Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   history of india cinema understand the Changing Direction of Indian Cinema

विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: भारतीय सिनेमा का बदलता रुख

Tue, 24 Nov 2026 12:25 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Tue, 24 Nov 2026 12:25 PM IST
सार

कई फिल्म समारोह की जूरी में शामिल होने के कारण इस बीच कई ऐसी फिल्में देखने का अवसर मिला, जो हाल या ओटीटी पर कदाचित पहुंचती हैं। इन फिल्मों में एक बात रेखांकित करने वाली है, इनका अपनी जड़ों से जुड़ा होना। बॉलीवुड जड़ विहीन सिनेमा बनाता है, उसे न तो भाषा का ज्ञान है और न ही उसे भारतीय संस्कृति की कोई जानकारी है।

विज्ञापन
history of india cinema understand the Changing Direction of Indian Cinema
सिनेमा की दुनिया - फोटो : Adobe Stock

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बॉलीवुड सिनेमा बहुत संकुचित है, जबकि भारत एक बहुत विशाल, विस्तृत देश है, अत: इसका सिनेमा भी विस्तृत है।

विज्ञापन


भारत बहु भाषीय, बहु संस्कृति सम्पन्न देश है। बीते कुछ वर्षों से सिनेमा भारत के छोटे-छोटे स्थानों से निकल कर आ रहा है। युवा जागरूक हुआ है, शिक्षा, मीडिया के प्रचार-प्रसार, तकनीक की सुविधा ने दूरवर्ती प्रदेश की हलचल से देश-दुनिया को परिचित कराया है। केंद्र से दूर बनने वाले इस सिनेमा में एक ताजगी है, विविधता है और है अपनी माटी-अपनी जड़ों, अपनी परम्परा की खुशबू।

कई फिल्म समारोह की जूरी में शामिल होने के कारण इस बीच कई ऐसी फिल्में देखने का अवसर मिला, जो हाल या ओटीटी पर कदाचित पहुंचती हैं। इन फिल्मों में एक बात रेखांकित करने वाली है, इनका अपनी जड़ों से जुड़ा होना। बॉलीवुड जड़ विहीन सिनेमा बनाता है, उसे न तो भाशा का ज्ञान है और न ही उसे भारतीय संस्कृति की कोई जानकारी है। इसका वास्तविकता से कुछ लेना-देना नहीं होता है।
विज्ञापन


मगर झारखंड, असम, नागालैंड, मेगालय, मणिपुर से जो फिल्में आ रही हैं, वे अपने आसपास के परिवेश की कहानी कह रही हैं। इनमें से अधिकांश की ये फिल्में पहली फिल्म हैं, फिर भी इनकी प्रौढ़ता भारतीय फिल्म के भविष्य केलिए आश्वस्त करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


एक और बात जो ध्यातव्य है, इन स्थानों के फिल्म मेकर अपनी भाषा में फिल्म बना रहे हैं। मजे की बात है, अपनी भाषा में फिल्म बनाते हुए, ये न केवल देश वरन विदेशों में भी सराहे जा रहे हैं। न केवल सराहे जा रहे हैं, बल्कि सम्मानित हो रहे हैं।

डबिंग एवं सब टाइटिल की सुविधा के चलते आज भाषा कोई व्यवधान नहीं है। झारखंड से रवि राज मुर्मु, कोहिमा से तेजा रिओ, कर्नाटक से सुमंत भट्ट, पटना से प्रशांत रंजन, अरुणाचल से जोराम जोनाह, नागालैंड से ही विटो सुमी, असम से शिल्पिका बोर्दोलोइ और भी कई फिल्म मेकर ऐसे ही अपनी भाषा, अपनी संस्कृति को अपनी सृजनात्मकता द्वारा न केवल अपने प्रदेश से बल्कि देश से बाहर दुनिया में ले जा रहे हैं।

एक और बात जो नोटिस की जानी चाहिए, ये कम बजट में फिल्म बना रहे हैं। इसी तरह इन निर्देशकों ने प्रोफेशनल एक्टर को न लेकर गैर-पेशेवर लोगों से काम करवाया है। अत: अभिनय में एक टटकापन नजर आता है।

