फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   ishan kishan rising cricket stars from jharkhand

भारत को झारखंड की धरती से मिल गया एक और 'माही'!

Sat, 10 Dec 2022 10:10 PM IST
Vinod Patahk विनोद पाठक
Updated Sat, 10 Dec 2022 10:10 PM IST
सार

ईशान ने अपना पहला इंटरनेशनल मैच इंग्लैंड के खिलाफ 14 मार्च 2021 को खेला था। इस टी-20 मैच में उन्होंने 32 गेंदों पर 56 रन बना डाले थे। टी-20 इंटरनेशनल के अब तक 21 मैच खेलकर ईशान ने 589 रन बनाए हैं। जल्द ही ईशान को इंटरनेशनल वनडे में भी खेलने का मौका मिला।

विज्ञापन
ishan kishan rising cricket stars from jharkhand
ईशान किशन - फोटो : Twitter

विस्तार

लगता है भारत को एक और महेंद्र सिंह धोनी 'माही' मिल गया है। धोनी की ही कर्मभूमि झारखंड से आने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बांग्लादेश की धरती पर एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो संभवतः दशकों तक तोड़ा नहीं जा सकेगा। ईशान ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में मात्र 126 गेंदों पर डबल सेंचुरी लगाई और वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल का 138 गेंदों पर डबल सेंचुरी लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

विज्ञापन


यह डबल सेंचुरी ईशान के क्रिकेट करियर में एक नया मोड़ साबित होगी। ठीक इसी तरह विशाखापत्तनम में पाकिस्तान के खिलाफ 148 रनों की पारी खेलकर महेंद्र सिंह धोनी के करियर में नया मोड़ आ गया था। वह धोनी के वनडे केरियर का पांचवां मैच ही था और उम्र 24 वर्ष ही थी। कुछ-कुछ ऐसा ही ईशान किशन ने भी कर दिखाया है। बस धोनी पाकिस्तान के खिलाफ 150 रन लगाने से चूक गए थे और ईशान ने अपने वनडे कैरियर के दसवें मैच में ही 200 रन का जादुई आंकड़ा छू लिया है।
विज्ञापन


छोटे कद के 24 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान टीम इंडिया के सफलतम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श भी मानते हैं।


16 साल की उम्र में खेला फर्स्ट क्लास क्रिकेट

18 जुलाई 1998 को पटना (बिहार) में जन्मे ईशान छोटी उम्र से क्रिकेट खेलने लगे थे। वर्ष 2014 में मात्र 16 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने कदम रख दिया था। इसी साल उन्होंने झारखंड की तरफ से टी-20 मुकाबले में खेलना शुरू किया। वो टीम इंडिया की अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम के कप्तान भी रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन


इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हैं और धुआंधार बैटिंग के लिए जाने जाते हैं। जिस प्रकार धोनी लंबे शॉट और छक्के लगाने के लिए प्रसिद्ध हैं, कुछ-कुछ वही अंदाज ईशान किशन का भी है।

ईशान ने अपना पहला इंटरनेशनल मैच इंग्लैंड के खिलाफ 14 मार्च 2021 को खेला था। इस टी-20 मैच में उन्होंने 32 गेंदों पर 56 रन बना डाले थे। टी-20 इंटरनेशनल के अब तक 21 मैच खेलकर ईशान ने 589 रन बनाए हैं। जल्द ही ईशान को इंटरनेशनल वनडे में भी खेलने का मौका मिला।
 

18 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले वनडे मैच में ही ईशान ने 42 गेंदों पर 59 रन बना डाले थे। अब बांग्लादेश के खिलाफ 210 रन की पारी को मिलाकर 10 वनडे मैचों में वह अब तक 477 रन बना चुके हैं। इससे पहले उनका अधिकतम स्कोर 93 रन था, जो अक्टूबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने बनाए थे।


धोनी को मानते हैं मार्गदर्शक

वैसे तो ईशान बिहार के रहने वाले हैं, पर झारखंड से उन्होंने क्रिकेट खेलना तय किया। महेंद्र सिंह धोनी से सलाह लेते रहते हैं। वर्तमान में टीम इंडिया में यदि विकेटकीपर बल्लेबाजों की बात करें तो केएल राहुल, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक और संजू सैमसंग भी खेल रहे हैं। ऋषभ पंत और ईशान किशन करीब-करीब एक ही उम्र के हैं। ईशान किशन के मुकाबले में कोई भी विकेटकीपर बल्लेबाज अच्छे फॉर्म में नहीं है। आगामी एशिया कप और वर्ल्ड कप में ईशान का खेलना तय लग रहा है।

फिलहाल टीम इंडिया नेतृत्व के संकट से भी जूझ रही है। विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा को कप्तान बनाया गया, पर वो उस कसौटी पर खरे नहीं उतरे हैं। जिस तरह से ऋषभ पंत, केएल राहुल और शिखर धवन को कप्तानी का मौका बीसीसीआई ने दिया है, यदि एक मौका ईशान किशन को भी दिया जाए तो वह अच्छे कप्तान साबित हो सकते हैं। क्या पता भारत को झारखंड की धरती से एक और माही मिल जाए?




डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed