फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   coronavirus disaster in world and nature

हम सब प्रकृति के अपराधी हैं,  हम सब बीमार होते रहेंगे..!

Thu, 29 Apr 2021 04:25 PM IST
Sarang Upadhyay सारंग उपाध्याय
Updated Thu, 29 Apr 2021 04:25 PM IST
विज्ञापन
coronavirus disaster in world and nature
प्रकृति और मनुष्य के बीच सहअस्तित्व का बंधन डगमगा गया है। - फोटो : Pixabay
विज्ञापन

पृथ्वी, वायुभूमि तथा जल हमारे पूर्वजों से प्राप्त सम्पत्तियां नहीं हैं। वे हमारे बच्चों की धरोहरें हैं। वे जैसी हमें मिली हैं वैसी ही उन्हें भावी पीढ़ियों को सौंपना होगा।

महात्मा गांधी

इस लेख को शुरू करने से पहले कुछ सवाल साथ रख लीजिए क्योंकि इनके जवाब आपके बहुत काम आएंगे.
 

  • 24 घंटे के दिनरात के चक्र में आपका प्रकृति से कैसा नाता है?
  • क्या यह संबंध सहअस्तित्व का है या फिर विपरित?
  • कहीं आप कुदरत के लिए अजनबी तो नहीं बन गए हैं?
  • नेचर से इंट्रैक्शन का आपका तरीका क्या है?


बहरहाल,  यह लेख कोरोना पर नहीं है, क्योंकि यह महामारी अज्ञात है, जाहिर है जब तमाम दावों के बीच दुनिया में कोई नहीं जानता कि कोविड-19 मैन मेड है या प्राकृतिक? तो इस पर लिखना बेमानी है। पर यदि यह इन दोनों में से ही कोई एक है तो फिर यह महामारी मनुष्य सभ्यता के लिए प्रकृति का अंतिम अलर्ट है। इंसानियत के वजूद पर कुदरत का सबसे बड़ा अल्टीमेटम। यह वक्त सांस-सांस के हिसाब-किताब का है। सांसो की ऐसी माला भला मनुष्य ने कब जपी होगी? जो हर जगह उपलब्ध है फिर भी प्राप्त नहीं, ऐसी भयावह आपदा अकल्पनीय है।

विज्ञापन

आइए प्रकृति और मनुष्य के संबंध को याद करें। यह एक प्रार्थना है इसे दोहराएं।

  • मनुष्य और प्रकृति कभी प्रतिस्पर्धी नहीं रहे।
  • वे सहअस्तित्व के अनुगामी रहे हैं।
  • प्रतिस्पर्धा सहअस्तित्व का उल्लंघन है। जीवन प्रवाह में बाधा।
  • प्रतिस्पर्धा नियमों को तोड़ती है और संतुलन को भंग करती है।
  • प्रकृति नियमों की नियंता है।
  • वह नियमों में बंधकर नियमों में बांधती है।
  • प्रकृति ने जीवन और मनुष्य को अपने इसी स्वरूप में धारण किया है।
  • मैं हूं और आप भी रहें..!

 

एक चिट्ठी मनुष्य के नाम

एक ऐसे समय में जबकि बीमारियां उपहार स्वरूप मिल रही हैं और मृत्यु संदेहास्पद बन गई है। प्रकृति और मनुष्य के बीच सहअस्तित्व का बंधन डगमगा गया है। स्वाभाविक स्थिरता के बीच कहीं एक तोड़फोड़ हुई है। मनुष्य की बौद्धिक चेतना प्रकृति के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है। पृथ्वी पर जीवन के ज्ञात इतिहास में प्रकृति से मनुष्य का नाता क्रूर और पैशाचिक हुआ है। मनुष्य की विखंडित चेतना प्रकृति को पहचान ही नहीं रही है। सभ्यता की बिखरी और टूटी हुई जीवन प्रणाली, अस्वस्थता और बीमारियां फैला रही हैं, शारीरिक क्रम के भीतर तबाही मचा रही है। ऐसे में हमें पीढ़ियों के लिए सुंदर, सुरक्षित और हरा-भरा भविष्य रचना होगा। यह वसुंधरा स्वस्थ होगी। यहां बीमारियां ना हों, घरों से ज्यादा अस्पताल ना हों, मास्क ना हो, पीठ पर ऑक्सीजन सिलेंडर लादे घूमने वाला बचपन ना हो।

विज्ञापन
विज्ञापन

 
सुनो साथी
ऋग्वेद कहता है

हम सौ वर्ष जिएं,
प्रत्युत, आरोग्यता और बल के साथ जिएं।
हम सौ वर्ष पर्यंत, ज्ञानशक्ति का विकास करें,
सौ वर्ष तक जीवन को ज्ञान के अनुकूल विकसित करें,
सौ वर्ष तक वेद को सुनें और प्रवचन करें
और आयु भर किसी के पराधीन न रहें
(ऋग्वेद, 7/66/16)।


ऋग्वेद की तरह मेरी भी कामना है
मनुष्य की मृत्यु प्राकृतिक होना चाहिए.
जीवन की तरह ही मृत्यु का उपहार सहजता से मिलना चाहिए

 

