Ajmer Urs: दरगाह में बरेलवी और खादिम भिड़े, नारेबाजी के बाद हुई झड़प से मची भगदड़, जानें किस बात पर हुआ विवाद
अजमेर दरगाह शरीफ़ में शांति से चल रहे उर्स के अंतिम दिन से पहले शाहजहांनी मस्जिद और अकबरी मस्जिद में बरेलवी उलेमाओं को तकरीर से रोकने के फैसले से बन गई तनाव की स्थिति। नारेबाजी के बाद शुरू झड़प शुरू हो गई।
विस्तार
अजमेर दरगाह शरीफ़ में सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती का 811वां उर्स रविवार को कुल की रस्म के बाद संपन्न हो गया और जन्नती दरवाजा भी बंद कर दिया गया। शांति से चल रहे उर्स के अंतिम दिन से पहले शनिवार आधी रात के बाद दरगाह में हुई नारेबाजी को लेकर बरेलवी और खादिम आपस में भिड़ गए। इससे अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
बरेलवी उलेमाओं को शाहजहांनी और अकबरी मस्ज़िद में तकरीर न करने देने के पत्र से विवाद
सूत्रों के मुताबिक बरेलवी उलेमाओं को शाहजहांनी मस्जिद और अकबरी मस्ज़िद में तकरीर न करने के अंजुमन कमेटी सचिव के पत्र के बाद से ही विवाद पैदा हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार रात दो बजे शाहजहांनी मस्जिद में एक ग्रुप में नारेबाजी की तो तनाव पैदा हो गया।
पुलिस ने हालात किए काबू
कुछ वीडियो में खादिम भी नारेबाजी करते दिखाई दिए हैं। इससे दरगाह में जोरदार हंगामा हुआ। नारेबाजी को लेकर बरेलवी और खादिम आपस में भिड़ गए। इसके बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया।
लाल पगड़ी वाले संदिग्ध की तलाश
अजमेर के दरगाह थाना प्रभारी अमर सिंह ने कहा है कि वीडियो के आधार पर लाल पगड़ी वाले संदिग्ध की तलाश की जा रही है। हालांकि किसी ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।