सराफा व्यापारियों ने बंद रखी दुकान
बाराबंकी। केंद्र सरकार द्वारा सराफा कारोबारियों पर एक फीसदी उत्पाद कर लगाने के विरोध में सराफा व्यापारियों की हड़ताल लगातार छठे दिन सोमवार को भी जारी रही। शहर व ग्रामीण इलाके के व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंदकर विरोध प्रदर्शन किया।
सराफा कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी व महामंत्री अनिल रस्तोगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने व्यापारियों पर एक प्रतिशत एक्साइज कर लगाकर हर किसी को परेशान कर दिया है। कहा इससे पूरे देश में जहां करोड़ों का व्यापार प्रभावित हो रहा है वहीं हजारों की संख्या में काम करने वाले कारीगरों का भी रोजगार चौपट हो चुका है।
व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती है और केंद्र द्वारा लगाया गया उत्पाद कर वापस नहीं लिया जाता है तब तक यह हड़ताल लगातार चलती रहेगी। व्यापारियोें ने महाशिवरात्रि के मौके पर शिवमंदिर में जाकर सरकार की सदबुद्धि के लिए पूजा अर्चना की।
साथ ही मंगलवार को सरकार की बुद्वि-शुद्धि के लिए व्यापारियों द्वारा हवन किया जाएगा। इस मौके पर सुनील त्रिवेदी,कौशल सोनी, संदीप बाथम, आशीष गुप्ता, सोनू, मनोज सोनी आदि मौजूद रहे। साथ ही जिले में जैदपुर, हैदरगढ़, देवा आदि कस्बों में सराफा हड़ताल चलती रही। जिले में चल रही हड़ताल से करीब सवा करोड़ का व्यापार प्रभावित होने की बात व्यापारियों द्वारा कही जा रही है।