दूूूूूसरी चिट्ठी सभ्यता केे नाम  

महामारियों से जूझती चली आ रही मनुष्य सभ्यता जितनी आधुनिक और वैज्ञानिक चेतना से ओतप्रोत आज है उतनी पहले कभी नहीं रही। क्षण में संचार, पल में प्रतिक्रिया और तत्काल परिणाम की तकनीक के बीच 21वी सदी के मुनष्य ने प्रकृति को अपने से सबसे ज्यादा दूर किया है। पहले पहाड़ों को फाड़कर मैदान, नदियों की छाती पर बांध, कैमिकल फैक्ट्रीज, कारखानों, उद्योगों से जहर निकालकर जलवायु परिवर्तन, असंतुलित निर्माण और कथित विकास से मनुष्य ने प्रकृति को चौंकाया और फिर आगे चलकर जीवनचक्र से उसे चुनौती दी। अब संकट इसका नहीं है कि कहां क्या तोड़फोड़ मचाकर निर्माण किया या किस नदी को खोदकर कंगुरे बनाए बल्कि यह जैविक चेतना में हस्तक्षेप का है।


दूर मत जाइए, दुनिया को यूट्यूब की विंडो से झांककर देखिए, असंख्य वीडियो मिल जाएंगे जो पूरी मनुष्य सभ्यता के लिए चेतावनी है।

जो नहीं खाना है वह खाया जा रहा ,
जानवरों, कीट पतंगों, सांपों पक्षियों को खाकर एक चक्र ध्वस्त किया जा रहा ,
जो नहीं पीना है खून, मूत्र, और वह सबकुछ जो जहर, पिया जा रहा,
जहां नहीं रहना,वहां रहा जा रहा,
भूख को मारकर, नींद को उड़ाकर,
रात को जागकर,
दिन में सोकर,  
घंटों बैठकर,
दिनभर ऋतुओं के विरुद्ध,
मौसम के खिलाफ
हम प्रकृति के उन्हीं नियमों को तोड़ रहे हैं
जिसके बूते उसका अपना अस्तित्व कायम है.
याद रखिए हम सब प्रकृति के अपराधी हैं
हम सब बीमार पड़ते रहेंगे


यह सबकुछ प्रकृति के उलट है। नियमों के विरुद्ध। ध्यान रखिए प्रकृति नियमों में स्थित है और जीवन उसी में समाहित।
 

गांधी जी कहते थेविश्व में एक नियमितता है। जो भी अस्तित्व में होता है उसके नियमन के लिए अपरिवर्तनशील नियम है। अन्धा नियम, किसी भी मनुष्य के व्यवहार को नियमित नहीं कर सकता।


यकीन मानिए आप प्रकृति को छेड़ेंगे तो वह आपको नहीं छोड़ेगी क्योंकि जिन नियमों से उसका अपना अस्तित्व है वह उसे तोड़ने तो क्या छूने भी नहीं देगी। पूछिए एक सवाल खुदसे खुद के लिए- "यह सबकुछ क्यों है और किसलिए है?  प्रकृति को चुनौती किसलिए और कब तक? क्या केवल मृत्यु के चक्र से बाहर आने के लिए?"  पृथ्वी पर सदा के लिए बने रहने के लिए? मृत्यु को जीतकर प्रकृति पर विजय के लिए?  यह असंभव है और तब तक संभव नहीं होगा जब तक कि प्रकृति में समाहित ना हुआ जाए।

गंभीर सवाल नेचर से इंट्रैक्शन का है। उस परिचय का है जो सहअस्तित्व का रहा। सोचिए जहां मेरे होने से आपके होने की कल्पना हो, अस्तित्व परस्पर निर्भरता से टिका हुआ हो वहां परिचय जैसा शब्द कितनी भयावह चेतावनी देता है, जिससे हम हैं उससे ही परिचय किसी भी जाति के लिए कितना घातक होगा? यह ऐसा हो कि जिस घर में रहा जाए उसी से अंजान रहकर उसे ही नष्ट करने की योजना बनाई जाए।

लाखों साल के ज्ञात इतिहास में इंसानियत को कुदरत से इतनी दूर भला किसने और कब देखा होगा? कल्पना भी नहीं की होगी? और जो थोड़ा बहुत भी नाता प्रकृति से बंधा है वह डोर कितनी कमजोर है, कितनी छिछली है उसकी बानगी बीमार मनुष्य और प्रदूषित पृथ्वी दे रही है। प्रकृति के संदर्भ में रिपोर्ट, रिसर्च, अध्ययन, खोजें, अनुसंधान तब तक बेकार है जब तक कि मनुष्य उसे अपने लिए नहीं मानता।



प्रकृति से हमारे नाते में खोट पैदा हुई है। दुनिया जानती है धोखे के संबंध दूर तक नहीं चलते।

शेष इतना ही कि..!
 

स्मृतियों में रहे
महामारियां आती हैं और चली जाती हैं
शेष केवल मृत्यु के शोक गीत और स्मृतियां साथ रहती हैं.
चिंता इस बात की नहीं कि
मनुष्य प्रकृति से दूर हो गया है
बल्कि इस बात की है
कि प्रकृति अब हमें नहीं पहचान रही...!

 


डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।


 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed