फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Adipurush shows get cancelled in Nepal controversy dialogue on sita

आदिपुरुष विवाद : माता सीता भारत की बेटी हैं या नेपाल की?

Sat, 17 Jun 2023 06:39 PM IST
Kunal Verma कुणाल वर्मा
Updated Sat, 17 Jun 2023 06:39 PM IST
सार

यह अच्छी बात है कि श्री राम और माता जानकी के प्रति उनका अगाध प्रेम है। पर इस पौराणिक और ऐतिहासिक तथ्य से भी कैसे इनकार किया जा सकता है कि भारत में बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक पुनौरा धाम भी है। यही वो पुनौरा धाम है जहां राजा जनक को हल चलाते हुए मिट्टी का घड़ा मिला। इसी में माता सीता के रूप में उन्हें पुत्री की प्राप्ति हुई।

विज्ञापन
Adipurush shows get cancelled in Nepal controversy dialogue on sita
आदिपुरुष फिल्म में एक प्रसंग के दौरान माता सीता को भारत की बेटी बताया गया है। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

माता सीता भारत की बेटी हैं। इस पौराणिक तथ्य से नेपाल इतना नाराज हो जाता है कि धमकी देने लगता है। शुक्रवार को ही रिलीज हुई फिल्म आदिपुरुष को लेकर एक बार फिर नेपाल में बवाल है। नाराजगी भी ऐसी कि नेपाल में फिल्म को रिलीज नहीं होने की धमकी तक दे डाली गई है। नेपाल की राजधानी काठमांडू के सिनेमाघरों में आदिपुरुष का प्रदर्शन रोक दिया गया है।

विज्ञापन


काठमांडू के मेयर मेयर बालेंद्र शाह ‘बलेन’ ने निर्माताओं से कहा है-

 

सीता के जन्मस्थान के बारे में गलती सुधारें तभी फिल्म को नेपाल में रिलीज करने दिया जाएगा। बता दें कि आदिपुरुष फिल्म में एक प्रसंग के दौरान माता सीता को भारत की बेटी बताया गया है।

विज्ञापन


माता सीता और नेपाल का दृष्टिकोण 

अब सवाल उठता है कि नेपाल इस तथ्य से इतना चिढ़ता क्यों है? क्यों वह माता सीता को नेपाल की बेटी बताने की जिद पर अड़ा रहता है? दरअसल हिन्दू राष्ट्र नेपाल के लोगों के रग-रग में भगवान श्री राम और माता सीता बसी हैं। नेपाल के जनकपुर में माता सीता का भव्य मंदिर भी बना है।

विज्ञापन
विज्ञापन


पौराणिक कथाओं के अनुसार-

राजा जनक के साम्राज्य को मिथिलांचल कहा गया। भारत में बिहार से सटा हुआ इलाका और नेपाल का तराई इलाका मिथिला नगरी थी। मिथिला की राजधानी जनकपुर थी। राजा जनक के नाम से ही इसका नाम जनकपुर था। राजा जनक की पुत्री होने के कारण माता सीता को जानकी के नाम से भी इसीलिए जाना जाता है।


माता सीता को वैदेही के नाम से भी जाना जाता है। पुराणों के अनुसार इक्ष्वाकुपुत्र निमि ने विदेह के सूर्यवंशी राज्य की स्थापना की, जिसकी राजधानी मिथिला थी, बाद में राजा जनक इसी वंश के प्रतापी राजा हुए, जिसके कारण जनकपुर नाम प्रसिद्ध हो गया। विदेह राजवंश से कहीं न कहीं जुड़े होने के कारण राजा जनक को विदेह नाम से भी जाना गया, इसी कारण माता सीता को वैदेही भी कहा जाता है।

वर्तमान में बिहार के दरभंगा, समस्तीपुर, मुंगेर, तिरहुत, भागलपुर, कोसी, पूर्णिया तथा झारखंड के संथाल परगना प्रमंडल और नेपाल के तराई क्षेत्र तक विदेह राज्य था। हिन्दू धर्म ग्रंथों के साथ-साथ बौद्ध और जैन धर्मों में मिथिला या विदेह राज्य का विस्तार से वर्णन है।

नेपाल के लोग इसलिए माता सीता को नेपाल की बेटी मानते हैं क्योंकि नेपाल के जनकपुर धाम में माता सीता का जानकी मंदिर है। राजा जनक से जुड़े होने के कारण उनकी धार्मिक आस्था इतनी प्रबल है कि वे माता सीता को भारत की बेटी मानने को तैयार ही नहीं होते हैं।
 

यह अच्छी बात है कि श्री राम और माता जानकी के प्रति उनका अगाध प्रेम है। पर इस पौराणिक और ऐतिहासिक तथ्य से भी कैसे इनकार किया जा सकता है कि भारत में बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक पुनौरा धाम भी है। यही वो पुनौरा धाम है जहां राजा जनक को हल चलाते हुए मिट्टी का घड़ा मिला। इसी में माता सीता के रूप में उन्हें पुत्री की प्राप्ति हुई।

 

Adipurush shows get cancelled in Nepal controversy dialogue on sita
पुनौरा धाम से पहले ही सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य जानकी मंदिर है। हर साल यहां लाखों लोग माता जानकी का आर्शीवाद लेने पहुंचते हैं। - फोटो : holydham

माता जानकी और भारत 

बिहार के सीतामढ़ी जिले के उत्तर में पुनौरा गांव है। यहां से नेपाल की दूरी तकरीबन चालीस किलोमीटर है। वृहद विष्णु पुराण में भी राजा जनक से जुड़ी बातों का विस्तार से जिक्र है। इसी में माता सीता के प्राकट्य स्थल का भी वर्णन मिलता है। इसके अनुसार माता सीता का जन्म जनकपुर से तीन योजन यानी 24 मील दूर हुआ था। 24 मील को अगर किलोमीटर में देखें तो यह 39 किलो मीटर होता है।

इस तरह से पौराणिक प्रमाणिकता के अनुसार देखें तो माता सीता का जन्म पुनौरा धाम में हुआ। दूसरा प्रमाणिक तथ्य पौराणिक कथाओं में ही मिलता है। तमाम धार्मिक ग्रंथों के अनुसार एक बार जब राजा जनक के राज्य में अकाल पड़ा था तब धर्म गुरुओं ने राजा जनक को हलेष्टि यज्ञ करने की सलाह दी थी। उन्हीं गुरुओं की सलाह पर राजा जनक ने अपने राज्य के पश्चिम में लक्ष्मणा नदी के किनारे यह यज्ञ अनुष्ठान किया। लक्ष्मणा नदी को ही आज लखनदेई नदी के नाम से जाना जाता है। इसी लखनदेई नदी के किनारे वर्तमान सीतामढ़ी बसा है।  

पाैराणिक कथाओं के अनुसार हलेष्ठी यज्ञ अनुष्ठान के दौरान राजा जनक ने हल चलाया था। इस दौरान ही राजा जनक का हल एक मिट्टी के घड़े से टकराया। हल में जो नुकीली वस्तु लगी होती है उसे स्थानीय भाषा में कहीं कहीं सीत भी कहा जाता है। सीत के कारण ही कन्या मिली, जिसे राजा जनक ने अपनी पुत्री माना और उनका नाम सीता रखा।

पुनौरा धाम से पहले ही सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य जानकी मंदिर है। हर साल यहां लाखों लोग माता जानकी का आर्शीवाद लेने पहुंचते हैं। इसी मंदिर परिसर में राजा जनक की हल चलाती प्रतिमा और सीता के बालरूप के भी दर्शन होते हैं।

Adipurush shows get cancelled in Nepal controversy dialogue on sita
नेपाल के लोगों की भावना का हमेशा से भारत भी सम्मान करता आया है। हर साल भारत से भी करोड़ों लोग जनकपुर धाम पहुंचते हैं और माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। - फोटो : सोशल मीडिया

नेपाल में माता जानकी और परंपरा

अब बात नेपाल के जनकपुर धाम स्थित मां जानकी मंदिर की। यह मंदिर 1911 में बनकर तैयार हुआ था। इस मंदिर का निर्माण टीकमगढ़ की महारानी कुमारी वृषभानु ने करवाया था। पौराणिक मान्यताओं और कथाओं के अनुसार इस स्थान पर ऋषि शुरकिशोर दास साधना करने पहुंचे थे। यहां रहने के दौरान उन्हें माता सीता की एक मूर्ति मिली थी, जो सोने की थी। उन्होंने ही इसे वहां स्थापित किया था। टीकमगढ़ की महारानी कुमारी वृषभानु एक बार वहां गई थीं। उन्हें कोई संतान नहीं थी। उन्होंने वहां पूजा अर्चना की और संतान प्राप्ति की गुहार लगाई। यहां से जाने के बाद वो मां बनीं।

वे वहां दोबारा 1895 में आईं और अपनी देख रेख में भव्य मंदिर का निर्माण शुरू करवाया। इस मंदिर को बनने में करीब 16 साल लग गए। कहा जाता है कि मंदिर के निर्माण में उस वक्त करीब नौ लाख रुपये का खर्च आया। इस कारण इस मंदिर को नौलखा मंदिर भी कहा जाता है। नेपाल के लोगों का मानना है कि राजा जनक उनके राजा थे। जनकपुर में ही माता सीता की परवरिश हुई। ऐसे में माता सीता का मायका नेपाल ही हुआ। ऐसे में माता सीता नेपाल की बेटी हुईं।
 

नेपाल के लोगों की भावना का हमेशा से भारत भी सम्मान करता आया है। हर साल भारत से भी करोड़ों लोग जनकपुर धाम पहुंचते हैं और माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब साल 2018 में नेपाल की यात्रा पर गए थे तो एयरपोर्ट से सीधे जनकपुर स्थित माता सीता के मंदिर ही गए और वहां पूजा अर्चना की।


हाल ही में नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड जब भारत की यात्रा पर आए थे तो एक बार फिर रामायण सर्किट की चर्चा ने जोर पकड़ा। रामायण सर्किट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर रामायण सर्किट परियोजनाओं के काम में तेजी लाने का ऐलान किया। प्रचंड के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि रामायण सर्किट भारत और नेपाल के रिश्तों को हिमालय पर्वत से ज्यादा ऊंचाई देगा।

दरअसल, रामायण सर्किट में जनकपुर को अयोध्या से जोड़ा जाना है। इस प्रोजेक्ट में नेपाल के दो और भारत के 15 स्थान हैं। ये वे इलाके हैं जहां भगवान श्री राम गए थे। उत्तरप्रदेश के अयोध्या से लेकर श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, बक्सर, दरभंगा, सीतामढ़ी समेत कर्नाटक का किष्किंधा, तमिलनाडु का रामेश्वरम समेत कई जिले इस प्रोजेक्ट में शामिल हैं।

ऐसे में नेपाल को इस मुद्दे पर संयम बरतना चाहिए। पौराणिक तथ्यों से छेड़छाड़ कोई नहीं कर रहा है। फिल्म आदिपुरुष में भी पैराणिक कथाओं के संदर्भ को ही लिया गया है। ऐसे में एक डायलॉग को विवाद का विषय बनाना कहीं से भी उचित नहीं है। माता सीता भारत की बेटी रहें या नेपाल की, किसी को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका आशीर्वाद सभी को मिलता रहे इसी में संतुष्टि का भाव निहितार्थ है।
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed