रदेश स्तर पर कोई बड़ी योजना घोषित होना अपनी जगह है, लेकिन गांव में किसी व्यक्ति को छोटी-सी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ें तो वह सरकार के दावों से प्रभावित नहीं होगा। राजनीतिक नाराजगी हमेशा किसी बड़े फैसले से पैदा नहीं होती। कई बार छोटी-छोटी शिकायतें, लगातार उपेक्षा और स्थानीय नेतृत्व का जनता से कट जाना धीरे-धीरे असंतोष का रूप ले लेते हैं। चुनाव के समय यही असंतोष चुपचाप मतपेटी तक पहुंचता है। भाजपा को यह समझना होगा कि जनता की नाराजगी का पता केवल चुनावी सभाओं की भीड़ से नहीं चलता। भीड़ जुटना और वोट मिलना दो अलग बातें हैं।
दूसरी ओर, पंचायत चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस को निश्चित रूप से राहत दी है। विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवाने के बाद पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने और राजनीतिक जमीन बचाने की थी। इन परिणामों से उसे यह कहने का अवसर मिला है कि राजस्थान में कांग्रेस की मौजूदगी कमजोर नहीं हुई है और भाजपा को चुनौती देने की क्षमता अभी कायम है।लेकिन, कांग्रेस के लिए इन नतीजों को जीत का प्रमाण मानकर आत्ममुग्ध होना भी ठीक नहीं होगा। स्थानीय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन विधानसभा चुनावों में सत्ता वापसी की गारंटी नहीं देता। कांग्रेस को अगले दो वर्षों में अपने संगठन को मजबूत करना होगा, स्थानीय नेतृत्व को जिम्मेदारी देनी होगी और जनता के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहना होगा।
पार्टी की पुरानी कमजोरियां अभी भी उसकी राह में बाधा बन सकती हैं। नेतृत्व को लेकर खींचतान, गुटबाजी और चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता यदि जारी रहती है तो पंचायत चुनावों से मिली ऊर्जा जल्द ही समाप्त हो सकती है। कांग्रेस के सामने भाजपा की कमजोरियों का लाभ उठाने का अवसर है, लेकिन इस अवसर को राजनीतिक बढ़त में बदलने के लिए केवल बयानबाजी नहीं, लगातार मेहनत करनी होगी। जनता को यह भरोसा भी दिलाना होगा कि कांग्रेस केवल विरोध करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि शासन का एक विश्वसनीय विकल्प है।
वहीं, इन परिणामों का राजनीतिक लाभ कांग्रेस के अलावा हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को भी मिल सकता है। राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में किसान, युवा, स्थानीय असंतोष और सामाजिक समीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बेनीवाल लंबे समय से इन्हीं मुद्दों को अपनी राजनीति का आधार बनाते रहे हैं। भाजपा से नाराज मतदाताओं का एक वर्ग यदि कांग्रेस के बजाय तीसरे विकल्प की ओर जाता है, तो आरएलपी के लिए संभावनाएं बढ़ सकती हैं। पंचायत चुनावों के नतीजे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा कर सकते हैं और बेनीवाल को ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने का अवसर दे सकते हैं। हालांकि, स्थानीय चुनावों की सफलता को विधानसभा स्तर पर प्रभाव में बदलना आसान नहीं होता। इसके लिए मजबूत प्रत्याशी, व्यापक सामाजिक स्वीकार्यता और लगातार जनसंपर्क जरूरी है। बेनीवाल के लिए चुनौती केवल राजनीतिक माहौल का लाभ उठाने की नहीं, बल्कि उसे स्थायी समर्थन में बदलने की होगी।
भाजपा के लिए इन चुनावों का सबसे बड़ा संदेश यही है कि सत्ता में होने का अर्थ जनता का स्थायी समर्थन नहीं है। नगर निकाय चुनावों के बाद पंचायत चुनावों में भी कमजोर प्रदर्शन यह बताता है कि पार्टी को अपनी राजनीतिक कार्यशैली पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। केवल समीक्षा बैठकें, संगठनात्मक फेरबदल और हार के कारणों की सूची तैयार करने से स्थिति नहीं बदलेगी। सरकार और संगठन, दोनों को जनता के बीच जाकर अपनी कमजोरियां तलाशनी होंगी। मंत्रियों, विधायकों और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में नाराजगी स्पष्ट है, वहां केवल नए चेहरे उतारना पर्याप्त नहीं होगा। स्थानीय समस्याओं का समाधान, प्रशासनिक जवाबदेही, कार्यकर्ताओं को सम्मान और जनता से नियमित संवाद जरूरी है। भाजपा के पास अभी समय है। विधानसभा चुनाव लगभग दो वर्ष दूर हैं। यह अवधि राजनीतिक सुधार के लिए पर्याप्त हो सकती है, बशर्ते पार्टी परिणामों को सामान्य हार मानकर आगे न बढ़ जाए। सत्ता अक्सर अपने आसपास प्रशंसा का ऐसा घेरा बना देती है, जिसमें असुविधाजनक सवाल सुनाई देना बंद हो जाते हैं। चुनाव उस घेरे को तोड़ते हैं और जनता का वास्तविक संदेश सामने रखते हैं।
पंचायत चुनावों ने कांग्रेस को उम्मीद दी है, हनुमान बेनीवाल को अवसर और भाजपा को चेतावनी। अभी इन परिणामों से विधानसभा चुनाव का फैसला नहीं लिखा जा सकता, लेकिन राजनीतिक हवा का रुख समझने के लिए संकेत पर्याप्त हैं। राजस्थान की राजनीति में दो वर्ष बहुत कुछ बदल सकते हैं, पर बदलाव की शुरुआत तभी होगी जब भाजपा हार के कारणों को दूसरों के खाते में डालने के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करे। जनता चुनाव के समय केवल सरकार का हिसाब नहीं करती, वह यह भी देखती है कि सत्ता में आने के बाद उसकी आवाज कितनी सुनी गई। भाजपा के लिए पंचायत चुनावों का सबसे बड़ा सबक यही है, सरकार की उपलब्धियां कागज और प्रचार में दिखाई दे सकती हैं, लेकिन राजनीतिक भरोसा जमीन पर कमाया जाता है।
--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
