Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Guru Nanak Dev's Teachings: Timeless Message of Humanity, Equality and Moral Values

गुरु नानक देव की वाणी : मानवता, समानता और नैतिक जीवन का शाश्वत संदेश

सार

भारतीय संत परंपरा में गुरु नानक देव का स्थान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। वे केवल सिख धर्म के प्रवर्तक ही नहीं, बल्कि मानवता, समानता, प्रेम, सद्भाव, श्रम, सेवा और नैतिकता के महान प्रवक्ता भी थे। उन्होंने अपने समय की सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक विसंगतियों को गहराई से समझा तथा अपनी वाणी के माध्यम से उनका प्रतिरोध किया।
 

विज्ञापन
Guru Nanak Dev's Teachings: Timeless Message of Humanity, Equality and Moral Values
गुरु नानक की वाणी - फोटो : AI

विस्तार

महीप सिंह लिखते हैं- “सम्पूर्ण सिख इतिहास असंख्य बलिदानों और निरंतर संघर्षों से भरा हुआ है। उत्पीड़न और अन्याय के विरुद्ध गुरु नानक देव अपनी आवाज उठाते हैं और पाँचवें गुरु अर्जुन देव तथा नौवें गुरु तेग बहादुर मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए खुलेआम अपना बलिदान देते हैं। संसार के इतिहास में शायद ही किसी विचारधारा ने अपनी मान्यताओं और आस्थाओं के लिए इतना रक्त अर्पित किया हो।” यह कथन सिख परंपरा के उस व्यापक ऐतिहासिक और वैचारिक आधार की ओर संकेत करता है, जिसकी शुरुआत गुरु नानक देव की मानवीय चेतना और सामाजिक प्रतिरोध से होती है।

विज्ञापन


भारतीय संत परंपरा में गुरु नानक देव का स्थान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। वे केवल सिख धर्म के प्रवर्तक ही नहीं, बल्कि मानवता, समानता, प्रेम, सद्भाव, श्रम, सेवा और नैतिकता के महान प्रवक्ता भी थे। उन्होंने अपने समय की सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक विसंगतियों को गहराई से समझा तथा अपनी वाणी के माध्यम से उनका प्रतिरोध किया।
विज्ञापन


जातिगत भेदभाव, धार्मिक कट्टरता, कर्मकांड, पाखंड और सामाजिक विषमता के विरुद्ध उनका स्वर अत्यंत स्पष्ट और निर्भीक था। उनकी विशेषता यह थी कि उन्होंने धर्म को बाहरी आडंबरों और कर्मकांडों से मुक्त करके मनुष्य के आचरण, विवेक और नैतिक चेतना से जोड़ने का प्रयास किया। उनकी वाणी ऐसे समाज की कल्पना करती है, जहाँ मनुष्य की पहचान उसकी जाति, धर्म और सामाजिक प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि उसके मानवीय गुणों से निर्धारित हो।
विज्ञापन
विज्ञापन


गुरु नानक का आविर्भाव : अज्ञान के अंधकार में प्रकाश
 

गुरु नानक देव के जीवन और उनके युग की परिस्थितियों को समझने के लिए भाई गुरदास की वारें महत्त्वपूर्ण स्रोत हैं। भाई गुरदास को सिख परंपरा में 'सिखों का वेदव्यास' कहा जाता है। उन्होंने अपनी वारों में गुरु नानक के आविर्भाव और उनके युग की धार्मिक-सामाजिक परिस्थितियों का प्रभावशाली चित्रण किया है। उनकी पहली वार की प्रसिद्ध पंक्तियां हैं,


“सतिगुरु नानक प्रगटिआ मिटी धुंधु जग चानण होआ।
जिउ करि सूरज निकलिआ तारे छपे अंधेर पलोआ॥”


अर्थात् गुरु नानक के प्रकट होते ही संसार से अज्ञान और अंधकार की धुंध मिट गई तथा चारों ओर ज्ञान का प्रकाश फैल गया। जिस प्रकार सूर्य के उदय होने पर तारे विलीन हो जाते हैं और अंधकार समाप्त हो जाता है, उसी प्रकार गुरु नानक की वाणी ने तत्कालीन समाज में व्याप्त अज्ञान, रूढ़ियों और धार्मिक आडंबरों को चुनौती दी। इसी आध्यात्मिक और वैचारिक प्रकाश की स्मृति में उनका जन्मदिवस प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है।