भोजपुरी फिल्मों की दुनिया

भोजपुरी की पहली फिल्म ‘गंगा मैया तोहे पियरी चढ़इबो’ को आज भी याद किया जाता है, और अभी भी उसके गाने बजते हैं। मगर भोजपुरी फिल्म कहते अश्लीलता, फूहड़पन की ही याद आती है। इस बीच इस विचार को चुनौती देती कुछ भोजपुरी फिल्म देखने का अवसर मिला। ‘मद्धम’ एक साइंस-क्राइम फिक्शन है। पटना के प्रशांत रंजन ने हाल में कोरोना काल में विचार एवं रिश्तों में होने वाले परिवर्तन पर एक साफ-सुथरी फिल्म ‘बोध’ बनाई है।

अरुणाचल के जोराम जोनाह स्व-शिक्षित फिल्म मेकर हैं। उन्होंने हाल में ‘नकुल गे सेब: द वे ऑफ द मिथुन’ नामक डॉक्यूमेंट्री बनाई है। इस फिल्म में एक आदमी अपना मिथुन- अर्ध-जंगली पशु खोज रहा है। खोजने के उपकरण के नाम पर उसके पास नमक और सहज बोध है।

वह अपने पूर्वजों के तरीके से उसे खोज रहा है। मगर आज वह उसे खोज रहा है, ताकि उसे बेच कर अपनी गरीबी दूर कर सके।

नागा संस्कृति से आने वाले विटो सुमी की खोज भी अपनी कहानियों की है। ‘काशो पापु’ धैर्य, बुद्धिमानी और न्याय की एक लोक कथा है। ‘बुवाई के पहले पवित्र पक्षी का इंतजार करना।’ काशो का पिता मरते समय उसे कह जाता है। बेटा पिता की बात का विश्वास करता है। सारे गांव वाले फसल बोते हैं, मगर वह लोगों की आलोचना न सुनता हुआ, पवित्र पक्षी और उसकी पुकार का इंतजार करता है। नतीजा एक हरी-भरी फसल होता है।

नागालैंड से ही युवा तेजा रिओ आते हैं और अपनी फीचर फिल्म ‘अंघ’ से कई पुरस्कार जीतते हुए, ऑस्कर के दरवाजे तक पहुंचते हैं। यह एक जटिल फिल्म है, परम्परा और आधुनिकता के टकराव की। दो पीढ़ियों की सोच के अंतर के बाजवूद पिता-पुत्र के प्रेम तथा लगाव की।

मेघालय के तिरेल रिउबेन लिग्डोह प्राचीन ज्ञान के महत्व को स्थापित करने का काम अपनी फिल्म ‘का जिन्गशेमफान्ग’ (द नॉलेज) के जरिए दर्शक तक पहुंचाते हैं। एक स्त्री बाइया अपने बीमार पति और शिशु को लेकर संघर्ष कर रही है।

अचानक उसके दरवाजे पर एक लड़की आती है, जो विरासत और विस्मृति हुए ज्ञान को साकार करते हुए जड़ी-बूटियों तथा रसोई के सामान से उसके पति को चंगा कर देती है। मगर गांव के कुछ दुष्ट लोग उस लड़की के विषय में उल्टी-सीधी बाते करते हैं तो बाइया लड़की के पक्ष में उठ खड़ी होती है।

झारखंड के रवि राज मुर्मु ने ‘इनविजिवल’ लघु फिल्म बना कर राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। मगर एक खास फिल्म एवं उसके निर्देशक की बात करना चाहूंगी। असम से आने वाली शिल्पिका बोरडोलोइ ने एक बहुत खूबसूरत लेकिन मार्मिक फिल्म बनाई है। उनके यहां विश्वास है कि यदि कोई स्त्री प्रसव के दौरान दर्दनाक मृत्यु को प्राप्त होती है तो उसकी अगली यात्रा भी बहुत कष्ट भरी होती है। उसकी आत्मा की शांति केलिए परम्परागत बैंबू डॉन्स किया जाता है।

प्रसव, मृत्यु, अगली यात्रा सब वे अपनी फिल्म ‘माउ: द स्पिरिट ड्रीम्स ऑफ चेराव’ में सांकेतिक तरीके से दिखाती हैं। फिल्म की फोटोग्राफी खासतौर पर ध्यान आकर्षित करती है।

इस तरह की फिल्म बनाने केलिए समूचा एकोसिस्टम साथ मिल कर काम करता है। ये युवा अपनी संस्कृति, परम्परा के महत्व को जान-समझ रहे हैं, उसे देश के बाहर दुनिया भर में पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच नई बयार की फिल्में तो कई और देखीं है। भारतीय अब मात्र बंबई (मुंबई) का सिनेमा नहीं है।



--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed