गृहमंत्री जी, वेतन बढ़वा दो, शादी का कार्ड लेकर आऊंगा, विधायक ने लगाई गुहार
दिल्ली में विधायकों का वेतन बढ़वाने के लिये रविवार शाम उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने पहुंचे। मनीष सिसोदिया ने राजनाथ सिंह से मांग की कि युवा विधायकों की शादी होने के बाद परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में वेतन बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलनी चाहिये।
दरअसल, दिल्ली विधान सभा के बजट सत्र के दौरान 6 अप्रैल को वेतन बढ़ाने पर चर्चा हुयी थी। बाद में छह सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया गया था। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा था कि उपमुख्यमंत्री की अगुवाई में कमेटी गृहमंत्री से मुलाकात करेगी। इसमें वेतन बढ़ाने की फाइल को मंजूर करने की मांग होगी। इसी कड़ी में रविवार को कमेटी ने गृहमंत्री से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान विधायक प्रवीण कुमार ने गृह मंत्री से कहा कि सर, तनख्वाह बढ़ा दीजिए, जल्द शादी कर लूंगा और सबसे पहले आपको निमंत्रण कार्ड देने आऊंगा। मुस्कुराते हुए राजनाथ सिंह ने भी आश्वास्त किया कि वह शादी में जरूर पहुंचेंगे। फिलहाल, वेतन बढ़ाने की फाइल से संबंधित जानकारी नहीं है। अधिकारियों से फाइल ट्रेस कराकर पुटअप कराएंगे। इसके बाद फैसला होगा।
ज्यादातर युवा विधायकों की कुछ दिन पहले शादी हुई है
वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि उनके ज्यादातर युवा विधायकों की कुछ दिन पहले शादी हुई है। करीब 52 हजार के वेतन से गुजारा कर पाना मुश्किल हो रहा है। क्षेत्रीय दफ्तरों में चाय-नाश्ता-पानी का इंतजाम भी होता है।
वहीं, दिल्ली से बाहर का होने की वजह से कुछ विधायक किराये के घरों में रह रहे हैं। उन्हें भी खर्च चलाने में दिक्कत हो रही है। पिछली बार फाइल में कुछ संशोधन थे, जिन्हें ठीक कर दिया है।अन्य राज्यों के विधायकों की सैलरी का रिकॉर्ड भी फाइल में है।
दूसरी तरफ भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने भी माना कि वेतन बढ़ना चाहिए। दिल्ली के विधायकों की सैलरी अन्य राज्यों के विधायकों से कम है। महंगाई के दौर में 50 हजार रुपए से कुछ नहीं होता। बैठक में सौरभ भारद्वाज, मनजिंदर सिंह सिरसा और संजीव झा नहीं पहुंच सके।