भाई गुरदास ने तत्कालीन समाज की पतनशील परिस्थितियों का चित्रण करते हुए लिखा है कि संसार की पुकार सुनकर परमात्मा ने गुरु नानक को जगत में भेजा,

“सुणी पुकारि दातार प्रभु गुरु नानक जग माहि पठाया।”

यह पंक्ति गुरु नानक के आविर्भाव को केवल एक महापुरुष के जन्म के रूप में नहीं, बल्कि तत्कालीन सामाजिक और धार्मिक संकट के बीच एक नई चेतना के उदय के रूप में प्रस्तुत करती है।

गुरु नानक का जन्म 1469 ई. में तलवंडी (वर्तमान ननकाना साहिब, पाकिस्तान) में हुआ। उनके जीवनकाल में दिल्ली की सत्ता बहलोल लोदी, सिकंदर लोदी और इब्राहिम लोदी के शासन से होते हुए बाबर के आक्रमण और मुगल सत्ता की स्थापना तक पहुंची। यह समय राजनीतिक अस्थिरता, धार्मिक रूढ़ियों, सामाजिक विषमता और सत्ता-संघर्षों का समय था। गुरु नानक ने इन परिस्थितियों को केवल देखा ही नहीं, बल्कि अपनी वाणी में उनके प्रति गहरी संवेदना, क्षोभ और प्रतिरोध भी व्यक्त किया।

उदासियां : संवाद, अनुभव और सामाजिक चेतना की यात्राएं

गुरु नानक देव की यात्राएँ उदासियों के नाम से प्रसिद्ध हैं। इन यात्राओं के माध्यम से उन्होंने भारत और भारत से बाहर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं के साथ संवाद स्थापित किया। इन यात्राओं का उद्देश्य केवल धार्मिक उपदेश देना नहीं था, बल्कि मनुष्य को रूढ़ियों, अंधविश्वासों और संकीर्णताओं से मुक्त करके सत्य तथा विवेक के मार्ग पर प्रेरित करना था।

भाई गुरदास की वारों में सुमेरु पर्वत पर सिद्धों के साथ गुरु नानक का संवाद विशेष रूप से उल्लेखनीय है। सिद्धों ने उनसे संसार की स्थिति के बारे में पूछा। गुरु नानक ने तत्कालीन समाज की नैतिक और आध्यात्मिक स्थिति का चित्रण करते हुए बताया कि सत्य का प्रकाश मंद पड़ गया है और चारों ओर असत्य तथा पाप का अंधकार व्याप्त है।

गुरु नानक ने सिद्धों से यह प्रश्न भी किया कि संसार के दायित्वों से विमुख होकर पर्वतों में एकांत साधना करने से मानव समाज का उद्धार कैसे होगा? इस संदर्भ में भाई गुरदास लिखते हैं,

“सिध छप बैठे परबती, कोण जगत कउ पारि उतारा।
जोगी गिआन विहूणिआ, निस दिन अंग लगाइन छारा।
बाझ गुरु डुब्बा जग सारा॥”


इन पंक्तियों में गुरु नानक की सामाजिक प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई देती है। वे ऐसी साधना को अधूरा मानते हैं, जो संसार के दुःख, अन्याय और पीड़ा से मनुष्य को विमुख कर दे। उनके लिए आध्यात्मिकता का वास्तविक अर्थ जीवन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वाह करना है। इस दृष्टि से गुरु नानक की चेतना भारतीय संत परंपरा की उस धारा से जुड़ती है, जो लोकमंगल और सामाजिक परिवर्तन को आध्यात्मिक साधना का अनिवार्य अंग मानती है।

एकेश्वरवाद और धार्मिक सहिष्णुता

गुरु नानक की वाणी का केंद्रीय पक्ष एकेश्वरवाद है। उनका मूलमंत्र है,

“ੴ एक ओंकारा
सतिनामु करतापुरखु निरभउ निरवैरु ।अकालमूरति अजूनी सैभं गुर प्रसादि॥”


अर्थात् परमात्मा एक है, उसका नाम सत्य है, वह सृष्टि का रचयिता है, निर्भय है, निर्वैर है और जन्म-मरण से परे है। इस मूलमंत्र में गुरु नानक का संपूर्ण आध्यात्मिक दर्शन निहित है। वे परमात्मा को किसी एक धर्म, संप्रदाय, जाति अथवा पूजा-पद्धति की सीमा में स्वीकार नहीं करते। उनके लिए ईश्वर सर्वव्यापी है और समस्त सृष्टि में उसकी उपस्थिति है।

गुरु नानक ने धार्मिक पहचान के आधार पर मनुष्यों को बाँटने वाली मानसिकता का विरोध किया। उनकी दृष्टि में धर्म का मूल्य बाहरी पहचान से नहीं, बल्कि सत्य, करुणा और नैतिक आचरण से निर्धारित होता है। उनका संदेश है कि मनुष्य को धार्मिक संकीर्णताओं से ऊपर उठकर अपनी मानवीय पहचान को समझना चाहिए। मक्का की यात्रा से संबंधित परंपरागत प्रसंग भी ईश्वर की सर्वव्यापकता के इसी विचार को सामने लाता है।

Trending Videos

Guru Nanak Dev's Teachings: Timeless Message of Humanity, Equality and Moral Values
Inspirational Quotes of Guru Nanak Dev Ji - फोटो : AI

जातिगत भेदभाव का विरोध और सामाजिक समानता

मध्यकालीन भारतीय समाज जातिगत ऊँच-नीच और सामाजिक विषमता से ग्रस्त था। गुरु नानक ने इस व्यवस्था को चुनौती देते हुए उन लोगों के साथ खड़े होने की घोषणा की, जिन्हें समाज में निम्न समझा जाता था। उनकी प्रसिद्ध पंक्तियां हैं,

“नीचा अंदरि नीच जाति नीची हूँ अति नीच।
नानक तिन कै संगि साथि वडिआ सिउ किआ रीस॥”


वे आगे कहते हैं,

“जिथै नीच संभालियन तिथै नदरि तेरी बखसीस॥”

अर्थात् जहाँ समाज द्वारा उपेक्षित और निम्न समझे जाने वाले लोगों को सम्मान और संरक्षण मिलता है, वहीं परमात्मा की विशेष कृपा होती है।

इन पंक्तियों में गुरु नानक की सामाजिक दृष्टि का अत्यंत महत्त्वपूर्ण पक्ष दिखाई देता है। वे केवल जातिगत भेदभाव का विरोध नहीं करते, बल्कि समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के पक्ष में खड़े होकर समानता की नई नैतिक जमीन तैयार करते हैं। उनकी दृष्टि में मनुष्य की श्रेष्ठता जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, विचार और आचरण से निर्धारित होती है। आज भी जब जातिगत भेदभाव और सामाजिक विषमता विभिन्न रूपों में मौजूद हैं, तब गुरु नानक की यह वाणी सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा की प्रेरणा देती है।

श्रम की प्रतिष्ठा : भाई लालो और मलिक भागो का प्रसंग

गुरु नानक देव के जीवन-दर्शन में श्रम और ईमानदार आजीविका का विशेष महत्त्व है। उन्होंने शोषण, बेईमानी और अन्याय से अर्जित धन को अस्वीकार करते हुए श्रम की गरिमा स्थापित की। भाई लालो और मलिक भागो का प्रसंग इस संदर्भ में अत्यंत प्रसिद्ध है।

भाई लालो एक साधारण बढ़ई था, जो मेहनत और ईमानदारी से अपनी आजीविका अर्जित करता था। दूसरी ओर मलिक भागो एक धनी और प्रभावशाली व्यक्ति था। गुरु नानक ने भाई लालो के घर का सादा भोजन स्वीकार किया, जबकि मलिक भागो के भोज में सम्मिलित होने से इनकार कर दिया। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन और धन की वास्तविक पवित्रता उसके अर्जन के साधनों में निहित होती है। शोषण और दूसरों के अधिकारों का हनन करके अर्जित संपत्ति नैतिक दृष्टि से स्वीकार्य नहीं हो सकती।

गुरु नानक की वाणी में श्रम की महत्ता इस पंक्ति में अभिव्यक्त होती है,

“घालि खाइ किछु हथहु देइ।
नानक राहु पछाणहि सेइ॥”


अर्थात् जो व्यक्ति परिश्रम करके अपनी आजीविका कमाता है और उसमें से दूसरों को भी देता है, वही जीवन के सही मार्ग को पहचानता है।

सिख परंपरा में गुरु नानक के जीवन-दर्शन को तीन प्रमुख सिद्धांतों के रूप में अभिव्यक्त किया जाता है- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात् ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी और परिश्रम से आजीविका अर्जित करो तथा अपनी कमाई और संसाधनों को दूसरों के साथ बाँटो। ये तीनों सिद्धांत व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से जागरूक बनाने के साथ-साथ सामाजिक रूप से उत्तरदायी भी बनाते हैं। वर्तमान समय में भ्रष्टाचार, आर्थिक शोषण, अनैतिक प्रतिस्पर्धा और संसाधनों की असमानता के बीच इन सिद्धांतों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।

कर्मकांड और बाह्य आडंबर का विरोध

गुरु नानक देव ने धर्म के नाम पर प्रचलित पाखंड, रूढ़ियों और कर्मकांडों का विरोध किया। उनका मानना था कि धार्मिक प्रतीकों को धारण कर लेने मात्र से मनुष्य धार्मिक और पवित्र नहीं हो जाता। वास्तविक धार्मिकता मनुष्य के विचारों, व्यवहार और नैतिक आचरण में दिखाई देनी चाहिए।

उनके जीवन का जनेऊ संस्कार संबंधी प्रसंग इसी विचार को स्पष्ट करता है। परंपरागत मान्यता के अनुसार जब बालक नानक को जनेऊ पहनाने की तैयारी हुई, तब उन्होंने ऐसा जनेऊ धारण करने की इच्छा व्यक्त की, जो कभी मैला न हो, टूटे नहीं और नष्ट न हो। उन्होंने कहा,

“दइआ कपाह संतोखु सूतु जतु गंढ़ी  सतु वटु।
एहु जनेऊ जीअ का हई त पांडे घतु॥”


अर्थात् दया इसकी कपास हो, संतोष इसका सूत हो, संयम इसकी गाँठ हो और सत्य इसका धागा हो। ऐसा जनेऊ ही आत्मा का वास्तविक जनेऊ है।

इस प्रसंग के माध्यम से गुरु नानक ने धर्म को बाहरी प्रतीकों से निकालकर आंतरिक शुद्धता, नैतिकता और मानवीय मूल्यों से जोड़ दिया। उनके अनुसार धार्मिक होने का अर्थ केवल धार्मिक अनुष्ठानों का पालन करना नहीं, बल्कि अपने जीवन में सत्य, दया, संतोष और संयम को अपनाना है। आज भी जब धर्म अनेक बार बाहरी प्रदर्शन और पहचान तक सीमित होता दिखाई देता है, तब गुरु नानक की यह दृष्टि आत्मनिरीक्षण की प्रेरणा देती है।

स्त्री की गरिमा और समानता का पक्ष

गुरु नानक की वाणी में स्त्री के प्रति सम्मान और समानता की भावना भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। मध्यकालीन समाज में स्त्री को अनेक प्रकार के सामाजिक बंधनों, रूढ़ियों और हीनताबोध का सामना करना पड़ता था। गुरु नानक ने इस मानसिकता का विरोध करते हुए स्त्री की गरिमा और सामाजिक महत्त्व को स्वीकार किया। वे लिखते हैं,

“सो किउ मंदा आखीए जितु जम्महि राजान॥”

अर्थात् उस स्त्री को बुरा क्यों कहा जाए, जिसके गर्भ से राजा और महान व्यक्ति जन्म लेते हैं?

यह पंक्ति स्त्री के अस्तित्व, उसकी गरिमा और समाज में उसकी अनिवार्य भूमिका को प्रतिष्ठित करती है। गुरु नानक स्त्री को हीन समझने वाली दृष्टि का प्रतिरोध करते हैं और उसके प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार की प्रेरणा देते हैं। आज जब स्त्री-समानता, शिक्षा, स्वतंत्रता और अधिकारों की चर्चा सामाजिक विमर्श का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है, तब गुरु नानक की यह वाणी विशेष प्रासंगिक हो उठती है।

प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दृष्टि

गुरु नानक देव की वाणी में प्रकृति के प्रति गहरा सम्मान और समस्त जीव-जगत के प्रति व्यापक संवेदनशीलता दिखाई देती है। जपुजी साहिब में वे कहते हैं,

“पवणु गुरु पाणी पिता माता धरति महतु॥”

अर्थात् वायु गुरु के समान है, जल पिता के समान है और धरती महान माता के समान है।

यह पंक्ति प्रकृति को केवल मनुष्य की उपयोगिता का साधन नहीं, बल्कि उसके जीवन का आधार और पूजनीय अस्तित्व मानती है। वायु, जल और धरती के प्रति गुरु नानक की यह दृष्टि मनुष्य और प्रकृति के बीच सह-अस्तित्व, संतुलन तथा उत्तरदायित्व का संबंध स्थापित करती है। आज जब प्रदूषण, जल-संकट, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी समस्याएँ गंभीर रूप ले चुकी हैं, तब गुरु नानक का यह संदेश पर्यावरणीय चेतना के लिए महत्त्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।

समकालीन विश्व के लिए गुरु नानक की वाणी का संदेश

गुरु नानक देव की वाणी का महत्त्व केवल मध्यकालीन भारतीय समाज तक सीमित नहीं है। उसमें ऐसे सार्वकालिक जीवन-मूल्य निहित हैं, जो आज के वैश्विक समाज की समस्याओं के संदर्भ में भी मार्गदर्शन करते हैं। वर्तमान समय में धार्मिक कट्टरता, सामाजिक विभाजन, जातिगत भेदभाव, आर्थिक असमानता, भ्रष्टाचार, स्त्री-असमानता और पर्यावरण संकट जैसी चुनौतियाँ हमारे सामने हैं। इन सभी परिस्थितियों में गुरु नानक की वाणी मनुष्य को सत्य, करुणा, विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

उनका एकेश्वरवाद धार्मिक सहिष्णुता और मानवीय एकता का आधार प्रस्तुत करता है। जातिगत भेदभाव के विरुद्ध उनका चिंतन सामाजिक समानता की चेतना विकसित करता है। भाई लालो के प्रति उनका व्यवहार श्रम की प्रतिष्ठा और आर्थिक नैतिकता का आदर्श स्थापित करता है। स्त्री के सम्मान संबंधी उनका विचार लैंगिक समानता की प्रेरणा देता है तथा प्रकृति के प्रति उनकी संवेदना पर्यावरण संरक्षण का महत्त्व समझाती है।

विशेष रूप से आज के समय में गुरु नानक का यह आग्रह महत्त्वपूर्ण है कि धर्म मनुष्य को मनुष्य से जोड़ने का माध्यम बने, न कि विभाजन का आधार। धार्मिक आस्था तभी सार्थक है, जब वह मनुष्य के भीतर करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव उत्पन्न करे। उनके लिए सच्ची भक्ति का संबंध केवल व्यक्तिगत मुक्ति से नहीं, बल्कि समूचे समाज के कल्याण से भी है।

समग्रतः कहा जा सकता है कि गुरु नानक देव की वाणी भारतीय संत परंपरा की अमूल्य धरोहर होने के साथ-साथ विश्वमानवता की साझा सांस्कृतिक विरासत भी है। उन्होंने मनुष्य को उसकी वास्तविक पहचान से परिचित कराया और बताया कि मानवता, सत्य, श्रम, सेवा, समानता तथा प्रेम ही जीवन के वास्तविक मूल्य हैं।

उनकी वाणी हमें यह समझाती है कि मनुष्य की श्रेष्ठता उसके जन्म, जाति, धर्म अथवा सामाजिक प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि उसके मानवीय आचरण में निहित है। पांच सौ से अधिक वर्षों के बाद भी गुरु नानक का संदेश अपनी पूरी प्रासंगिकता के साथ हमारे सामने उपस्थित है। आज के विभाजित और तनावग्रस्त विश्व को उनकी वाणी यही दिशा देती है कि मनुष्य की सबसे बड़ी पहचान उसकी मानवता है और धर्म का सर्वोच्च उद्देश्य इसी मानवता की प्रतिष्ठा करना है।

--------------------------

नोट- लेखक डॉ. अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा काॅलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed